भाजपा की जम्मू कश्मीर इकाई के प्रमुख रविंदर रैना नौशेरा सीट से नेशनल कांफ्रेंस उम्मीदवार से हारे

भाजपा ने जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव में 29 सीट पर जीत दर्ज की, लेकिन पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष रविंदर रैना नौशेरा सीट पर जीत दर्ज करने में विफल रहे।

Follow : Google News Icon  
ravinder raina
रविन्द्र रैना | Image: X

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव में मंगलवार को 29 सीट पर जीत दर्ज की, लेकिन पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष रविंदर रैना राजौरी जिले की नौशेरा सीट पर जीत दर्ज करने में विफल रहे।

हार के बाद रैना ने कहा कि उन्होंने ‘‘जनता के फैसले को स्वीकार कर लिया है’’।

निर्वाचन आयोग (ईसी) की वेबसाइट पर उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, रैना को 27,250 वोट मिले और वह नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) के सुरिंदर चौधरी से 7,819 मतों के अंतर से हार गए। चौधरी को 35,069 मत मिले।

रैना ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘मैंने जनता के फैसले को स्वीकार कर लिया है। मैं उनके समर्थन के लिए उनका शुक्रिया अदा करता हूं।’’

Advertisement

सैंतालीस वर्षीय रैना ने भाजपा को समर्थन देने के लिए लोगों को धन्यवाद देते हुए कहा, ‘‘भाजपा ने रिकॉर्ड 29 विधानसभा सीट पर विजय के साथ अब तक की सबसे बड़ी जीत हासिल की है। हम मतदाताओं के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त करते हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘नौशेरा निर्वाचन क्षेत्र की हार से हमें झटका लगा है। हम लोगों के फैसले को स्वीकार करते हैं, लेकिन भाजपा इस चुनाव में मिली बेहतरीन जीत से अभिभूत है। पार्टी ने जम्मू-कश्मीर में सबसे अधिक वोट शेयर भी हासिल किया है।’’

Advertisement

भाजपा नेता ने मंगलवार सुबह मतगणना शुरू होने से पहले ऐतिहासिक बावे काली माता मंदिर में पूजा-अर्चना की।

रैना पहली बार 37 साल की उम्र में नौशेरा निर्वाचन क्षेत्र से विधायक के रूप में जम्मू-कश्मीर विधानसभा पहुंचे थे। इससे पहले, वह 34 साल की उम्र में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजपा युवा विंग) के अध्यक्ष चुने गए थे और बाद में 41 साल की उम्र में भाजपा की जम्मू-कश्मीर इकाई के अध्यक्ष बने।

भाजपा ने जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव में पहली बार 29 सीट जीती हैं।

Published By :
Kanak Kumari Jha
पब्लिश्ड