'अरविंद केजरीवाल ने अपनी गाड़ी से 2 युवाओं को मारी टक्कर और...', AAP नेता पर प्रवेश वर्मा ने लगाए गंभीर आरोप
Delhi News: प्रवेश वर्मा का आरोप है कि उनके समर्थकों पर आम आदमी पार्टी के समर्थकों ने हमला किया और अरविंद केजरीवाल ने अपनी गाड़ी से 2 युवाओं को टक्कर मारी।
- चुनाव न्यूज़
- 3 min read

Delhi Assembly Election 2025: दिल्ली विधानसभा चुनाव में प्रचार अभियान के बीच वाक-युद्ध शुरू हो गया है। दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी और आम आदमी पार्टी के बीच सीधे मुकाबला माना जा रहा है। चुनाव प्रचार ने हाड़ कंपाती सर्दी के बीच दिल्ली की गर्मी बढ़ाई हुई है। बीजेपी प्रत्याशी प्रवेश वर्मा ने अरविंद केजरीवाल पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
प्रवेश वर्मा ने X पर एक वीडियो पोस्ट करते हुए आरोप लगाया कि BJP कार्यकर्ताओं पर पत्थर फेंका गया है। मेरे समर्थकों को गाड़ी से कुचलने की कोशिश हुई है। उन्होंने लिखा- 'अरविंद केजरीवाल ने अपनी गाड़ी से 2 युवाओं को टक्कर मारी। दोनों को लेडी हार्डिंग हॉस्पिटल लेकर गए हैं। हार सामने देखकर लोगों की जान की कीमत ही भूल गए। मैं हॉस्पिटल जा रहा हूं।'
'गाड़ी में बैठे हुए थे केजरीवाल'
प्रवेश वर्मा ने बताया कि जिन युवाओं को चोट लगी है, वो दिल्ली के वोटर हैं। आरोप है कि ‘तीन स्थानीय युवा विशाल, अभिषेक और रोहित अरविंद केजरीवाल से मिलने की कोशिश कर रहे थे। पहले उनके साथ पुलिसकर्मियों ने मार पिटाई की इसके बाद गाड़ी से टक्कर मार दी। तीनों युवाओं को अरविंद केजरीवाल की खुद की गाड़ी ने टक्कर मारी है, जिसमें वह बैठे हुए थे।’
'केजरीवाल ने किया इशारा'
प्रवेश वर्मा ने आरोप लगाया कि 'पहले ड्राइवर ने एक बार ब्रेक मार दिया था, लेकिन फिर अरविंद केजरीवाल ने इशारा किया कि गाड़ी ऊपर चढ़ा दो। केजरीवाल के इशारे करने के बाद तीनों के ऊपर उसके ड्राइवर ने गाड़ी चढ़ाई। तीनों की टांगों और घुटने में चोट आई है।'
Advertisement
'केजरीवाल की कार पर फेंके पत्थर'
वहीं दूसरी तरफ आम आदमी पार्टी ने आरोप लगाया कि नई दिल्ली विधानसभा में चुनाव प्रचार के दौरान पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल की कार पर पत्थर फेंके गए। AAP ने केजरीवाल की कार पर हमले का आरोप भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी प्रवेश वर्मा के समर्थकों पर लगाया है। AAP ने आरोप लगाया कि हार के डर से BJP बौखलाई हुई है।
इस बीच, पुलिस ने कहा है कि किसी ने भी केजरीवाल की कार पर पत्थर नहीं फेंका बल्कि कुछ लोग उन्हें काला झंडा दिखाने की कोशिश कर रहे थे, जिन्हें तत्काल वहां से हटा दिया गया। इस घटना के कथित वीडियो में देखा जा सकता है कि केजरीवाल गाड़ी में बैठे हैं और पुलिस उनके लिए रास्ते को सुचारु बना रही है। इस वीडियो क्लिप में यह भी देखा जा सकता है कि एक व्यक्ति काला कपड़ा दिखा रहा है और एक पत्थर गाड़ी की ओर उछाला गया है।