अपडेटेड 8 October 2025 at 07:33 IST
Bihar Election: सीट शेयरिंग पर NDA में फंसा पेंच? इधर मांझी नाराज, उधर टेंशन में चिराग पासवान; बोले- कुछ भी कहना जल्दबाजी
Bihar Assembly Election 2025: एनडीए गठबंधन में अबतक सीट शेयरिंग को लेकर बात नहीं बन पाई है। एक तरफ तो जीतन राम मांझी की नाराजगी की खबरें सामने आ रही हैं। दूसरी ओर चिराग पासवान की मांगें भी मामला उलझा रही हैं।
- चुनाव न्यूज़
- 3 min read

Bihar Election 2025: बिहार चुनाव की तारीखों का ऐलान हो चुका है, लेकिन अब तक एनडीए और महागठबंधन के बीच सीट बंटवारे का फॉर्मूला तय नहीं हो पाया है। बैठकों का दौर जारी है। सीट बंटवारे को लेकर इस वक्त एनडीए में टेंशन देखने मिल रही है। एक ओर तो जीतन राम मांझी की नाराजगी की खबरें सामने आ रही हैं। दूसरी तरफ चिराग पासवान भी BJP की मुश्किलें बढ़ा रहे हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार वो अपनी कुछ शर्तों को लेकर अड़े हैं, जिसके चलते सीट बंटवारे को लेकर पेंच फंस रहा है।
इस बीच चिराग पासवान ने सीट बंटवारे को लेकर सवाल पर कोई टिप्पणी नहीं की। उन्होंने कहा कि बातचीत अभी बहुत ही शुरुआती दौर में है। चीजें फाइनल न होने तक कुछ भी कहना सही नहीं है।
सीट बंटवारे पर क्या बोले चिराग पासवान?
दरअसल, लोक जनशक्ति पार्टी रामविलास के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान पटना पहुंचे। यहां उनसे सीट बंटवारे को लेकर मीडिया ने सवाल किया। इस पर चिराग ने कहा, "जैसा मैंने कहा कि सही समय पर सारी जानकारी साझा की जाएगी। अभी बहुत शुरुआती दौर में बातचीत है।" चिराग का कहना है कि जब तक सारी चीजें साफ नहीं हो जातीं, तब तक कुछ भी बताने का कोई मतलब नहीं है।
दिल्ली में BJP नेताओं की चिराग संग मुलाकात
इससे पहले मंगलवार (7 अक्टूबर) को दिल्ली में BJP के चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान, विनोद तावड़े और मंगल पांडे ने चिराग पासवान से मुलाकात की थी। इस बैठक में सीट शेयरिंग पर बातचीत करना मकसद था। मुलाकात के बाद चिराग पटना पहुंचे।
Advertisement
40 सीटों पर अड़े चिराग?
सूत्रों के मुताबिक चिराग पासवान ने कम से कम 40 'जिताऊ सीटों’ की डिमांड रखी है। इसको लेकर उनका कहना है कि लोकसभा चुनाव 2024 में उनकी पार्टी ने सभी 5 सीटें जीती थीं। ऐसे में उनको विधानसभा चुनाव में भी सम्मानजनक हिस्सेदारी दी जानी चाहिए।
2020 के चुनाव में चिराग पासवान ने JDU से नाराजगी के चलते NDA से अलग रास्ता चुना था। उनकी पार्टी ने कई सीटों पर नीतीश कुमार के उम्मीदवारों के खिलाफ चुनाव लड़ा था, जिससे JDU को काफी नुकसान भी हुआ। इस बार भी उनके तेवर देख अंदाजा लगाया जा रहा है कि वो अलग राह चुन सकते हैं। उनके प्रशांत किशोर की पार्टी संग गठबंधन की भी अटकलें हैं।
Advertisement
मांझी भी बढ़ा रहे एनडीए की टेंशन
चिराग पासवान ही नहीं जीतन राम मांझी भी सीट बंटवारे का पेंच फंसा रहे हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, मांझी 15 सीटों की मांग कर रहे हैं। इससे कम सीटों पर वो सहमत नहीं हैं, जबकि उन्हें 5-6 सीटों का ऑफर है। मांझी आज (8 अक्टूबर) असम जा सकते हैं और 10 अक्टूबर को दिल्ली लौटेंगे। पिछले चुनाव में उनकी पार्टी ने 7 सीटों पर लड़कर 4 जीती थीं। उन्होंने एनडीए नेताओं से अपील की कि इतनी सीटें दें कि HAM विधानसभा में मजबूत हो सके।
Published By : Ruchi Mehra
पब्लिश्ड 8 October 2025 at 07:33 IST