अपडेटेड 28 August 2024 at 17:32 IST
MCD Zonal Committee Election: दिल्ली नगर निगम की वार्ड समिति चुनाव की डेट घोषित, 30 तक नामांकन
अपने 12 जोन में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष चुनने के लिए चार सितंबर को वार्ड समिति के चुनाव कराएगा। एक आधिकारिक आदेश में यह जानकारी दी गई।
- चुनाव न्यूज़
- 2 min read

MCD Zonal Committee Election: दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) अपने 12 जोन में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष चुनने के लिए चार सितंबर को वार्ड समिति के चुनाव कराएगा। एक आधिकारिक आदेश में यह जानकारी दी गई।
आदेश में कहा गया है कि दिल्ली नगर निगम विनियम 1958 के अनुसार वार्ड समिति के चुनाव गुप्त मतदान के जरिये कराए जाएंगे। पार्षद 30 अगस्त तक निगम सचिव के पास अपना नामांकन दाखिल कर सकते हैं। एमसीडी के छह जोन- रोहिणी, नजफगढ़, पश्चिम, दक्षिण और मध्य जोन के लिए वार्ड समिति के चुनाव नगर निगम मुख्यालय के हंसराज गुप्ता सभागार में सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक कराए जाएंगे।
दिल्ली नगर निगम के शेष छह जोन- करोल बाग, केशवपुरम, शाहदरा दक्षिण, शाहदरा उत्तर, सिविल लाइंस और नरेला में एमसीडी मुख्यालय के सत्य नारायण बंसल सभागार में इसी समय अवधि के दौरान चुनाव कराए जाएंगे।
निगम विनियमों के अनुसार, प्रत्येक उम्मीदवार को चुनाव के लिए निर्धारित प्रपत्र में नामांकन पत्र द्वारा नामांकित किया जाएगा, जिस पर उम्मीदवार और नगर निगम के दो अन्य सदस्यों द्वारा प्रस्तावक एवं अनुमोदक के तौर पर हस्ताक्षर होंगे।
Advertisement
उम्मीदवार 30 अगस्त तक निगम सचिव के पास सुबह 11 बजे से शाम पांच बजे के बीच नामांकन पत्र दाखिल करा सकते हैं। आदेश में कहा गया है कि कोई भी उम्मीदवार चुनाव से पहले किसी भी समय अपनी उम्मीदवारी वापस ले सकता है।
वार्ड समितियां स्थायी समिति के गठन के लिए आवश्यक हैं। स्थायी समिति एमसीडी की सर्वोच्च निर्णय लेने वाली इकाई है। डी.एम.सी. विनियमों के प्रावधान के अनुसार, वार्ड समितियां प्रत्येक वर्ष अपनी पहली बैठक में अपने सदस्यों (पार्षद) में से एक को अध्यक्ष तथा अन्य सदस्यों को क्षेत्रीय स्तर की इकाई का उपाध्यक्ष चुनती हैं।
Advertisement
यह स्थायी समिति के लिए भी एक-एक सदस्य को नामित करता है। चार सितंबर को होने वाले चुनाव वार्ड समिति की पहली बैठक मानी जाएगी। दिल्ली में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) और विपक्षी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बीच राजनीतिक गतिरोध के कारण वार्ड समिति और तदनुरूप स्थायी समिति के चुनाव में डेढ़ साल से अधिक की देरी हो चुकी है।
(Note: इस भाषा कॉपी में हेडलाइन के अलावा कोई बदलाव नहीं किया गया है)
Published By : Nidhi Mudgill
पब्लिश्ड 28 August 2024 at 17:32 IST