अपडेटेड 7 January 2025 at 13:11 IST
Delhi Assembly Elections: AAP ने सभी 70 सीटों पर उतारे उम्मीदवार, BJP-कांग्रेस की कैसी तैयारी? पूरा समीकरण
रीखों के ऐलान से पहले ही दिल्ली में सियासी पारा काफी समय से चढ़ा हुआ है। आम आदमी आदमी से लेकर BJP-कांग्रेस मैदान में उतर आई हैं।
- चुनाव न्यूज़
- 4 min read

Delhi Assembly Elections 2025: चुनाव के रंग में रंगने के लिए दिल्ली पूरी तरह तैयार है। दिल्ली में विधानसभा चुनाव का बिगुल बजने जा रहा है। आज (7 जनवरी) दोपहर 2 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस कर चुनाव आयोग दिल्ली चुनाव की तारीखों का ऐलान करेगा।
दिल्ली विधानसभा का कार्यकाल 23 फरवरी 2025 को समाप्त होने जा रहा है। वैसे तारीखों के ऐलान से पहले ही दिल्ली में सियासी पारा काफी समय से चढ़ा हुआ है। आम आदमी आदमी से लेकर BJP -कांग्रेस मैदान में उतर आई हैं। आइए जानते हैं दिल्ली के दंगल में जीतने के लिए किस पार्टी की कैसी तैयारी है...?
किसने कितने उम्मीदवार मैदान में उतारे?
दिल्ली में इस बार के चुनाव में त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिलेगा। आम आदमी पार्टी चौथी बार सत्ता पर काबिज होने की लड़ाई लड़ रही है। चुनाव की तारीखों के ऐलान से पहले ही AAP ने सभी 70 सीटों पर अपने उम्मीदवार मैदान में उतार दिए हैं। AAP के 70 प्रत्याशियों में 28 नए चेहरे शामिल हैं, जिनमें अधिकतर वो नाम शामिल हैं, जो दूसरी पार्टी (BJP और कांग्रेस) से आम आदमी पार्टी में आए हैं।
इस बार भी अरविंद केजरीवाल नई दिल्ली सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं पूर्व डिप्टी CM मनीष सिसोदिया की सीट बदली गई है। उन्हें पटपड़गंज की जंगपुरा सीट से मैदान में उतारा गया है। पटपड़गंज से इस बार AAP में आए मशहूर UPSC शिक्षक अवध ओझा को चुनाव लड़ने का टिकट मिला है। वहीं, CM आतिशी कालकाजी सीट से चुनाव लड़ेंगी। ग्रेटर कैलाश से मंत्री सौरभ भारद्वाज, बाबरपुर से गोपाल राय और शकूर बस्ती से सत्येंद्र जैन को टिकट मिला है।
Advertisement
BJP की एक तो कांग्रेस की 3 लिस्ट आई
बात BJP की करें तो पार्टी ने अबतक एक ही लिस्ट जारी की है, जिसमें 29 उम्मीदवारों के नाम शामिल हैं। BJP की इस लिस्ट में कई बड़े नाम शामिल हैं। 29 उम्मीदवारों की सूची में BJP ने 13 उम्मीदवारों को रिपीट किया है। 16 नए चेहरों को इस दौरान मौका दिया गया। पार्टी ने AAP-कांग्रेस छोड़कर आए 7 नेताओं को टिकट दिया है। नई दिल्ली से अरविंद केजरीवाल के खिलाफ BJP ने प्रवेश वर्मा को मैदान में उतारा है। कालकाजी से CM आतिशी के सामने पूर्व सांसद रमेश बिधूड़ी को टिकट मिला है। वहीं, जंगपुरा से मनीष सिसोदिया के खिलाफ तरविंदर सिंह मारवाह चुनाव लड़ेंगे।
दिल्ली चुनाव के लिए कांग्रेस की 3 लिस्ट आ चुकी है, जिसमें 48 प्रत्याशियों के नामों की घोषणा हो गई। पार्टी ने CM आतिशी के सामने अलका लांबा को उम्मीदवार घोषित कर मैदान में उतार दिया है। वहीं, पूर्व CM केजरीवाल के सामने संदीप दीक्षित को टिकट दिया है।
Advertisement
चुनाव को लेकर कौन-कौन से बड़े ऐलान हुए?
चुनाव में जनता को साधने के लिए सभी पार्टियां बड़ी बड़ी घोषणाएं कर रही हैं। आम आदमी पार्टी ने महिला सम्मान योजना के तहत महिलाओं को 2100, संजीवनी योजना जैसे कई बड़े ऐलान किए हैं। AAP मुख्य रूप से फ्री बिजली, पानी, महिला सम्मान और संजीवनी योजना जैसे बड़े वादों के साथ मैदान में उतरी है।
कांग्रेस ने भी बड़ा दांव चलते हुए 400 यूनिट फ्री बिजली और महिलाओं को हर महीने 2500 रुपये देने का वादा किया है। वहीं, BJP के चुनावी घोषणापत्र में भी इन मुद्दों की झलक देखने को मिल सकती हैं।
किस मुद्दे पर कौन लड़ेगा चुनाव?
आम आदमी पार्टी दिल्ली के विकास और अपनी सरकार के कामकाज का लगातार बखान करती नजर आ रही है। पार्टी ने विकास को दिल्ली चुनाव का मुद्दा बनाया है। इसके अलावा AAP दिल्ली में बढ़ते अपराध को लेकर केंद्र सरकार पर हमलावर भी है।
वहीं, BJP और कांग्रेस दोनों ही भ्रष्टाचार के मुद्दे को लेकर आम आदमी पार्टी को घेर रही है। शराब घोटाले से लेकर CM आवास को भी बड़ा चुनावी मुद्दा बनाया जा रहा है।
Published By : Ruchi Mehra
पब्लिश्ड 7 January 2025 at 12:57 IST