अपडेटेड 5 November 2024 at 21:32 IST

झारखंड में सीएम योगी की ललकार, कहा- सत्ता में आए तो यहां भी यूपी की तरह होगा माफिया राज का सफाया

चुनावी रैली को संबोधित करते CM योगी ने कहा कि JMM झारखंड में भूमि, रेत, वन, खनन, शराब माफिया को संरक्षण दे रही है। माफिया के सफाये के लिए BJP को सत्ता में लाएं।

Follow : Google News Icon  
CM-Yogi-in-Jharkhand
झारखंड में सीएम योगी की ललकार | Image: X - BJP4Jharkhand Video Grab

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेतृत्व वाले गठबंधन पर राज्य में माफियाओं को ‘संरक्षण’ देने का आरोप लगाया और लोगों से अनुरोध किया कि वे उनका ‘बुलडोजर’ से सफाया कराने के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को वोट दें। आदित्यनाथ ने दावा किया कि माफियाओं के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई उनके गृह राज्य उत्तर प्रदेश में की जा रही है।

उन्होंने कोडरमा में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘झामुमो के नेतृत्व वाला गठबंधन झारखंड में भूमि, रेत, वन, खनन और शराब जैसे क्षेत्रों में माफिया को संरक्षण दे रहा है... उत्तर प्रदेश की तरह झारखंड में भी माफिया के सफाये के लिए भाजपा को सत्ता में लाएं।’’ आदित्यनाथ को 2022 में उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों के दौरान ‘बुलडोजर बाबा’ के नाम से भी जाना जाने लगा क्योंकि उन्होंने अपने प्रचार अभियान में इस मशीन का बार-बार उल्लेख किया था। योगी सरकार ने राज्य में अपराधियों और माफियाओं की कथित अवैध संपत्ति को नष्ट करने के लिए बुलडोजर से कार्रवाई की। 

आलमगीर आलम का नाम लेकर साधा निशाना

आदित्यनाथ ने यह भी आरोप लगाया, ‘‘जिस तरह औरंगजेब ने देश की संपत्ति लूटी और मंदिरों को नष्ट किया, उसी तरह झामुमो के नेतृत्व वाले गठबंधन और आलमगीर आलम सहित उसके मंत्रियों ने झारखंड के लोगों को लूटा।’’ प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मई में आलम के निजी सचिव और कांग्रेस नेता के घरेलू सहायक को उनके फ्लैट से करोड़ों रुपये की नकदी बरामद करने के बाद गिरफ्तार किया था। उन्होंने दावा किया कि भाजपा ही ‘‘एकमात्र’’ ऐसी पार्टी है जो ‘‘देश की सुरक्षा और गौरव, महिला सशक्तिकरण और युवाओं को रोजगार की गारंटी’’ दे सकती है।

यूपी के लॉ एंड ऑर्डर का दिया हवाला

आदित्यनाथ ने झारखंड के बड़कागांव में एक अन्य रैली को संबोधित करते हुए दावा किया कि उत्तर प्रदेश में बदमाशों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के कारण ही शांति है जबकि 2017 से पहले माफिया राज था। उन्होंने कहा, ‘‘कश्मीर में पत्थरबाज थे। वे 2014 से पहले उत्तर प्रदेश में भी थे लेकिन अब नहीं हैं। उनके आका संगठित अपराध के रूप में प्रदेश की जमीन और जंगल को लूटते थे और त्योहारों के दौरान व्यवधान पैदा करते थे। वे सभी उत्तर प्रदेश छोड़कर ‘जहन्नुम’ यात्रा पर निकल गए हैं। उत्तर प्रदेश अब सुरक्षित है।’’

Advertisement

उन्होंने लोगों से एकजुट होने का आग्रह करते हुए कहा, ‘‘अगर आप अपनी ताकत दिखाएंगे, तो पत्थरबाज झाड़ू लेकर आपका रास्ता साफ करते नजर आएंगे। जाति या पंथ के नाम पर बंटे नहीं।’’ आदित्यनाथ ने झामुमो नीत गठबंधन पर ‘विनाश और भ्रष्टाचार का अग्रदूत’ होने का आरोप लगाया। 

