Delhi Election 2025: BJP के संकल्प पत्र का पार्ट-3 जारी, अमित शाह ने कहा- केजरीवाल जैसा झूठा शख्स नहीं देखा
अमित शाह ने कहा कि केजरीवाल जो वादे करते हैं उसको पूरा नहीं करते हैं। इतनी सफाई से झूठ बोलने वाला व्यक्ति आज तक राजनीतिक जीवन में नहीं देखा है।
- चुनाव न्यूज़
- 3 min read

Delhi Election 2025: दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए BJP ने अपने संकल्प पत्र का तीसरा पार्ट जारी कर दिया। केंद्रीय गृह मंत्री बीजेपी के संकल्प पत्र का तीसरा हिस्सा बीजेपी ऑफिस से जारी किया। इससे पहले दिल्ली चुनाव के लिए पार्टी अपने संकल्प पत्र के दो पार्ट जारी कर चुकी है, जिसमें महिलाओं को हर महीने 2500 रुपये देने से लेकर आयुष्मान भारत योजना के तहत वरिष्ठ नागरिकों को 10 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज देने समेत कई बड़े वादे किए।
BJP के संकल्प पत्र का तीसरा पार्ट जारी करते हुए गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि BJP का घोषणा पत्र कोरे वादे नहीं होते हैं। जो वादे करते हैं गंभीरता से पूरा करने का ट्रैक रिकॉर्ड रहा है।
वादे पूरे नहीं करते केजरीवाल- अमित शाह
उन्होंने कहा कि दिल्ली की जरूरत को ध्यान में रखकर संकल्प पत्र बना है। जनता के वादे पूरे न करने वाली सरकार देखी है। केजरीवाल जो वादे करते हैं उसको पूरा नहीं करते हैं। इतनी सफाई से झूठ बोलने वाला व्यक्ति आज तक राजनीतिक जीवन में नहीं देखा है।
‘आपकी विश्वप्रसिद्ध यमुना जी में डुबकी की राह देख रही जनता’
अमित शाह ने कहा कि केजरीवाल ने कहा था कि मैं, मेरी सरकार का कोई मंत्री सरकारी बंगला नहीं लेंगे। लेकिन इन्होंने बंगला लिया, यहां तक तो ठीक था, लेकिन 51 करोड़ से ज्यादा खर्च करके 4 बंगलों को एकसाथ मिलाकर इन्होंने एक शीश महल बना दिया। केजरीवाल ने कहा था कि 7 साल में मैं यमुना को एकदम शुद्ध कर दूंगा और कहा था कि मैं दिल्लीवालों के सामने यमुना में डुबकी लगाऊंगा। मैं केजरीवाल जी को याद कराना चाहता हूं कि केजरीवाल जी दिल्ली की जनता आपकी उस विश्वप्रसिद्ध डुबकी की राह देख रही है कि कब आप डुबकी लगाओगे। यमुना जी में नहीं लगाएंगे, तो कुंभ में चले जाएं… झूठ बोलने का पाप धुल जाएगा।
Advertisement
‘जब वादे किए तब दिल्ली का स्टेटस नहीं मालूम था?’
गृह मंत्री ने इस दौरान केजरीवाल के पूर्ण राज्य के दर्जे वाली मांग को लेकर भी पलटवार किया और कहा कि वह केवल बहाने बनाते हैं। उन्होंने कहा कि इन्होंने (केजरीवाल और AAP ने) काम नहीं करने का एक नया तरीका ढूंढा है। कोई भी काम नहीं करना है तो ये कहते हैं कि हमें पूर्ण राज्य का दर्जा दे दीजिए। जब इन्होंने वादा किया और चुनाव लड़ा तो क्या इन्हें दिल्ली का स्टेटस मालूम नहीं था क्या? केवल बहाने बनाना इनकी फितरत है।