Jharkhand Assembly Election: 'इस बार JMM-कांग्रेस का सूपड़ा साफ होना तय', झारखंड में बोले PM मोदी
झारखंड में लोकतंत्र के महापर्व का आगाज आज यानि 13 नवंबर से हो रहा है। यहां दो चरणों में विधानसभा चुनाव होने हैं। पहले चरण में 43 सीटों के लिए आज मतदान हो रहा है जबकि दूसरे चरण में 38 सीटों के लिए 20 नवंबर को मतदान होगा। वहीं परिणाम 23 नवंबर को आएंगे।
- चुनाव न्यूज़
- 17 min read
उत्तराखंड: CM धामी ने जिला अधिकारियों के साथ बैठक की
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गैरसैंण में जिला अधिकारियों के साथ बैठक की।
झारखंड: ग्रामीण इलाकों से लोग बड़ी संख्या में लोगों ने मतदान किया- राजेश ठाकुर
झारखंड कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा, "पीएम नरेंद्र मोदी जहां भी गए या रोड शो किया, वहां मतदान प्रतिशत बहुत कम रहा... ग्रामीण इलाकों से लोग बड़ी संख्या में लोगों ने मतदान किया है। उससे हम ये कह सकते हैं और जो रुझान दिखाई दे रहा है हमने गांव में जो काम किया है वो वोटिंग प्रतिशत के रूप दिख रही है।"
Advertisement
चारों तरफ भाजपा-NDA मय वातावरण है- मोहन यादव
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा, "महाराष्ट्र में माहौल बना हुआ है, चारों तरफ भाजपा-NDA मय वातावरण है...भाजपा फिर से अपने गठबंधन महायुति के साथ सरकार बना रही है..."
भाजपा छात्रों और युवाओं के साथ खड़ी है- केशव प्रसाद मौर्य
अभ्यर्थियों द्वारा यूपीपीएससी को लेकर किए गए विरोध प्रदर्शन पर उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा, "बच्चों की मांगों को सरकार गंभीरता से ले रही है...भाजपा छात्रों और युवाओं के साथ खड़ी है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि छात्रों से बातचीत करके उसका उचित समाधान निकालें..."
Advertisement
सरकार अभ्यर्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है- अखिलेश यादव
अभ्यर्थियों द्वारा यूपीपीएससी को लेकर किए गए विरोध प्रदर्शन पर समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा, "प्रयागराज में जो युवा नौकरी मांगने आए उन पर ये लाठी चलवा रहे हैं। वे अपनी पढ़ाई के लिए आंदोलन कर रहे हैं सरकार उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है इस बात की उन्हें चिंता भी नहीं है। अभ्यर्थियों की मांग जायज़ है.."
मैं कह सकता हूं कि 9 की 9 सीटें भाजपा जीतेगी-भूपेंद्र सिंह चौधरी
उपचुनाव पर उत्तर प्रदेश भाजपा प्रमुख भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा, "भाजपा कार्यकर्ता आधारित जनसंगठन है और हम अपने कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर सभी 9 सीटों पर लड़ रहे हैं...NDA पूरी ताकत के साथ जनता के बीच में है...लोगों में उत्साह है और उसके आधार पर मैं कह सकता हूं कि 9 की 9 सीटें भाजपा जीतेगी..."
वे ऐसे ही बोलते हैं, उन्हें झूठ बोलने की आदत है- मल्लिकार्जुन खरगे
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा, "वे ऐसे ही बोलते हैं। उन्हें झूठ बोलने की आदत है...उन्होंने क्या 2 करोड़ नौकरी दी, एमएसपी दोगुना करने का वादा किया था लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया...वे झूठे वादे करते हैं...''
भाजपा ने देश को मजबूत करने का काम किया है- जेपी नड्डा
केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा ने कहा, "भाजपा ने देश को मजबूत करने का काम किया है। एक समय में मेक इन इंडिया का मजाक उड़ाया गया और अब यही हमारी सफलता का कारण बन रहा है। यही मेक इन इंडिया हमें आत्मनिर्भर बनाने की ओर ले जा रहा है..."
