BIG BREAKING: दिल्ली में एक चरण में होगा चुनाव, 5 फरवरी को होगी वोटिंग और 8 फरवरी को मतगणना
दिल्ली विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान हो गया है। दिल्ली में एक चरण में चुनाव होगा। वोटिंग 5 फरवरी को होगी।
- चुनाव न्यूज़
- 3 min read

देश की राजधानी दिल्ली में चुनावी बिगुल बज गया है। 70 सदस्यीय विधानसभा के लिए चुनाव की तारीखों का ऐलान हो गया है। दिल्ली में एक चरण में चुनाव संपन्न होंगे। 5 फरवरी को वोटिंग होगी और 8 फरवरी को मतगणना। मुख्य चुनाव आयुक्त दिल्ली चुनाव की तारीखों की घोषणा कर दी है।
दिल्ली विधानसभा का कार्यकाल 23 फरवरी को खत्म होने वाला है। चुनाव आयोग द्वारा तारीखों का ऐलान कर दिया गया है। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने बताया, दिल्ली विधानसभा चुनाव 5 फरवरी को एक चरण में होगा। चुनाव के नतीजे 8 फरवरी को जारी किए जाएंगे।
दिल्ली विधानसभा चुनाव तारीखों का ऐलान
प्रेस कॉन्फ्रेंस में CEC राजीव कुमार ने बताया कि दिल्ली में 70 विधानसभा सीटें हैं, कुल 1.55 करोड़ मतदाता है, जिसमें से पुरुष मतदाताओं की संख्या 83.49 लाख है, महिला मतदाताओं की संख्या 71.74 लाख है और युवा मतदाताओं की संख्या 25.89 लाख है। पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं की संख्या 2.08 लाख हैं।
EVM में धांधली संभव नहीं
वहीं, EVM पर उठने वालों सवालों का भी चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने जवाब दिया। उन्होंने कहा, "ईवीएम में अविश्वसनीयता या किसी तरह की खामी का कोई सबूत नहीं है। ईवीएम में वायरस या बग आने का कोई सवाल ही नहीं है। ईवीएम में अवैध वोट होने का कोई सवाल ही नहीं है। कोई धांधली संभव नहीं है। उच्च न्यायालय और सर्वोच्च न्यायालय अलग-अलग फैसलों में लगातार यही कह रहे हैं। ईवीएम मतगणना के लिए फुलप्रूफ डिवाइस है। टेम्परिंग के आरोप निराधार हैं।"
Advertisement
EVM को लेकर CEC ने कही बड़ी बात
CEC राजीव कुमार ने आगे कहा, EVM मतगणना के लिए पूर्णतया सुरक्षित हैं। EVM से छेड़छाड़ के आरोप निराधार हैं, हम अब इसलिए बोल रहे हैं क्योंकि चुनाव के समय हम नहीं बोलते। VVPAT प्रणाली वाली EVM मतदान प्रणाली की सटीकता सुनिश्चित करती है। पुराने पेपर बैलट की वापसी अनुचित और प्रतिगामी है। इसका उद्देश्य चुनावी प्रक्रिया को पटरी से उतारना है।
दिल्ली में त्रिकोणीय मुकाबला
बता दें राजधानी दिल्ली में आम आदमी पार्टी, बीजेपी और कांग्रेस के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है। दिल्ली विधानसभा की 70 सीटों में से बहुमत के आंकड़े के लिए 36 सीटों की जरूरत है। साल 2020 के विधानसभा चुनाव के तहत 8 फरवरी को मतदान संपन्न हुआ था जबकि मतगणना 11 फरवरी को हुई थी। इस चुनाव में AAP ने सभी 70 सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे, जिसमें से 62 ने जीत दर्ज की थी और भारी बहुमत से जीत दर्ज कर सरकार बनाई थी।