Delhi Elections: 'मैंने कैबिनेट के साथ गंगा स्नान किया, केजरीवाल यमुना में कर सकते हैं? CM योगी ने किए ताबड़तोड़ हमले
यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ ने अरविंद केजरीवाल से सवाल करते हुए पूछा कि क्या वह यमुना में स्नान कर सकते हैं? यदि उनमें नैतिक साहस है तो उन्हें जवाब देना चाहिए।
- चुनाव न्यूज़
- 3 min read

Delhi Elections 2025 : दिल्ली विधानसभा चुनाव में वोटरों को लुभाने के लिए हर पार्टी ने अपने तरकश से तीर निकालने शुरू कर दिए हैं। भारतीय जनता पार्टी के फायर ब्रांड नेता और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिल्ली चुनाव में प्रचार शुरू कर दिया है। गुरुवार को किराड़ी विधानसभा में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने अरविंद केजरीवाल पर सीधा तंज कसा।
सीएम योगी ने अरविंद दिल्ली की AAP सरकार पर कई प्रश्न चिन्ह लगाए। सीएम योगी ने केजरीवाल से सवाल करते हुए कहा कि ‘मैंने अपनी पूरी कैबिनेट के साथ प्रयागराज महाकुंभ में गंगा स्नान किया, क्या वह यमुना में स्नान कर सकते हैं? यदि उनमें नैतिक साहस है तो उन्हें जवाब देना चाहिए। AAP ने दिल्ली को कूड़े के ढेर में तब्दील कर दिया, साजिश के तहत ओखला में अवैध बांग्लादेशियों और रोहिंग्या को बसाया। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि दिल्ली और नोएडा-गाजियाबाद की सड़कों में काफी अंतर है।’
‘केजरीवाल लगा सकते हैं डुबकी?’
किराड़ी विधानसभा में जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि 'कल आपने देखा होगा कि मेरे साथ प्रयागराज के संगम में 54 मंत्रियों ने डुबकी लगाई... एक मुख्यमंत्री के तौर पर अगर मैं और मेरे मंत्री संगम में डुबकी लगा सकते हैं, तो मैं आम आदमी पार्टी के अध्यक्ष अरविंद केजरीवाल से पूछता हूं कि क्या वह भी यमुना जी में जाकर अपने मंत्रियों के साथ डुबकी लगा सकते हैं?'
'राजधानी की दुर्गति कर दी'
सीएम योगी ने कहा कि 'अरविंद केजरीवाल ने यमुना को गंदे नाले में तब्दील कर दिया है। इसका खामियाजा हमारे संतों को मथुरा में उठाना पड़ता है। आजकल अपने भाषणों में केजरीवाल बार-बार UP की चर्चा कर रहे हैं, लेकिन उन्हें नहीं भूलना चाहिए कि आज UP पूरे देश में एक मॉडल के रूप में विकसित हुआ है। 10 साल पहले लोग स्वच्छता और सड़के देखने दिल्ली आते थे, लेकिन आज दिल्ली की सड़कों में गड्ढे ही गड्ढे हैं। दिल्ली में कूड़े का ढेर खड़ा कर दिया, राष्ट्रीय राजधानी की दुर्गति कर दी।'
Advertisement
'ये झूठ का ATM है'
अपने भाषण में उन्होंने कहा कि ‘इनका सिर्फ एक ही काम है, सुबह उठकर सोशल मीडिया पर झूठ बोलना, ये झूठ का ATM है। अगर काम किया होता तो दिल्ली बदल गई होती, लेकिन इन्होंने दिल्ली को कूड़े का अड्डा बना दिया।’
'केजरीवाल ने अन्ना हजारे को धोखा दिया'
सीएम योगी ने भाषण में अरविंद केजरीवाल पर राष्ट्रीय सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि ‘इन्होंने यहां दंगे करवाए, AAP घुसपैठियों को आधार बांट रही है और रोहिंग्या को दिल्ली में बसाया जा रहा है। आम आदमी पार्टी ने दिल्ली की तस्वीर को बदसूरत कर दिया, AAP को सत्ता में आने का कोई अधिकार नहीं है। दिल्ली में बुनियादी सुविधाएं नहीं हैं, महाकुंभ में अच्छी और शानदार सड़कें हैं, दिल्ली में सड़कों में गड्ढा है कि गड्ढों में सड़क है पता नहीं लगता। केजरीवाल ने अपने गुरु अन्ना हजारे को धोखा दिया, जो गुरु को धोखा दे सकता है वो जनता को भी धोखा देगा।’