ज्वालामुखी विस्फोट के कारण बाली के लिए फ्लाइट रद्द
इंडिगो और एअर इंडिया ने इंडोनेशियाई द्वीप में ज्वालामुखी विस्फोट से उत्पन्न राख के कारण बुधवार को बाली के लिए अपनी उड़ानें रद्द कर दीं। पूर्वी नुसा तेंगारा प्रांत के एक सुदूर द्वीप में स्थित माउंट लेवोटोबी लाकी लाकी ज्वालामुखी इस महीने की शुरुआत में फटा था और इसके परिणामस्वरूप राख के बादल छा गए थे। ये बादल उड़ान संचालन के लिए खतरा बन सकते हैं और इसके परिणामस्वरूप, कई विमानन कंपनियों ने बाली के लिए अपनी सेवाएं रद्द कर दी हैं।
झारखंड में शाम 5 बजे तक 64.86% मतदान
भारत निर्वाचन आयोग के अनुसार, झारखंड (पहले चरण) में शाम 5 बजे तक 64.86% मतदान हुआ।
वायनाड में शाम 5 बजे तक 60.79% मतदान
भारतीय चुनाव आयोग के अनुसार, शाम 5 बजे तक वायनाड में 60.79% मतदान हुआ।
बुलडोजर गैराज में खड़ा होगा, अब किसी का घर नहीं टूटेगा- अखिलेश यादव
सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर कानपुर में सीसामऊ में बोलते हुए अखिलेश यादव ने योगी सरकार को निशाने पर लिया। सपा प्रमुख ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने भाजपा सरकार का प्रतीक बन चुके बुलडोजर के खिलाफ टिप्पणी की है। सरकार के खिलाफ इस फैसले के लिए मैं सुप्रीम कोर्ट को धन्यवाद देता हूं। जो लोग घर तोड़ना जानते हैं उनसे आप क्या उम्मीद कर सकते हैं? कम से कम आज उनका बुलडोजर गैराज में खड़ा होगा, अब किसी का घर नहीं टूटेगा। सरकार के खिलाफ इससे ज्यादा टिप्पणी और क्या हो सकती है। हमें कोर्ट पर पूरा भरोसा है, एक दिन हमारे विधायक रिहा होकर हमारे बीच आएंगे और वैसे ही काम करेंगे जैसे पहले करते थे।
बुलडोजर एक्शन पर SC के निर्णय का यूपी सरकार ने किया स्वागत
सुशासन की पहली शर्त होती है क़ानून का राज। इस दृष्टि से माननीय सर्वोच्च न्यायालय द्वारा आज दिया गया फ़ैसला स्वागत योग्य है। इस फ़ैसले से अपराधियों के मन में क़ानून का भय होगा। इस फ़ैसले से माफ़िया प्रवृति के तत्व यह संगठित पेशेवर अपराधियों पर लगाम कसने में आसानी होगी। क़ानून का राज सब पर लागू होता है। यद्यपि यह आदेश दिल्ली के संदर्भ में था, उत्तर प्रदेश सरकार इसमें पार्टी नहीं थी।
दिल्ली के मंगोलपुरी इलाके में युवक को मारा चाकू
दिल्ली के मंगोलपुरी इलाके में एक लड़के को ताबड़तोड़ चाकू मारे गए हैं। वारदात के बाद हमलावरों के मौके से भागने का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। घायल लड़के को नाजुक हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायल लड़के का नाम दीपक है जिसे संजय गांधी अस्पताल के पास चाकू मारे गए। पड़ोस के ही लड़कों पर चाकू मारने आरोप लगा है। आपसी झगड़े के बाद रंजिशन चाकू मारे जाने की आशंका है।
दक्षिण कोलकाता के संध्या बाजार में कई दुकानों में आग
पश्चिम बंगाल: दक्षिण कोलकाता के संध्या बाजार में कई दुकानों में आग लग गई। 6 दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं।
उपचुनाव में सभी सीटों पर भाजपा की प्रचंड बहुमत से जीत होने वाली है- जितिन प्रसाद
उत्तर प्रदेश: केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद ने कहा, "उत्तर प्रदेश उपचुनाव में सभी सीटों पर भाजपा की प्रचंड बहुमत से जीत होने वाली है। हमारे विरोधी ध्वस्त हो जाएंगे क्योंकि उन्होंने जो झूठ फैलाया था, जनता उसे देख चुकी है..."
उद्धव सत्ता के लिए बाला साहब ठाकरे के सिद्धांतों को भूल बैठे- अमित शाह
अमित शाह ने कहा कि उद्धव जी सत्ता के लिए बाला साहब ठाकरे जी के सिद्धांतों को भूल बैठे हैं। उद्धव बाबू, आप उन लोगों के साथ बैठे हो जिन्होंने... औरंगाबाद का नाम संभाजी नगर करने का विरोध किया, राम मंदिर निर्माण का विरोध किया, तीन तलाक हटाने का विरोध किया, अनुच्छेद-370 हटाने का विरोध किया, सर्जिकल स्ट्राइक का विरोध किया... आप हिंदुओं को आतंकवादी कहने वालों के साथ बैठे हो।
23 नवंबर को महा विकास अघाड़ी का सूपड़ा साफ होने वाला- अमित शाह
महाराष्ट्र: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, "23 नवंबर को महा विकास अघाड़ी का सूपड़ा साफ होने वाला...और महाराष्ट्र में महायुति की सरकार बनने वाली है..."
