'हरियाणा ने राहुल के हिंदू विरोधी एजेंडे पर लट्ठ बजाया', रुझानों में BJP की बढ़त पर बोले कपिल मिश्रा
Haryana Election Result 2024:हरियाणा विधानसभा चुनाव के रिजल्ट में शुरुआती रुझानों में BJP की बढ़त के बीच कपिल मिश्रा ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की क्लास लगाई।
- चुनाव न्यूज़
- 3 min read

Haryana Election Result 2024: हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 के रिजल्ट का आज ऐलान होने वाला है। हरियाणा में जनता किसे मौका देगी ये आज तय हो जाएगा। 90 सीटों पर वोटों की गिनती आज सुबह 8 बजे से शुरू हो गई। शुरुआती रुझानों में कांग्रेस पार्टी आगे चल रही थी। हालांक बाजी तुरंत पलट गई और चुनाव आयोग की ओर से जारी आंकड़ों के हिसाब से भारतीय जनता पार्टी 49 सीटों पर बढ़त के साथ आगे बढ़ रही है। वहीं कांग्रेस को 35 सीटों पर बढ़त मिल रही है। इस बीच भारतीय जनता पार्टी के नेता कपिल मिश्रा ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर जोरदार हमला किया है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर बीजेपी नेता कपिल मिश्रा ने कहा, "एक बात साफ है मोदी से बड़ा कोई नेता नहीं। मोदी से बड़ा कोई ब्रांड नहीं। आप मोदी के खिलाफ झूठ बोलोगे तो जनता आपको हराएगी। राहुल गांधी हिंदुओं को बांट रहे थे। हरियाणा ने राहुल गांधी के हिंदू विरोधी एजेंडे पर लट्ठ बजाया है। अब महाराष्ट्र और झारखंड में भी यही होगा। जय श्री राम।"
कांग्रेस के रोने के तरीके अलग-अलग हैं: अनिल विज
वहीं अंबाला कैंट विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार अनिल विज ने भी कांग्रेस पर जकर हमला बोला। उन्होंने कहा, "हम पहले दिन से कह रहे हैं कि हरियाणा में तीसरी बार भाजपा अपने दम पर सरकार बनाएगी। कांग्रेस के रोने के अलग-अलग तरीके हैं, धीरे-धीरे ये सिलसिला बढ़ता जाएगा। सुबह कह रहे थे कि राहुल गांधी और हुड्डा साहब ने कमाल कर दिया, लेकिन अब कह रहे हैं कि चुनाव आयोग बदल गया है। ये कांग्रेस के रोने के अलग-अलग तरीके हैं।"
कांग्रेस ने ECI को की शिकायत
कांग्रेस पार्टी की ओर से जयराम रमेश ने चुनाव आयोग को शिकायत की है। इसे लेकर मीडिया से बातचीत के दौरान कांग्रेस नेता ने कहा,"हम ज्ञापन पेश करके शिकायत कर रहे हैं और हम उम्मीद करते हैं कि ECI हमारे सवालों का जवाब दे क्योंकि 11-12 राउंड के नतीजे आ चुके हैं लेकिन जो अपडेट किया गया है उसमें केवल 4 से 5 राउंड के नतीजों को दिखाया जा रहा है। ऐसा लोकसभा चुनाव में भी हुआ था। हम उम्मीद करते हैं की ECI जो एक संवैधानिक संस्था है, निष्पक्ष संस्था है वो प्रशासन पर दबाव न बनाए... हताश होने की कोई जरूरत नहीं है, निराश होने की जरूरत नहीं है। ये सब 'माइंड गेम' है। हमें जनादेश मिलने वाला है, कांग्रेस की सरकार बनने वाली है।"