अपडेटेड 9 September 2024 at 11:47 IST

Haryana Election: कांग्रेस ने 9 और उम्मीदवारों के नाम घोषित किए, अब तक 41 कैंडिडेट्स की लिस्ट जारी

कांग्रेस ने मेवा सिंह को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के खिलाफ लाडवा से मैदान में उतारा है। कांग्रेस हरियाणा चुनाव के लिए आप के साथ सीट बंटवारे पर बात कर रही है।

Follow : Google News Icon  
Congress to hold Pratigya rallies
Haryana Election: कांग्रेस ने 9 और उम्मीदवारों के नाम घोषित किए | Image: PTI

कांग्रेस ने हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए रविवार को नौ उम्मीदवारों की सूची जारी की, जिसके अनुसार उचाना कलां से बृजेंद्र सिंह और गुरुग्राम से मोहित ग्रोवर को मैदान में उतारा गया है। इस सूची के साथ, कांग्रेस ने 90 सदस्यीय विधानसभा के लिए कुल 41 उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। बृजेंद्र सिंह और ग्रोवर के अलावा कांग्रेस ने थानेसर से अशोक अरोड़ा, गन्नौर से कुलदीप शर्मा, टोहाना से परमवीर सिंह, तोशाम से अनिरुद्ध चौधरी, महम से बलराम दांगी, नांगल चौधरी से मंजू चौधरी और बादशाहपुर से वर्धन यादव को मैदान में उतारा है।

तोशाम विधानसभा सीट पर हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत बंसीलाल के पोते और पोती के बीच टक्कर होगी। क्रिकेट प्रशासक से नेता बने अनिरुद्ध चौधरी, बंसीलाल के पोते हैं और उनका मुकाबला अपनी चचेरी बहन और पूर्व सांसद श्रुति चौधरी से होगा जो भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उम्मीदवार हैं। श्रुति चौधरी बंसीलाल के छोटे बेटे दिवंगत सुरेंद्र सिंह और भाजपा नेता किरण चौधरी की बेटी हैं, जबकि अनिरुद्ध चौधरी, रणबीर सिंह महेंद्र के बेटे हैं। महेंद्र, बंसीलाल के बड़े बेटे हैं।


कौन हैं बृजेंद्र सिंह?

बृजेन्द्र सिंह पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह के पुत्र हैं और वह पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं मौजूदा जजपा (जननायक जनता पार्टी) विधायक दुष्यंत चौटाला को जींद जिले के उचाना कलां से चुनौती देंगे। बृजेन्द्र सिंह पूर्व सांसद हैं। पार्टी की दूसरी सूची में शामिल अन्य प्रमुख चेहरों में परमवीर सिंह पूर्व मंत्री हैं, दांगी वरिष्ठ पार्टी नेता आनंद सिंह दांगी के पुत्र हैं और शर्मा पूर्व विधानसभा अध्यक्ष हैं।


पहले 31 उम्मीदवारों की लिस्ट जारी की थी फिर...

कांग्रेस ने इस चुनाव के लिए शुक्रवार को 32 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की थी जिसमें राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा को गढ़ी सांपला-किलोई, प्रदेश इकाई के प्रमुख उदयभान को होडल सीट और पहलवान विनेश फोगाट को जुलाना से उम्मीदवार बनाया गया। कांग्रेस ने पहले 31 उम्मीदवारों की सूची जारी की थी, लेकिन थोड़ी देर बाद सीईसी ने एक बयान में कहा कि पार्टी ने इसराना सीट (सुरक्षित) से बलबीर सिंह को प्रत्याशी बनाया है। सिंह इसराना सीट से मौजूदा विधायक हैं। कांग्रेस ने अपने सभी 28 विधायकों को पुन: उम्मीदवार बनाया है।

Advertisement


नायब सिंह सैनी के खिलाफ कांग्रेस ने मेवा सिंह को उतारा

कांग्रेस ने मेवा सिंह को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के खिलाफ लाडवा से मैदान में उतारा है। कांग्रेस हरियाणा चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी (आप) के साथ सीट बंटवारे पर भी बातचीत कर रही है । कुछ कांग्रेस नेताओं ने अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली पार्टी के साथ गठबंधन पर आपत्ति जताई है। हरियाणा की 90 विधानसभा सीट पर एक चरण में पांच अक्टूबर को मतदान होगा और मतों की गिनती आठ अक्टूबर को होगी।

यह भी पढ़ेंः विनेश ने राजनीति में मारी एंट्री तो महावीर फोगाट बोले- यही करना था तो...
 

Published By : Ravindra Singh

पब्लिश्ड 9 September 2024 at 11:47 IST