पूर्व कप्तान एम एस धोनी ने रांची में डाला वोट
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान एम एस धोनी अपनी पत्नी साक्षी के साथ झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए वोट डालने रांची के एक मतदान केंद्र पर पहुंचे। इस दौरान उनके साथ पत्नी साक्षी भी नजर आई।
झामुमो-कांग्रेस ने पानी, जंगल, कोयला और बालू लूटा-PM मोदी
झारखंड के देवघर में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि झामुमो-कांग्रेस ने पानी, जंगल, कोयला और बालू लूटा, अपने लोगों को सरकारी नौकरी दी, आपके बच्चों का भविष्य बर्बाद कर दिया। एससी, एसटी और ओबीसी की अधिक आबादी वाले राज्यों से कांग्रेस का सफाया हो गया, अब वह उप-जातियों को एक दूसरे के खिलाफ खड़ा कर रही है।
इस बार JMM-कांग्रेस का सूपड़ा साफ होना तय है-PM मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने झारखंड के देवघर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, "आज झारखंड में पहले चरण का मतदान हो रहा है। 'रोटी-बेटी और माटी' को बचाने का संकल्प आज हर बूथ पर दिख रहा है। भाजपा ने नारी शक्ति और नौजवानों के भविष्य के लिए जो गारंटियां दी हैं उनके प्रति भारी समर्थन दिख रहा है। हमारा ये संथाल का क्षेत्र भी इस बार नया इतिहास रचने के लिए तैयार है। संथाल में इस बार JMM-कांग्रेस का सूपड़ा साफ होना तय है।
अब तक सबसे ज़्यादा मतदान घाटशिला विधानसभा क्षेत्र
अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी नेहा अरोड़ा ने कहा, "1 बजे तक अनुमानित मतदान 46.25% है। सबसे ज़्यादा मतदान घाटशिला विधानसभा क्षेत्र में 53.87%, बहरागोड़ा में 53.86% और खरसावां में 53.68% रहा। आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन के मामले दर्ज किए गए हैं और अब तक मिली जानकारी के अनुसार भवनाथपुर में 2, जमशेदपुर में 3 मामले में FIR दर्ज की गई है..."
झारखंड में दोपहर 1 बजे तक 46.25% मतदान
झारखंड में विधानसभा चुनाव के लिए पहले चरण की वोटिंग जारी है। कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान प्रक्रिया जारी है। भारत के चुनाव आयोग के अनुसार, झारखंड (चरण-1) में दोपहर 1 बजे तक 46.25% मतदान हुआ।
सरकार बनाने में अपनी भूमिका निभाएं-कल्पना सोरेन
गांडेय विधानसभा सीट से JMM उम्मीदवार और CM हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन ने झारखंड विधानसभा चुनाव को लेकर कहा कि मेरी लोगों से अपील है कि वे अपने घरों से बाहर आएं और अपने मताधिकार का प्रयोग करें तथा सरकार बनाने में अपनी भूमिका निभाएं।
लोकतंत्र का ये पर्व हम सब मनाते रहेंगे-हेमंत सोरेन
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा, आज हम लोगों ने अपने-अपने मतदान केंद्र में जाकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मैं राज्य के हर एक नागरिक से अपील करता हूं कि इस महापर्व को और इस लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करें। जब तक ये देश रहेगा, लोकतंत्र का ये पर्व हम सब मनाते रहेंगे।
नीतीश ने गरीबों की चिंता दूर की
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, "पहले के दौर में स्थितियां भी बहुत कठिन हुआ करती थीं। अस्पताल बहुत ही कम थे, डॉक्टरों की संख्या बहुत ही कम थी, दवाईयां बहुत महंगी थी, बीमारी की जांच का कोई ठिकाना नहीं था और सरकारें सिर्फ वादों और दावों में उलझी रहती थीं। यहां बिहार में जब तक नीतीश कुमार सरकार में नहीं आए थें तब तक गरीबों की चिंता को लेकर कोई गंभीरता ही नहीं थी। गरीब के पास चुप-चाप बीमारी सहने के अलावा और कोई चारा नहीं था... "
आयुष्मान योजना से करोड़ों परिवारों को फायदा हुआ-पीएम मोदी
