Delhi Election: अमित शाह का आम आदमी पार्टी पर हमला, कहा- ‘आप' ने दिल्ली को सिर्फ कचरा और जहरीला पानी दिया
अमित शाह ने कहा कि जंगपुरा विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रहे सिसोदिया देश के एकमात्र शिक्षा मंत्री हैं, जो शराब घोटाले में जेल गए।
- चुनाव न्यूज़
- 2 min read

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को कहा कि पिछले 10 वर्षों में ‘डबल इंजन’ की भाजपा सरकार वाले राज्यों ने प्रगति की है लेकिन दिल्ली पीछे रह गई, क्योंकि आम आदमी पार्टी (आप) बहाने बनाती रहती है और केंद्र से लड़ती रहती है।
दक्षिणी दिल्ली के जंगपुरा में एक जनसभा को संबोधित करते हुए शाह ने आप प्रमुख अरविंद केजरीवाल और दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को ‘‘बड़े मियां और छोटे मियां’’ करार दिया और आरोप लगाया कि इन्होंने दिल्ली को लूटा है।
शाह ने कहा कि जंगपुरा विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रहे सिसोदिया देश के एकमात्र शिक्षा मंत्री हैं, जो शराब घोटाले में जेल गए।
शाह ने कहा, ‘‘पिछले 10 साल में ‘डबल इंजन’ की भाजपा सरकार वाले राज्यों ने तरक्की की है। दिल्ली पीछे छूट गई, वे केंद्र से लड़ते रहते हैं। वे 10 साल से बहाने बना रहे हैं और रोने वाले बच्चों की तरह व्यवहार कर रहे हैं।’’
Advertisement
उन्होंने कहा कि केजरीवाल ने दिल्ली के लोगों से झूठ बोला और राष्ट्रीय राजधानी को केवल कचरा, जहरीला पानी और भ्रष्टाचार दिया। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता ने कहा, ‘‘बड़े मियां और छोटे मियां’’ ने झूठे वादे करके दिल्ली को लूटा। दोनों चुनाव हारने जा रहे हैं।’’
Advertisement
उन्होंने कहा कि भाजपा ही एकमात्र पार्टी है जो दिल्ली को विश्व स्तरीय राजधानी बना सकती है। दिल्ली में पांच फरवरी को मतदान होगा और आठ फरवरी को नतीजे घोषित किए जाएंगे।