अपडेटेड 3 September 2024 at 18:32 IST
Vinesh phogat: ओलंपियन पहलवान विनेश फोगाट के राजनीति में आने की चर्चा तेज हैं। कुछ समय से चर्चा जोरों पर है कि विनेश फोगाट को कांग्रेस विधानसभा चुनाव में टिकट दे सकती है। विनेश फोगाट के राजनीतिक अखाड़े में उतरने से ब्रजभूषण शरण सिंह का विवाद भी गर्म हो सकता है। लोकसभा चुनाव में भी ये मुद्दा जोरशोर से उठा था। विनेश फोगाट को टिकट मिलेगा या नहीं कांग्रेस सीईसी की बैठक में आज ये साफ हो जाएगा।
खबर है कि कांग्रेस आलाकमान पहलवान विनेश फोगाट को हरियाणा के चरखी दादरी या जुलाना विधानसभा क्षेत्र से टिकट दे सकती है। इन दोनों सीटों पर विचार हो रहा है। आज केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में इस पर फैसला लिया जा सकता है। चरखी दादरी की चर्चा इसलिए भी अधिक है क्योंकि विनेश फोगाट चरखी दादरी के गांव बलाली की रहने वाली हैं।
हरियाणा के बलाली की रहने वाली विनेश फोगाट को पेरिस ओलंपिक में 50 किलोग्राम के फाइनल मैच के दिन अयोग्य घोषित करार दिया गया था। विनेश ओलंपिक में गोल्ड मेडल मुकाबला नहीं खेल पाई थीं और उन्हें खाली हाथ आना पड़ा था। भारत लौटने पर विनेश फोगाट के समर्थन में एक रैली निकाली गई थी। इस रैली में कांगेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा (Deepender Singh Hooda) लगातार उनके साथ थे। भूपिंदर सिंह हुड्डा ने भी विनेश फोगाट का सम्मान करने की इच्छा जताई थी। उन्होंने कहा था कि अगर हमारे पास एक भी राज्यसभा की सीट हरियाणा में होती, तो विनेश फोगाट को मौका देते। ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि कांग्रेस फोगाट को विधानसभा चुनाव में उतार सकती है।
चरखी दादरी से फिलहाल सोमबीर सांगवान निर्दलीय विधायक हैं। 2019 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी के टिकट पर चरखी दादरी सीट से विनेश फोगाट की चचेरी बहन बबिता फोगाट ने भी चुनाव लड़ा था। इस बार अगर कांग्रेस विनेश फोगाट को चरखी दादरी से टिकट देती है और बीजेपी फिर से बबिता फोगाट पर भरोसा जाती है। तो दोनों बहनें चुनावी अखाड़े में आमने-सामने हो सकती हैं। विनेश का राजनीति में झुकाव कांग्रेस की ओर रहा है और बबिता फोगाट से राजनीतिक मतभेद समय-समय पर देखने को मिलते रहे हैं।
ये भी पढ़ें: क्या जम्मू-कश्मीर में PDP और BJP के बीच होगा गठबंधन? महबूबा मुफ्ती ने साफ शब्दों में दिया जवाब
पब्लिश्ड 3 September 2024 at 17:46 IST