अपडेटेड 15 March 2024 at 12:06 IST
नए चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और सुखबीर सिंह संधू ने संभाला कार्यभार, CEC राजीव कुमार ने किया स्वागत
नए चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और सुखबीर सिंह संधू चुनाव आयोग में शामिल होकर अपनी जिम्मेदारी संभाल ली है।
- चुनाव न्यूज़
- 3 min read

धानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई वाली चयन समिति ने 14 मार्च, गुरुवार को सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी ज्ञानेश कुमार के साथ साथ सुखबीर सिंह संधू को नए चुनाव आयुक्त के रूप में चुना। इसके बाद 15 मार्च को दोनों चुनाव आयोग में शामिल हो गए और अपने पद की जिम्मेदारी संभाल ली। हाल ही में चुनाव आयुक्त अरुण गोयल के इस्तीफे के बाद आयोग में दो पद खाली हो गए थे, क्योंकि 14 फरवरी को अनूप चंद्र पांडे भी रिटायर्ड हुए। थोड़ी ही देर में चुनाव आयोग आगामी आम चुनाव को लेकर एक प्रेस कॉन्फ्रेंस भी करने जा रहा है।
चुनाव आयोग के प्रवक्ता के सोशल मीडिया हैंडल पर जानकारी दी गई। पोस्ट में लिखा गया, "सीईसी राजीव कुमार ने दो नवनियुक्त चुनाव आयुक्तों ज्ञानेश कुमार और डॉ सुखबीर सिंह संधू का स्वागत किया। ये आज ही आयोग में शामिल हुए हैं। सीईसी ने ऐतिहासिक बिंदु पर उनके शामिल होने के महत्व पर जोर दिया जब ईसीआई दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र में आम चुनाव 2024 आयोजित करने के लिए पूरी तरह तैयार है। टीम ईसीआई आगामी सप्ताहों के लिए कार्रवाई के साथ व्यस्त है!"
कौन हैं ज्ञानेश कुमार?
ज्ञानेश कुमार 1988 बैच के केरल कैडर के सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी हैं। ज्ञानेश कुमार ने अमित शाह के नेतृत्व वाले सहयोग मंत्रालय में सचिव के रूप में कार्य किया। उन्होंने संसदीय कार्य मंत्रालय में सचिव के रूप में कार्य किया था। ज्ञानेश कुमार 31 जनवरी 2024 को रिटायर्ड हुए। उन्होंने अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि मामले से लेकर जम्मू कश्मीर में आर्टिकल 370 जैसे अहम फैसलों में अपनी भूमिका भी निभाई।
सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी ज्ञानेश कुमार ने गृह मंत्रालय में रहते हुए श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की स्थापना में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उस समय गृह मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव रहे ज्ञानेश कुमार को भारत सरकार के प्रतिनिधि के रूप में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट में सदस्य नियुक्त किया था। इसके अलावा उन्होंने 2019 में अनुच्छेद 370 को निरस्त करने के दौरान गृह मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव के रूप में भी काम किया था।
Advertisement
कौन हैं सुखबीर सिंह संधू?
1963 में जन्मे सुखबीर सिंह संधू 1998 बैच के सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी हैं, जिन्होंने केंद्र सरकार और उत्तराखंड सरकार, उत्तर प्रदेश सरकार और पंजाब सरकार में महत्वपूर्ण पदों पर काम किया। सुखबीर सिंह संधू उत्तराखंड में मुख्य सचिव के पद पर रह चुके हैं। उन्होंने उच्च शिक्षा विभाग, मानव संसाधन विकास मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अध्यक्ष के रूप में काम किया।
सुखबीर सिंह संधू ने अमृतसर के सरकारी मेडिकल कॉलेज से एमबीबीएस और अमृतसर की गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी से इतिहास में मास्टर डिग्री की है और लॉ ग्रेजुएट भी हैं। अपने वर्तमान कार्यभार से पहले सुखबीर सिंह संधू भारत सरकार के उच्च शिक्षा विभाग में अतिरिक्त सचिव थे। फिलहाल सुखबीर सिंह संधू निर्वाचन आयोग के लिए चुने गए हैं, जिनके कंधों पर लोकसभा चुनाव की जिम्मेदारी भी होगी।
Advertisement
Published By : Kanak Kumari Jha
पब्लिश्ड 15 March 2024 at 10:49 IST