अपडेटेड 22 December 2024 at 17:03 IST
'अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में दिल्ली को लूटने और...', अनुराग ठाकुर का 'AAP' और पूर्व CM पर हमला
अनुराग ठाकुर ने कहा,'हम दिल्ली में भ्रष्टाचारी आम आदमी पार्टी की सरकार को उखाड़ फेंकने और भारतीय जनता पार्टी की सुशासन सरकार बनाने के संकल्प लेते हैं।'
- चुनाव न्यूज़
- 4 min read

BJP Attack on AAP and Arvind Kejriwal: भारतीय जनता पार्टी के सांसद और केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने दिल्ली की आम आदमी पार्टी और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर हमला बोला है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि दिल्ली में अरविंद केजरीवाल और उनकी आम आदमी पार्टी ने दिल्ली को लूटने और अपने घरों को भरने का काम किया है। आज की तारीख में दिल्ली की जनता के कामों की कोई सुनवाई नहीं हो रही है, मगर आम आदमी पार्टी के नेताओं की विलासिता में कोई कमी नहीं आ रही है। अनुराग ठाकुर दिल्ली के छतरपुर में आज दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर छतरपुर विधानसभा में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर त्रिदेव सम्मेलन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
रविवार (22 दिसंबर) को दिल्ली विधानसभा चुनावों को देखते हुए छतरपुर विधानसभा में केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने त्रिदेव सम्मेलन में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा, 'हम दिल्ली में भ्रष्टाचारी आम आदमी पार्टी की सरकार को उखाड़ फेंकने और भारतीय जनता पार्टी की सुशासन सरकार बनाने के संकल्प लेते हैं।' दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर बीजेपी इस बार कोई कोर कसर नहीं छोड़ना चाहती है। ऐसे में अनुराग ठाकुर के अलावा दिल्ली बीजेपी चीफ वीरेंद्र सचदेवा और बीजेपी नेता शाजिया इल्मी ने भी केजरीवाल और आम आदमी पार्टी पर जमकर हमला बोला है।
केजरीवाल पर भड़के दिल्ली बीजेपी चीफ
दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने आम आदमी पार्टी के संयोजक और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को घेरते हुए कहा कि जब-जब कोई राष्ट्रीय पर्व का अवसर आता है तब-तब अरविंद केजरीवाल की अराजकता सामने नजर आती है। इसके साथ ही रोहिंग्याओं को लेकर उन्होंने कहा कि दिल्ली में विदेशी घुसपैठियों के लिए जगह नहीं है। गणतंत्र दिवस के समय वो देश की मर्यादा को तार-तार करते हैं। अरविंद केजरीवाल इसपर भी राजनीति ढूंढते हैं। 10 साल केजरीवाल मुख्यमंत्री रहे, क्या दिखाएंगे दिल्ली में छोटी सी बारिश में जहां बच्चे मर गए, दिल्ली की झांकी में अपना शीश महल दिखाएंगे? दिल्ली की जनता को गंदा पानी पानी के लिए आप मजबूर कर रहे हैं।
शाजिया इल्मी का केजरीवाल पर हमला
आम आदमी पार्टी की फाउंडिंग टीम की मेंबर रही और बाद में बीजेपी में शामिल होने के बाद शाजिया इल्मी के तेवर भी केजरीवाल के खिलाफ सख्त दिखाई दे रहे हैं। दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले शाजिया इल्मी ने भी अरविंद केजरीवाल पर हमला बोला है। शाजिया इल्मी ने कहा कि केजरीवाल पता नहीं खुद को क्या समझते हैं वो सोच रहे हैं कि उनके खिलाफ साजिश हो रही है लेकिन वो अपने आप को इतना महत्व न दें। हमला जारी रखते हुए बीजेपी नेत्री ने आगे कहा कि पंजाब में एक हजार रुपए महिलाओं को दे नहीं पाए और अब दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले यहां की महिलाओं को 2100 रुपए प्रतिमाह देने का ऐलान कर रहे हैं। ये उनका एक और झूठ पर झूठ और रेवड़ी पर रेवड़ी है।
Advertisement
आयुष्मान योजना को लेकर भड़के वीरेंद्र सचदेवा
उन्होंने आप प्रमुख को घेरते हुए कहा कि आयुष्मान योजना के तहत पीएम मोदी गरीब आदमी का योजनाओं से ध्यान रख रहे हैं। दिल्ली में आयुष्मान योजना लागू नहीं है, अरविंद केजरीवाल इसका जवाब दें। अरविंद केजरीवाल का अहंकार बड़ा है, उनको दिल्ली वालों की चिंता नहीं है। कौन सी संजीवनी आप देना चाहते हैं? जो पैसा केंद्र सरकार लोगों पर खर्च कर रही है। वो ही योजना आप लागू कर देते तो लोगों को उसका लाभ मिल जाता। उस योजना में प्रधानमंत्री लिखा है, इसलिए उनको आयुष्मान भारत योजना लागू नहीं करनी है। जहां चुनाव होते हैं, वहां ये वादा करते हैं, आप पंजाब की माता-बहनों को एक हजार रुपये दीजिए, जिनको आप वादे करके आए हैं। अरविंद केजरीवाल के नाम का मतलब ही धोखा और झूठ है।
Published By : Ravindra Singh
पब्लिश्ड 22 December 2024 at 17:03 IST