अपडेटेड 23 November 2024 at 22:51 IST

'धोखेबाजों को महाराष्ट्र ने नकारा, डंके की चोट पर कहा- एक हैं तो...',PM मोदी के संबोधन की बड़ी बातें

PM मोदी ने कहा कि देश का वोटर 'नेशन फर्स्ट' की भावना के साथ है, जो 'कुर्सी फर्स्ट' का सपना देखते हैं, उन्हें देश का वोटर पसंद नहीं करता।

Follow : Google News Icon  
PM Modi Address
पीएम मोदी का संबोधन | Image: X

PM Modi on NDA Maharashtra Win: महाराष्ट्र में BJP की शानदार जीत के बाद PM मोदी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इस दौरान वह एक बार फिर 'एक हैं तो सेफ हैं' का नारा बताया। साथ ही वह चुनाव में महाविकास अघाड़ी की करारी हार के लिए कांग्रेस को घेरते नजर आए। PM मोदी ने कहा कि कांग्रेस ऐसी पार्टी जो अपने साथ सहयोगियों की भी नैया डुबोती है।

BJP हेडक्वार्टर में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने महाराष्ट्र के साथ झारखंड और अलग-अलग राज्यों में हुए उपचुनाव का भी जिक्र किया। आइए जानते हैं PM मोदी के संबोधन की 10 बड़ी बातें...

Advertisement

- PM मोदी ने कहा कि आज महाराष्ट्र में विकासवाद की जीत हुई है, महाराष्ट्र में सुशासन की जीत हुई है, महाराष्ट्र में सच्चे सामाजिक न्याय की विजय हुई है। झूठ, छल, फरेब बुरी तरह हारा है। विभाजनकारी ताकतें हारी हैं, निगेटिव पॉलिटिक्स की पराजय हुई है, आज परिवारवाद की हार हुई है।
- प्रधानमंत्री ने कहा कि मैं झारखंड की जनता को भी नमन करता हूं। झारखंड के तेज विकास के लिए हम अब और ज्यादा मेहनत से काम करेंगे। इसमें BJP का एक-एक कार्यकर्ता अपना हर प्रयास करेगा।
- उन्होंने कहा कि आज देश के अनेक राज्यों में उपचुनावों के भी नतीजे आए हैं और लोकसभा की हमारी एक सीट और बढ़ गई है। यूपी, उत्तराखंड और राजस्थान ने BJP को जमकर समर्थन दिया है। असम के लोगों ने BJP पर एक बार फिर भरोसा जताया है। मध्य प्रदेश में भी हमें सफलता मिली है। बिहार में भी एनडीए का समर्थन बढ़ा है। ये दिखाता है कि देश अब सिर्फ और सिर्फ विकास चाहता है।
- महाराष्ट्र चुनाव में महायुति की ऐतिहासिक जीत पर पीएम मोदी ने कहा कि महान व्यक्तित्व की धरती ने इस बार पुराने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए। बीते 50 साल में किसी भी पार्टी या किसी भी प्री-पोल अलायंस के लिए सबसे बड़ी जीत है। ये लगातार तीसरी बार है जब BJP के नेतृत्व में किसी गठबंधन को लगातार महाराष्ट्र ने आशीर्वाद दिया। BJP महाराष्ट्र में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। 
- अपने संबोधन में PM मोदी ने कहा कि हरियाणा के बाद महाराष्ट्र के चुनाव का भी सबसे बड़ा संदेश है- एकजुटता। एक हैं, तो सेफ हैं- ये आज देश का महामंत्र बन चुका है। कांग्रेस और उसके साथियों की साजिश को महाराष्ट्र ने सिरे से खारिज कर दिया है। महाराष्ट्र ने डंके की चोट पर कहा है- एक हैं, तो सेफ।
- महाराष्ट्र में विपक्ष की हार पर पीएम मोदी ने निशाना साधा। उन्होंने कहा कि इंडी वाले देश के बदले मिजाज को नहीं समझ पा रहे हैं। ये लोग सच्चाई को स्वीकार करना ही नहीं चाहते, ये लोग आज भी भारत के सामान्य वोटर के विवेक को कम करके आंकते हैं। देश का वोटर, 'नेशन फर्स्ट' की भावना के साथ है। जो 'कुर्सी फर्स्ट' का सपना देखते हैं, उन्हें देश का वोटर पसंद नहीं करता।
- पीएम मोदी ने अपने संबोधन में एक बार फिर अनुच्छेद 370 को लेकर बड़ी बात कही। उन्होंने कहा कि पूरे देश में अब एक ही संविधान चलेगा... वो संविधान है बाबा साहेब अंबेडकर का संविधान, भारत का संविधान। जो भी सामने या पर्दे के पीछे देश में दो संविधान की बात करेगा... उसको देश पूरी तरह से नकार देगा। मैं कांग्रेस वालों और उनके साथियों को भी कहता हूं कि कान खोलकर सुन लो... अब दुनिया की कोई भी ताकत अनुच्छेद 370 को वापस नहीं ला सकती।
- कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस अब एक परजीवी पार्टी बन चुकी है। कांग्रेस सिर्फ अपनी ही नहीं, बल्कि अपने साथियों की नाव को भी डुबा देती है। आज महाराष्ट्र में भी हमने यही देखा है।
- उन्होंने कहा कि आज कांग्रेस पार्टी की प्राथमिकता सिर्फ और सिर्फ परिवार है, देश की जनता नहीं है और जिस पार्टी की प्राथमिकता जनता ना हो, वो लोकतंत्र के लिए बहुत ही नुकसानदायी होती है। आज कांग्रेस का अर्बन नक्सलवाद भारत के सामने एक नई चुनौती बनकर खड़ा हो गया है। इन अर्बन नक्सलियों का रिमोट कंट्रोल देश के बाहर है।
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि चुनाव आएंगे-जाएंगे, लोकतंत्र में जय-पराजय चलती रहेगी, लेकिन भाजपा का, एनडीए का ध्येय सिर्फ चुनाव जीतने तक सीमित नहीं है।  उन्होंने कहा कि मैं आराम से बैठने के लिए पैदा नहीं हुआ हूं। वो दिन दूर नहीं जब भारत,  दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनेगा। हम मिलकर आगे बढ़ेंगे, एकजुट होकर आगे बढ़ेंगे और हर लक्ष्य को पाकर रहेंगे। हम एक हैं, तो सेफ हैं!

Published By : Ruchi Mehra

पब्लिश्ड 23 November 2024 at 22:51 IST