BIG Breaking : जलगांव में बीजेपी की एक सीट पर जीत, क्लीन स्वीप की ओर रुझान, धारावी में कांग्रेस ने खोला खाता
Maharashtra Election Results : जलगांव में बीजेपी ने पहली सीट जीती और क्लीन स्वीप की मजबूत स्थिति में है। वहीं धारावी से कांग्रेस ने जीत दर्ज की। मतगणना जारी, महायुति और MVA के बीच कड़ी टक्कर है।
- चुनाव न्यूज़
- 2 min read

BMC Election Results : महाराष्ट्र के 29 महानगरपालिकाओं के लिए हुए निकाय चुनावों के नतीजे आज (16 जनवरी 2026) आ रहे हैं। मतगणना शुरू होते ही कई जगहों से शुरुआती रुझान में भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने बढ़त बनाई। उत्तर महाराष्ट्र के महत्वपूर्ण शहर जलगांव में BJP ने शानदार प्रदर्शन की शुरुआत की है।
जलगांव नगर निगम से पहला नतीजा सामने आया है, जहां बीजेपी ने एक सीट पर जीत दर्ज की है। वहीं, बाकी वार्डों के रुझान में पार्टी क्लीन स्वीप यानी सभी या अधिकांश सीटों पर बढ़त बनाए हुए दिख रही है। जलगांव महानगरपालिका में कुल 75 वार्ड हैं, और यहां बीजेपी मजबूत स्थिति में नजर आ रही है।
उत्तर महाराष्ट्र का महत्वपूर्ण शहर
जलगांव, उत्तर महाराष्ट्र का महत्वपूर्ण शहर है, यहां महायुति गठबंधन (बीजेपी-शिवसेना) का दबदबा पहले से ही देखा जा रहा था और ये रुझान उसी दिशा में इशारा कर रहे हैं। पिछले निकाय चुनावों (2017-18) में भी बीजेपी ने यहां अच्छा प्रदर्शन किया था।
धारावी में कांग्रेस की पहली जीत
वहीं, मुंबई की बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) के चुनाव में भी शुरुआती संकेत मिले हैं। धारावी से कांग्रेस ने एक महत्वपूर्ण जीत हासिल की है। धारावी जैसे घनी आबादी वाले और सामाजिक-आर्थिक रूप से संवेदनशील इलाके में कांग्रेस की यह जीत विपक्षी गठबंधन (MVA) के लिए शुरुआती राहत की तरह देखी जा रही है।
Advertisement
BMC चुनाव पूरे देश की नजरों में है क्योंकि यह देश का सबसे अमीर नगर निकाय है, जिसका सालाना बजट 74,000 करोड़ रुपये से अधिक है। यहां 227 वार्डों के लिए 1,700 से ज्यादा प्रत्याशी मैदान में थे। शुरुआती रुझान बताते हैं कि बीजेपी के नेतृत्व वाली महायुति गठबंधन मजबूत स्थिति में है, लेकिन धारावी जैसी कुछ सीटों पर कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों ने अच्छा प्रदर्शन किया है।
ये शुरुआती नतीजे और रुझान हैं, मतगणना अभी जारी है और अंतिम परिणाम आने में समय लग सकता है। राज्य के अन्य कई नगर निगमों जैसे पुणे, ठाणे, नासिक, नागपुर आदि में भी कड़ी टक्कर देखने को मिल रही है।