दिल्ली के चुनाव में होगी CM योगी की एंट्री... MP से मोहन यादव तो उत्तराखंड से आएंगे पुष्कर धामी, जानिए BJP ने किस-किसको उतारा
Delhi Elections: दिल्ली में 70 विधानसभा सीटों के लिए होने वाले चुनाव में बीजेपी 68 सीटों पर लड़ रही है, जबकि दो सीटें सहयोगियों को बांट दी गई हैं।
- चुनाव न्यूज़
- 3 min read

Delhi Elections: दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए गुरुवार को रैलियों का रेला है। भारतीय जनता पार्टी के कई धुरंधर एक ही दिन प्रचार के लिए दिल्ली में उतरने वाले हैं। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की भी दिल्ली के चुनाव में एंट्री होगी।
तकरीबन 26 साल से दिल्ली में सूखा झेल रही भारतीय जनता पार्टी ने इस बार चुनाव में पूरी ताकत झोंकी है। 70 विधानसभा सीटों के लिए चुनाव में बीजेपी 68 सीटों पर लड़ ही रही है, जबकि दो सीटें सहयोगियों को बांट दी गई हैं। फिलहाल बीजेपी का फोकस अपने चुनावी कैंपेन पर है और उसके लिए स्टार प्रचारकों की बड़ी फौज खड़ी की है। इनसे से कई बड़े स्टार प्रचारक गुरुवार को दिल्ली में मोर्चा संभालने वाले हैं।
दिल्ली में आज बीजेपी की रैलियां
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा: शाम 5 बजे उत्तर नगर विधानसभा क्षेत्र में रैली और शाम 7 बजे शकूरबस्ती में जनसभा करेंगे।
यूपी CM योगी आदित्यनाथ: किराड़ी में दोपहर 2 बजे पहली रैली करेंगे। शाम 4 बजे करोल बाग और शाम 6 बजे जनकपुरी में कार्यक्रम रखा गया है।
Advertisement
उत्तराखंड के CM पुष्कर सिंह धामी: दोपहर 3 बजे पालम में रैली होगी। उसके बाद शाम 5 बजे दिल्ली कैंट इलाके में रोड शो किया जाएगा।
मध्य प्रदेश CM मोहन यादव: शाम 5 बजे मादीपुर विधानसभा क्षेत्र में रैली होगी। शाम 7.30 बजे रोहिणी में जनसभा को संबोधित करेंगे।
Advertisement
सांसद राधा मोहन सिंह: दोपहर 2 बजे विकासपुरी में रैली करेंगे। शाम 7 बजे शालीमार बाग में जनसभा रखी गई है।
राजस्थान डिप्टी सीएम प्रेमचंद बैरवा: दोपहर 3 बजे सीमापुरी में रैली है और उसके बाद शाम 5 बजे गोकलपुर में जनसभा को संबोधित करेंगे।
चुनाव प्रचार में और जान फूंकेगी बीजेपी
भारतीय जनता पार्टी गणतंत्र दिवस कार्यक्रम के बाद दिल्ली चुनाव के लिए कैंपेन को तेजी से आगे बढ़ाने वाली है। पिछले हफ्ते बीजेपी ने 40 स्टार प्रचारकों की सूची जारी की थी, जिसमें पीएम नरेंद्र मोदी के अलावा कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों के अलावा केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी, पीयूष गोयल, हरदीप पुरी और धर्मेंद्र प्रधान भी शामिल हैं।
बताया जाता है कि पीएम मोदी दिल्ली चुनाव में आखिरी समय में कैंपेन को मजबूती देंगे। अगले 10 दिनों में पीएम मोदी दिल्ली में 3 रैलियां करेंगे। उनके अलावा अमित शाह और जेपी नड्डा की 15 से ज्यादा रैलियां हो सकती हैं। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी 14 के करीब जनसभाएं दिल्ली में करेंगे। दिल्ली की 70 सदस्यीय विधानसभा के लिए चुनाव 5 फरवरी को होंगे और नतीजे 8 फरवरी को घोषित किए जाएंगे।