अपडेटेड 27 September 2024 at 15:49 IST
'राहुल बाबा को MSP का फुल-फॉर्म पता है? कांग्रेस सरकारें झूठ बोलना बंद कर दे', हरियाणा में गरजे शाह
हरियाणा के रेवाड़ी में एक जनसभा को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कांग्रेस पर सेना का अपमान करने का आरोप लगाया।
- चुनाव न्यूज़
- 3 min read

हरियाणा विधानसभा चुनाव में अब कुछ ही दिन शेष रह गए हैं। सभी पार्टियों की ओर से प्रचार-प्रसार भी जोरों पर हैं। पूरे दम-खम के साथ चुनावी मैदान में पार्टियों के स्टार प्रचारक भी उतर गए हैं। आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी जारी है। इसी कड़ी में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शुक्रवार को चुनाव प्रचार को धार देने के लिए रेवाड़ी पहुंचे। चुनावी सभा को संबोधित करते हुए शाह ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा।
अमित शाह ने कांग्रेस पर सेना का अपमान करने का आरोप लगाते हुए कहा कि "ये कांग्रेस हमेशा सेना का अपमान करती है। यही कांग्रेस पार्टी है जिसने सेना अध्यक्ष को गुंडा कहने का दुस्साहस किया था। कांग्रेस ने कभी सेना का सम्मान नहीं किया, उन्होंने भ्रांतियां फैलाने का काम किया। अभी एक भ्रांति फैला रहे हैं कि अग्निवीर से जो बच्चे वापस आएंगे उन्हें वैसे ही छोड़ दिया जाएगा। हरियाणा का एक भी अग्निवीर पेंशन वाली नौकरी के बिना नहीं रहेगा। ये भाजपा का वादा है। भारत सरकार और हरियाणा सरकार मिलकर जितने भी अग्निवीर आएंगे सभी को पक्की पेंशन वाली सरकार नौकरी देने का निर्णय पीएम मोदी ने लिया है।"
राहुल बाबा को MSP का फुल-फॉर्म नहीं पता- शाह
रेवाड़ी में एक जनसभा को संबोधित करते हुए शाह ने कहा, "राहुल 'बाबा' को अभी किसी NGO ने पकड़ा दिया है कि MSP बोलने से वोट मिल जाएंगे। राहुल बाबा MSP का फुल-फॉर्म मालूम है क्या आपको? पूरे देश में जो कांग्रेस की सरकारें चल रही हैं वो MSP के नाम पर किसानों से झूठ बोलना बंद करें। मैं आज यहां इस मंच से सवाल पूछना चाहता हूं। भाजपा की हरियाणा सरकार MSP दामों पर 24 फसलें खरीद रही है। हरियाणा में कांग्रेस नेता एक बार बता दें देश में आपकी कौन सी सरकार 24 की 24 फसलें खरीदती है?..."
हरियाणा में भाजपा सरकार एमएसपी पर 24 फसलें खरीद रही है-शाह
शाह ने आगे कहा कि हरियाणा में भाजपा सरकार एमएसपी पर 24 फसलें खरीद रही है। हरियाणा के कांग्रेस नेता बताएं कि कौन सा कांग्रेस शासित राज्य इतनी फसलें खरीद रहा है। कर्नाटक और तेलंगाना में एमएसपी पर कितनी फसलें खरीदी जा रही हैं? उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन के दौरान धान की खरीद 1300 रुपये प्रति क्विंटल थी लेकिन अब 2300 रुपये प्रति क्विंटल पर धान खरीदा जाता है और अगर आप हरियाणा में भाजपा की सरकार चुनते हैं तो हम 3,100 रुपये (प्रति क्विंटल) पर धान खरीदेंगे। भाजपा ने हरियाणा में एक समान विकास किया है और पिछले 10 साल में भ्रष्टाचार खत्म हो गया है। बता दें कि हरियाणा में विधानसभा चुनाव के लिए पांच अक्टूबर को वोटिंग होंगी और नतीजे आठ अक्टूबर को घोषित किए जाएंगे।
Advertisement
Published By : Rupam Kumari
पब्लिश्ड 27 September 2024 at 15:49 IST