पीएम मोदी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा,"आयुष्मान भारत योजना से अब तक देश में 4 करोड़ से अधिक गरीब मरीजों का इलाज हो चुका है। अगर आयुष्मान भारत योजना न होती तो इनमें से ज्यादातर लोग अस्पताल में भर्ती ही नहीं हो पाते। मुझे इस बात का संतोष है कि इनके जीवन की बहुत बड़ी चिंता NDA सरकार की योजना से दूर हुई। आयुष्मान योजना से करोड़ों परिवारों को करीब 1.25 लाख करोड़ रुपये की बचत हुई है। ये 1.25 लाख करोड़ रुपया अगर सरकार ने देने की घोषणा की होती तो महीने भर हेडलाइन पर चर्चा चल रही होती कि एक योजना से देश के नागरिकों की जेब में 1.25 लाख करोड़ रुपये बचे हैं।
PM मोदी ने शारदा सिन्हा को दी श्रद्धांजलि
बिहार दौरे पर दरभंगा पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक जनसभा को संबोधित करते हुए दिवंगत शारदा सिन्हा को याद किया। उन्होंने कहा कि "मैं मिथिला की धरती की बेटी, स्वर कोकिला शारदा सिन्हा को भी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।"
रघुवर दास ने परिवार के साथ किया मतदान
ओडिशा के राज्यपाल और झारखंड के पूर्व सीएम रघुवर दास और उनकी बहू व जमशेदपुर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार पूर्णिमा दास साहू ने सपरिवार मतदान किया।
भाजपा नेता अर्जुन मुंडा ने सरायकेला-खरसावां में किया मतदान
भाजपा नेता अर्जुन मुंडा ने सरायकेला-खरसावां विधानसभा सीट पर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि मैंने राज्य को उज्जवल भविष्य की ओर ले जाने के लिए वोट किया है, मुझे उम्मीद है कि खरसावां की जनता भी इसी तरह वोट करेगी। मुझे विश्वास है कि हमारे उम्मीदवार जीतेंगे।
झारखंड में भाजपा की सरकार बनना तय- विष्णु देव साय
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा,आज झारखंड प्रदेश में पहले चरण का मतदान है और छत्तीसगढ़ में एक विधानसभा में उपचुनाव के लिए मतदान है। मैं पूरे विश्वास के साथ कह सकता हूं कि झारखंड में भी भाजपा की सरकार बन रही है और रायपुर पूर्व में भी जो हमारे(भाजपा) प्रत्याशी सुनील कुमार सोनी हैं वो जीत रहे हैं।
भाजपा उम्मीदवार भरत बोम्मई ने किया मतदान
शिगगांव विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार भरत बोम्मई ने शिगगांव उपचुनाव पर कहा, "लोगों की बहुत अच्छी प्रतिकिया मिल रही है। मैं जहां भी गया जो प्यार और स्नेह मुझे मिला, मैं उनका सदैव ऋणी रहूंगा।
मुझे उम्मीद है वायनाड प्रतिनिधि बनने का मौका देगा-प्रियंका गांधी
वायनाड लोकसभा उपचुनाव के लिए कांग्रेस उम्मीदवार प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा, मेरी उम्मीद है कि वायनाड के लोग मुझे उनके प्यार और स्नेह का बदला चुकाने और उनके लिए काम करने और उनका प्रतिनिधि बनने का मौका देंगे। मुझे उम्मीद है कि हर कोई अपने लोकतांत्रिक अधिकार का प्रयोग करेगा और मतदान करेगा।
झारखंड को विकसित और भ्रष्टाचार मुक्त बनाना है-दीपक प्रकाश
भाजपा नेता दीपक प्रकाश ने कहा,झारखंड को विकसित और भ्रष्टाचार मुक्त बनाना है, युवाओं को नौकरी और रोजगार देना है, महिलाओं को अत्याचार से बचाना है। यह आने वाली डबल इंजन सरकार का संकल्प है। बांग्लादेशी घुसपैठियों ने झारखंड को बर्बाद कर दिया है... वो भारत को कमजोर करने की साजिश करते हैं।
रांची से JMM प्रत्याशी महुआ माजी ने किया मतदान
रांची से JMM प्रत्याशी महुआ माजी ने कहा, "जनता से मैं अपील करूंगी की मुझे वोट करें। मैं चाहती हूं कि आपके शहर का विकास हो। हमें एक मौका दीजिए। मैं एक बड़े दृष्टिकोण के साथ इस शहर और राज्य के विकास में अपना योगदान देना चाहती हूं। मैं रांची में IT सेक्टर को भी लाना चाहती हूं ताकि यहां के नौजवान अपने ही शहर में रहकर यहां के विकास में योगदान दे सकें। इस राज्य को देश का नंबर वन राज्य बनाने का जो सपना हेमंत सोरेन ने जो देखा है हम उसे पूरा कर सकें।
