अपडेटेड 16 October 2025 at 08:18 IST
Bihar Election 2025: खत्म हुई नाराजगी, उपेंद्र कुशवाहा ने जारी की उम्मीदवारों की पहली LIST, पत्नी को इस सीट से मैदान में उतारा
Bihar Election: एनडीए में सीट बंटवारे के ऐलान के बाद भी उपेंद्र कुशवाहा नाराज चल रहे थे। हालांकि उनकी नाराजगी अब दूर हो गई है, जिसके बाद कुशवाहा की पार्टी ने अपने उम्मीदवारों की पहली सूची भी जारी कर दी। जानिए पार्टी ने किसे कहां से मैदान में उतारा है?
- चुनाव न्यूज़
- 3 min read

Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर एनडीए गठबंधन में सीटों के बंटवारे का ऐलान हो गया है। बीते दिन केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात के बाद उपेंद्र कुशवाहा और BJP के बीच भी बात बन गई। इसके बाद राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) ने भी 4 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी। कुशवाहा ने अपनी पत्नी स्नेहलता को भी चुनाव लड़ने का टिकट दिया है।
उपेंद्र कुशवाहा ने 4 सीटों पर उतारे उम्मीदवार
एनडीए गठबंधन में उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी को चुनाव लड़ने के 6 सीटें मिली हैं, जिसमें से 4 सीटों पर अपने उम्मीदवारों के नामों का RLM ने ऐलान कर दिया। पार्टी की इस लिस्ट में सबसे प्रमुख नाम उपेंद्र कुशवाहा की पत्नी स्नेहलता का है। पार्टी ने उन्हें सासाराम सीट से उम्मीदवार बनाया है।
इसके अलावा दिनारा से आलोक कुमार सिंह, उजियारपुर से प्रशांत कुमार पंकज और मधुबनी से माधव आनंद को मैदान में उतारा गया है। RLM से फिलहाल पारू और बाजपट्टी सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा नहीं की है।
सीट बंटवारे के बाद नाराज थे कुशवाहा
एनडीए में सीट बंटवारे का ऐलान पहले ही हो चुका है। वहीं, उपेंद्र कुशवाहा इससे नाराज बताए जा रहे थे। NDA में महुआ सीट को लेकर उपेंद्र कुशवाहा और चिराग पासवान की पार्टी LJP (रामविलास) के बीच मतभेद की खबरें सामने आ रही थीं। बताया गया कि कुशवाहा इस सीट से अपना उम्मीदवार उतारना चाहते थे, लेकिन BJP ने आखिरकार यह सीट चिराग पासवान को दे दी है।
Advertisement
दिल्ली में अमित शाह से की मुलाकात, फिर बनी बात
इसके बाद कुशवाहा बुधवार (15 अक्टूबर) को दिल्ली भी पहुंचे। यहां वे गृह मंत्री अमित शाह से मिले। करीब 45 मिनट चली मीटिंग के बाद कुशवाहा मान गए हैं। अमित शाह से मुलाकात के बाद उन्होंने कहा एनडीए बिहार चुनाव साथ मिलकर लड़ेगा और राज्य में फिर से सरकार बनाएगा। बैठक में उन्हें विधान परिषद सीट ऑफर की गई। इसके अलावा महुआ की जगह उन्हें पारु सीट भी दी गई। इसके बाद सीट बंटवारे पर अंतिम सहमति बनी।
बिहार चुनाव के लिए एनडीए में सीटों के बंटवारे का फॉर्मूला तय हो चुका है। जेडीयू और बीजेपी 101-101 सीटों पर चुनाव लड़ रही हैं। तो वहीं बाकी 41 सीटें सहयोगी दलों को दी गई हैं। चिराग पासवान की LJP (R) को 29 सीटें, उपेंद्र कुशवाहा की आरएलएम और जीतनराम मांझी की हिंदुस्तान आवाम मोर्चा को छह-छह सीटें मिली हैं। दूसरी ओर महागठबंधन में अभी तक माथापच्ची जारी है। सीटों के बंटवारे का ऐलान होना अभी बाकी है।
Advertisement
Published By : Ruchi Mehra
पब्लिश्ड 16 October 2025 at 08:16 IST