हरियाणा में अशोक तंवर ने कर दिया खेला, पहले बोला- BJP की बनेगी सरकार, घंटेभर में राहुल का थामा 'हाथ'

भारतीय जनता पार्टी को बड़ा झटका लगा है। हरियाणा में वोटिंग से ठीक दो दिन पहले बीजेपी के स्टार प्रचारकों में शामिल अशोक तंवर ने कांग्रेस में वापसी कर ली है।

Follow : Google News Icon  
BJP leader Ashok Tanwar joins Congress at Rahul Gandhi rally
राहुल गांधी की मौजूदगी अशोक तंवर कांग्रेस में शामिल हुए। | Image: X

Haryana News: हरियाणा में विधानसभा चुनावों के लिए प्रचार के आखिरी दिन भारतीय जनता पार्टी को बड़ा झटका लगा है। वोटिंग से ठीक दो दिन पहले पूर्व सांसद और बीजेपी के स्टार प्रचारकों में शामिल अशोक तंवर ने कांग्रेस में वापसी कर ली है। अशोक तंवर गुरुवार को राहुल गांधी की रैली में शामिल हुए और वहीं से उनकी कांग्रेस की वापसी की घोषणा की गई। दिलचस्प ये है कि कांग्रेस में शामिल होने के तकरीबन घंटेभर पहले ही अशोक तंवर ने बीजेपी कैंडिडेट के लिए प्रचार किया था।

अशोक तंवर ने गुरुवार को नलवा विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी उम्मीदवार रणधीर पनिहार में रैली की। उसके पहले चुनाव प्रचार के अंतिम दिन जींद के सफीदों में बीजेपी प्रत्याशी रामकुमार गौतम के पक्ष में जनआशीर्वाद रैली को संबोधित किया। इन रैलियों में अशोक तंवर 5 अक्टूबर को कमल के फूल का बटन दबाकर बीजेपी के प्रत्याशियों को विजयी बनाने की अपील कर रहे थे। तकरीबन घंटेभर बाद उन्हें महेंद्रगढ़ में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की रैली में देखा गया।

Image

यह भी पढ़ें: हरियाणा चुनाव में दिखीं हेमा मालिनी, नायब सैनी बोले- राहुल ने झूठ की...

कांग्रेस ने तंवर को शुभकामनाएं दीं

कांग्रेस ने अपने आधिकारिक 'X' अकाउंट पर अशोक तंवर के पार्टी में वापस आने की घोषणा की। पोस्ट में लिखा गया- 'कांग्रेस ने लगातार शोषितों, वंचितों के हक की आवाज उठाई है और संविधान की रक्षा के लिए पूरी ईमानदारी से लड़ाई लड़ी है। हमारे इस संघर्ष और समर्पण से प्रभावित होकर आज बीजेपी के वरिष्ठ नेता, पूर्व सांसद, हरियाणा में बीजेपी की कैंपेन कमेटी के सदस्य और स्टार प्रचारक अशोक तंवर कांग्रेस में शामिल हो गए। दलितों के हक की लड़ाई को आपके आने से और मजबूती मिलेगी। कांग्रेस परिवार में आपका (अशोक तंवर) फिर से स्वागत है, भविष्य के लिए शुभकामनाएं।'

Advertisement

जनवरी 2024 में तंवर बीजेपी में शामिल हुए

इस साल की शुरुआत में अशोक तंवर ने आधिकारिक तौर पर भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ली थी। आम आदमी पार्टी से इस्तीफा देने के कुछ दिनों बाद अशोक तंवर दिल्ली में हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर और बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह की मौजूदगी में भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए थे। जनवरी में तंवर ने कहा कि उनकी टीम पिछले एक दशक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के नेतृत्व में राज्य और देश में हुई समग्र प्रगति से प्रभावित है।

अशोक तंवर ने 2019 में कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया और 2022 में आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए। इससे पहले पूर्व लोकसभा सांसद कुछ समय के लिए तृणमूल कांग्रेस में शामिल हुए थे। कांग्रेस का गठबंधन होने पर अशोक तंवर ने AAP को छोड़ा था। कांग्रेस और आम आदमी पार्टी ने चंडीगढ़ मेयर का चुनाव मिलकर लड़ने का फैसला किया था। आम आदमी पार्टी मेयर सीट के लिए चुनाव लड़ने जा रही थी, जबकि कांग्रेस सीनियर डिप्टी मेयर के लिए चुनाव लड़ रही थी।

Advertisement

यह भी पढ़ें: लड़ाई अन्याय के खिलाफ है, इस चुनाव में बीजेपी को सत्ता से हटाना है-प्रियंका

Published By:
 Dalchand Kumar
पब्लिश्ड