बांग्लादेशी घुसपैठियों को चुन-चुन कर सीमा से बाहर किया जाएगा-संजय सेठ
झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने मतदान किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि झारखंड की जनता इन 5 सालों में भ्रष्टाचार से तंग आ चुकी है। भाजपा यहां दो तिहाई बहुमत से जीतेगी। क्या झारखंड कोई धर्मशाला है, शरणार्थी केंद्र है? यहां बांग्लादेश से घुसपैठिए बुलाए जा रहे हैं। भाजपा ने संकल्प लिया है कि 24 नवंबर से बांग्लादेशी घुसपैठियों को चुन-चुन कर सीमा से बाहर किया जाएगा। वोट बैंक के लिए हिंदू धर्म को गाली देना उनकी परंपरा है।
रांची विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार सीपी सिंह ने डाला वोट
रांची विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार सी.पी. सिंह ने कहा, "मैंने अपने मताधिकार का प्रयोग कर लिया है। यह अधिकार के साथ-साथ कर्तव्य भी है। हर व्यक्ति को अपने मताधिकार का प्रयोग करना चाहिए।"
एक परिवार के साम्राज्य के खिलाफ लड़ाई- अजय कुमार
जमशेदपुर पूर्वी से INDIA गठबंधन के प्रत्याशी अजय कुमार ने कहा, "जमशेदपुर की जनता का अपार प्यार मुझे मिला है। हर जगह से रिपोर्ट अच्छी आ रही है... यहां के कार्यकर्ताओं ने हमारा हौसला बढ़ाया है... 30 साल से यहां एक परिवार का साम्राज्य जारी है जिसके खिलाफ हमारी लड़ाई है और हम उस लड़ाई को लड़ते रहेंगे।"
झारखंड विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए मतदान शुरू
झारखंड विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए मतदान शुरू हो गया। इस चरण में 81 में से 43 सीटों के लिए वोट डाले जाएंगे। 10 राज्यों की 31 विधानसभा सीटों के लिए उपचुनाव के साथ-साथ केरल की वायनाड लोकसभा सीट के लिए भी मतदान शुरू हो गया है।
झारखंड में पहले चरण की वोटिंग को लेकर बोले JMM प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य- पूरा आशीर्वाद मिलेगा
JMM प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा, "पूरा आशीर्वाद मिलेगा और समर्थन की कोई कमी नहीं होगी। हमें प्यार भी मिलेगा और वोट भी मिलेंगे। वोटर हमें जानते हैं और पहचानते हैं।"
झारखंड की इन 43 सीटों पर पहले चरण की वोटिंग
झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए पहले चरण की वोटिंग आज है। ऐसे में जिन 43 सीटों पर मतदान होने हैं उनमें कोडरमा, बड़कागांव, हजारीबाग, सिमरिया, बरकट्ठा, बरही, चतरा, बहरागोड़ा, घाटशिला, जमशेदपुर पूर्व, जमशेदपुर पश्चिम, ईचागढ़, सरायकेला, चाईबासा, मझगांव, जगन्नाथपुर, पोटका, जुगसलाई, मनोहरपुर, चक्रधरपुर, खरसांवा, तमाड़, सिसई, गुमला, विशुनपुर, सिमडेगा, कोलेबिरा, लोहरदगा, मनिका, लातेहार, पांकी, डालटनगंज, विश्रामपुर, छतरपुर, हुसैनाबाद, गढ़वा, भवनाथपुर, तोरपा, खूंटी, रांची, हटिया, कांके और मांडर शामिल हैं।
सुबह 7 बजे से शुरू हो जाएगा मतदान
झारखंड में मौजूदा विधानसभा का कार्यकाल 5 जनवरी, 2025 को समाप्त हो रहा है। आज झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए पहले चरण की वोटिंग है। मतदान सुबह 7 बजे से शुरू होकर शाम 5 बजे तक चलेगा। लेकिन लगभग 950 बूथ ऐसे भी हैं जहां मतदान का समय शाम 4 बजे तक के लिए तय किया गया है।
झारखंड में पहले चरण की वोटिंग आज
झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए पहले चरण की वोटिंग आज यानि 13 नवंबर को है। आज 43 सीटों के लिए मतदान होने जा रहा है जबकि दूसरे चरण में 38 सीटों के लिए 20 नवंबर को मतदान होगा। वहीं परिणाम 23 नवंबर को आएंगे।