अपडेटेड 18 October 2025 at 23:28 IST

Bihar Election: वोटिंग से पहले तेजस्वी की बढ़ी टेंशन, JMM ने दिया जोर का झटका तो 10 सीटों पर महागठबंधन के दलों ने ही आमने-सामने ठोक दी ताल

Bihar Election: प्रदेश में पहले चरण का चुनाव गुरुवार 6 नवंबर 2025 को होगा। दूसरे चरण का चुनाव मंगलवार 11 नवंबर 2025 को होगा। पहले फेज में कुल 121 सीटों के लिए वोटिंग होगी वहीं, दूसरे फेज में कुल 122 विधानसभा सीटों के लिए वोटिंग होगी।

Follow : Google News Icon  
Rahul Gandhi- Tejashwi Yadav
Rahul Gandhi- Tejashwi Yadav | Image: ANI

Bihar Election: बिहार विधानसभा चुनाव में इस बार अलग ही खेल देखा जा रहा है। एक ओर जहां एनडीए में सीट बंटवारे को लेकर उतनी परेशानी खुलकर सामने नहीं आई, वहीं दूसरी ओर महागठबंधन में परेशानी ही परेशानी दिख रही है। महागठबंधन में पहले राजद, कांग्रेस, माले/CPI-ML, वीआईपी और जेएमएम पार्टियां थीं। लेकिन अब जेएमएम ने तेजस्वी और महागठबंधन को झटका देते हुए अपना एक अलग रास्ता अपनाया है।

वहीं, इससे पहले महागठबंधन में विभिन्न पार्टियों के सीट बंटवारे से पहले ही सीपीआई-एमएल ने अपने करीब 18 उम्मीदवारों की लिस्ट भी जारी कर दी थी। कांग्रेस की नाराजगी और तेजस्वी की अपनी मांग और बात पर अड़े रहने की भी खबर सामने आई थी।

बहरहाल, महागठबंधन में अब कई चीजें सही हो गईं हैं लेकिन झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) का झटका और बिहार की कई विधानसभा सीटों पर महागठबंधन के दलों का आपस में ही आमने-सामने ताल ठोकने की खबर ने तेजस्वी की चिंता बढ़ा दी है। जानकार मानते हैं कि इससे कहीं न कहीं महागठबंधन को नुकसान हो सकता है तो वहीं एनडीए को इसका लाभ मिल सकता है।

महागठबंधन से अलग होकर JMM इन सीटों पर लड़ेगी चुनाव 

मिली जानकारी के अनुसार, झारखंड की सत्ताधारी पार्टी झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) ने बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर एक बड़ा राजनीतिक फैसला लिया है। झामुमो ने महागठबंधन के साथ गठबंधन तोड़ते हुए, बिहार की छह विधानसभा सीटों पर अकेले चुनाव लड़ने की घोषणा कर दी है। 
झामुमो जिन छह सीटों पर अपने उम्मीदवार उतार रही है, उनमें चकाई, धमदाहा, कटोरिया (एसटी), मनिहारी (एसटी), जमुई और पीरपैंती शामिल हैं। ये सभी सीटें बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के तहत आती हैं, जहां 11 नवंबर को मतदान होना है। इन सीटों पर झामुमो के उतरने से महागठबंधन, खासकर राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के समीकरणों पर सीधा असर पड़ सकता है।

Advertisement

इन 10 सीटों पर आमने-सामने हैं महागठबंधन के प्रत्याशी 

महागठबंधन में प्रत्याशियों के नामों पर सहमति नहीं बनने का नतीजा यह हुआ है कि बिहार विधानसभा चुनाव में करीब 10 सीटों पर महागठबंधन के नेता आमने-सामने हैं। मतलब कि वे खुद के गठबंधन के खिलाफ ही चुनावी मैदान में हैं।

  1. बिहारशरीफ: नालंदा जिले की बिहारशरीफ विधानसभा सीट से महागठबंधन के नेता आमने-सामने हैं। यहां से कांग्रेस के उमर खान चुनाव लड़ रहे हैं तो सीपीआई के सतीश यादव ने भी नामांकन करा लिया है।
  2. वैशाली: वैशाली जिले की इस सीट पर कांग्रेस के संजीव कुमार और राजद के अजय कुशवाहा आमने-सामने हैं। इन दोनों के लड़ने से महागठबंधन को फायदा नहीं बल्कि नुकसान दिख रहा है।
  3. कहलगांव: भागलपुर जिले के कहलगांव से कांग्रेस के प्रवीण कुमार कुशवाहा और राजद के रजनीश यादव आमने-सामने हैं।
  4. आलमनगर: मधेपुरा की इस सीट से नवीन कुमार ने राजद और वीआईपी दोनों पार्टियों के सिंबल पर नामांकन भरा है।
  5. रोसरा: समस्तीपुर की रोसरा विधानसभा सीट से राजद और कांग्रेस के प्रत्याशियों के आमने-सामने टक्कर देने की खबर आई है।
  6. तारापुर: मुंगेर जिले की इस सीट से महागठबंधन के राजद और वीआईपी के बीच विवाद की खबर है।
  7. गौरा बौराम: दरभंगा की इस सीट से फिलहाल राजद और वीआईपी आमने-सामने हैं। खबर है कि इस सीट को राजद ने वीआईपी को ही दे दिया है तो हो सकता है कि वह अपने प्रत्याशी के नाम की वापसी करा ले।
  8. राजापाकर: वैशाली जिले की इस विधानसभा सीट से कांग्रेस की प्रतिमा दास और भाकपा-माले के मोहित पासवान आमने-सामने हैं।
  9. लालगंज: लालगंज भी वैशाली जिले में ही पड़ता था। इस विधानसभा क्षेत्र से राजद ने शिवानी शुक्ला को अपना प्रत्याशी बनाया है वहीं,  कांग्रेस ने आदित्य कुमार को मैदान में उतारा है।
  10. बछवारा: समस्तीपुर जिले की इस सीट से कांग्रेस और भाकपा-माले आमने-सामने हैं।

14 नवंबर 2025 को आएंगे बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजे 

बिहार विधानसभा में कुल 243 सीटें हैं, जिनके लिए वोटिंग होनी है। बीते दिनों भारत निर्वाचन आयोग के मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने बिहार में कुल 2 चरणों में विधानसभा चुनाव कराने की घोषणा की थी। प्रदेश में पहले चरण का चुनाव गुरुवार 6 नवंबर 2025 को होगा। दूसरे चरण का चुनाव मंगलवार 11 नवंबर 2025 को होगा। पहले फेज में कुल 121 सीटों के लिए वोटिंग होगी वहीं, दूसरे फेज में कुल 122 विधानसभा सीटों के लिए वोटिंग होगी।

Advertisement

इसके नतीजे 14 नवंबर 2025 दिन शुक्रवार को आएंगे। किसी भी पार्टी या गठबंधन को बिहार में अपनी सरकार बनाने को लेकर बहुमत के लिए 122 सीटों पर जीतना जरूरी है।

ये भी पढ़ें - Bihar Election: बिहार पर चढ़ा चुनावी रंग, तेज प्रताप की पार्टी जनशक्ति जनता दल का उम्मीदवार नामांकन के लिए भैंस पर बैठकर पहुंचा, VIDEO

Published By : Amit Dubey

पब्लिश्ड 18 October 2025 at 23:11 IST