पब्लिश्ड 10:35 IST, February 3rd 2025
दिल्ली में चुनाव प्रचार के आखिरी दिन दिग्गजों का जमावड़ा, अमित शाह करेंगे जनसभा तो केजरीवाल और प्रियंका गांधी का रोड शो
AAP के खिलाफ एंटी इनकंबेंसी जैसी स्थिति में बीजेपी को दिल्ली में सरकार बनाने की उम्मीद है, जबकि कांग्रेस इस बार अपना खाता खोलने का भरकस प्रयास कर रही है।

Delhi Assembly Elections: दिल्ली में चुनाव प्रचार के आखिरी दिन सारी राजनीतिक पार्टियों ने जोर लगा दिया है। 5 फरवरी को दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग होनी है। फिलहाल भारतीय जनता पार्टी से लेकर आम आदमी पार्टी और कांग्रेस ने अपने धुरंधरों को आखिर दिन के काम पर लगाया है। आम आदमी पार्टी के खिलाफ एंटी इनकंबेंसी जैसी स्थिति में बीजेपी को इस बार दिल्ली में सरकार बनाने की उम्मीद है, जबकि कांग्रेस पार्टी अपना खाता खोलने का भरकस प्रयास कर रही है। आम आदमी पार्टी कई चुनौतियों से जूझते हुए सत्ता बरकरार रखने की कोशिश में लगी है।
दिल्ली के चुनाव प्रचार में अभी अरविंद केजरीवाल डोर-टू डोर कैंपेन कर रहे हैं। आखिरी दिन बीजेपी ने एक साथ दूसरे राज्यों के मुख्यमंत्रियों, केंद्रीय मंत्रियों और सांसदों के कार्यक्रम दिल्ली में रखे हैं। कांग्रेस से राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के अलावा कई दिग्गज नेता चुनाव प्रचार के आखिरी दिन जोर लगाने वाले हैं।
बीजेपी नेताओं के दिल्ली में कार्यक्रम
गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह दिल्ली में आज रैली करेंगे। अमित शाह सोमवार को जंगपुरा, बिजवासन और द्वारका में मोर्चा संभालेंगे तो राजनाथ सिंह छतरपुर और मोतीनगर में रैली करेंगे। दिल्ली चुनाव को लेकर पीयूष गोयल प्रेस कॉन्फ्रेंस का नेतृत्व करेंगे। इनके अलावा उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी के करोलबाग, पटेल नगर और संगम विहार विधानसभा में रोड शो हैं। गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत सुल्तानपुर माजरा और रिठाला में रोड शो निकालेंगे। पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी दिल्ली के आदर्श नगर, लक्ष्मीनगर और महरौली में रोड शो करेंगीं। त्रिनगर में अनुराग ठाकुर का रोड शो है। उत्तर प्रदेश के दोनों उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य भी दिल्ली में बीजेपी के लिए वोट मांगेंगे। भोजपुरी कलाकार और नेताओं की लिस्ट में मनोज तिवारी, रवि किशन और दिनेश लाल यादव (निरहुआ) शामिल हैं, जो दिल्ली में चुनाव प्रचार करेंगे।
प्रियंका गांधी भी दिल्ली के मैदान में उतरेंगी
कांग्रेस से राहुल गांधी और प्रियंका गांधी भी दिल्ली में चुनाव प्रचार के आखिरी दिन रैलियां करेंगे। प्रियंका गांधी का कार्यक्रम कस्तूरबा नगर विधानसभा में रखा गया है। उनके अलावा अजय माकन, संदीप दीक्षित, हारुन यूसुफ, काजी निजामुद्दीन, उदित राज, सुखविंदर सिंह डैनी, देवेंद्र यादव, कन्हैया कुमार और दानिश अबरार एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करेंगे।
AAP ने भी उतारी अपनी फौज
अरविंद केजरीवाल छतरपुर में रैली करेंगे तो कालकाजी में उनका रोड शो है। पंजाब के सीएम भगवंत मान को आदर्श नगर, शालीमार बाग और वजीरपुर की जिम्मेदारी दी गई है। सांसद संजय सिंह सोमवार को रिठाला, बवाना और किराड़ी में कार्यक्रमों में शामिल होंगे। उसके अलावा आम आदमी पार्टी के अन्य नेता भी छोटी-छोटी जनसभाओं को संबोधित करेंगे।
अपडेटेड 10:35 IST, February 3rd 2025