JMM पर लगाए गंभीर आरोप

उन्होंने जमशेदपुर में एक अन्य रैली को संबोधित करते हुए यह भी आरोप लगाया कि झामुमो, झारखंड में ‘लव जिहाद और भूमि जिहाद’ में लिप्त बांग्लादेशी घुसपैठियों को प्रवेश की अनुमति दे रही है। भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि झारखंड की जनसांख्यिकी को बदलने की साजिश रची गई थी। आदित्यनाथ ने रैली में कहा, “झारखंड में झामुमो नीत गठबंधन भ्रष्टाचार और विनाश का अग्रदूत है। इस सरकार के दौरान भ्रष्टाचार चरम पर है। वे (झामुमो गठबंधन) बांग्लादेशी रोहिंग्या घुसपैठियों को प्रवेश की अनुमति दे रहे हैं, जो झारखंड में लव जिहाद और भूमि जिहाद में लिप्त हैं।”

Advertisement

'कांग्रेस ने राम मंदिर में डारी बाधा'

आदित्यनाथ ने कांग्रेस पर अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण में ‘‘बाधा उत्पन्न करने’’ का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, ‘‘राम लला अब 500 वर्षों के बाद उस मंदिर में विराजमान हैं और राम मंदिर की प्रतिष्ठा ने मथुरा और अन्य मंदिरों के लिए मार्ग प्रशस्त कर दिया है।’’ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने दावा किया कि प्रधानमंत्री मोदी ‘सबका साथ, सबका विकास’ में विश्वास करते हैं और भाजपा ‘जाति, पंथ, धर्म, भाषा या लिंग के आधार पर लोगों के साथ कभी भेदभाव नहीं करती’। योगी ने कहा कि भाजपा, देश की सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं करती है।

उन्होंने कहा कि पाकिस्तान पहले भारत को धमकाता था लेकिन अब मोदी शासन के दौरान पड़ोसी मुल्क संयुक्त राष्ट्र में दावा करता है कि भारत उसके लिए खतरा बन गया है। आदित्यनाथ ने दावा किया, “कांग्रेस शासन के दौरान भारतीय क्षेत्र में घुसने वाली चीनी सेना अब पीछे हट रही है।” उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने कश्मीर से अनुच्छेद 370 को हटा दिया।

योगी ने झारखंड में रैली को संबोधित करते हुए कहा, “आपने हरियाणा चुनाव के नतीजे देखे होंगे। भाजपा को बहुमत मिला। कांग्रेस बुरी तरह हारी। यह सब प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में विकास, सुरक्षा और सुशासन के आश्वासन के कारण संभव हुआ। मैं आपसे अपील करता हूं कि यहां तेजी से सर्वांगीण विकास के लिए ‘डबल इंजन’ वाली सरकार लाएं।” हरियाणा की 90 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा ने 48 और कांग्रेस ने 37 सीट पर जीत दर्ज की।

‘डबल इंजन’ शब्द का इस्तेमाल भाजपा नेता केंद्र और राज्य दोनों जगह पार्टी के सत्ता में रहने के लिए करते हैं। योगी, कोडरमा से भाजपा उम्मीदवार नीरा यादव और बरकट्ठा से अमित यादव के लिए प्रचार कर रहे थे। झारखंड में 81 सदस्यीय विधानसभा के लिए चुनाव 13 और 20 नवंबर को दो चरणों में होंगे, जबकि मतों की गिनती 23 नवंबर को होगी।

ये भी पढ़ें: CM योगी बोले- कांवड़ यात्रा निकालने पर लोगों ने कहा- दंगा हो जाएगा, हमने कहा- एकबार आर-पार हो ही जाए...

(Note: इस भाषा कॉपी में हेडलाइन के अलावा कोई बदलाव नहीं किया गया है)

Published By : Sagar Singh

पब्लिश्ड 5 November 2024 at 21:32 IST