अपडेटेड 6 November 2025 at 13:23 IST

Bihar Election 2025: 'कांग्रेस-RJD के लोग एक-दूसरे के बाल नोंचने वाले हैं', अररिया की रैली में बोले PM मोदी, महागठबंधन को जमकर घेरा

Bihar Election 2025: बिहार चुनाव 2025 में पहले चरण की वोटिंग जारी है। इस बीच दूसरे फेस के लिए प्रचार करने पीएम मोदी अररिया पहुंचे, जहां वो महागठबंधन पर जमकर बरसते नजर आए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और RJD घुसपैठियों को बचाने में लगे हैं। उन्हें बचाने के लिए, वे तरह-तरह के झूठ बोलते हैं, राजनीतिक यात्राएं आयोजित करते हैं।

Follow : Google News Icon  
PM Modi rally in Araria, Bihar Election 2025
PM Modi rally in Araria, Bihar Election 2025 | Image: X

PM Modi rally in Bihar: बिहार में पहले चरण के लिए मतदान जारी है। इस बीच दूसरे फेज के लिए नेताओं का धुआंधार प्रचार भी चल रहा है। इसी बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज (5 नवंबर) को अररिया में चुनावी रैली को संबोधित करते नजर आए। इस दौरान उन्होंने महागठबंधन पर जमकर निशाना साधा।

बिहार के वोटर्स से पीएम मोदी की अपील

जनसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "आज बिहार को विकसित बनाने के लिए पहले चरण का वोट पड़ रहा है। बिहार के अलग-अलग कोनों से सोशल मीडिया पर अद्भुत तस्वीरें आ रही हैं, सुबह से ही मतदान केंद्रों पर लंबी लाइनें लगी हुई हैं। बिहार के महिलाओं और युवाओं में अभूतपूर्व उत्साह है। मेरा विनम्र आग्रह है कि जिन साथियों ने अभी तक वोट नहीं दिया है, जो अपने घरों से नहीं निकले हैं, वे जल्द से जल्द वोट करें। आज पूरे बिहार से एक ही आवाज आ रही है- फिर एक बार NDA सरकार।"

RJD के नेता एक पीढ़ी का भविष्य खा गए- PM मोदी

अररिया की रैली में RJD को घेरते हुए उन्होंने कहा, "बिहार में जंगलराज की सरकार, 1990 से 2005 तक, 15 साल तक रही। जंगलराज ने बिहार को बर्बाद कर दिया। सरकार चलाने के नाम पर आपको सिर्फ लूटा गया... जंगलराज के 15 साल में बिहार में कितने एक्सप्रेसवे बने - शून्य, यानि निल बटे सन्नाटा। जंगलराज के उन 15 वर्षों में, बिहार में एक भी IIT या IIM नहीं आया। एक पूरी पीढ़ी का भविष्य RJD के नेता खा गए।"

PM मोदी ने कहा, "NDA सरकार में नीतीश कुमार ने बिहार को जंगलराज से बाहर निकालने के लिए कड़ी मेहनत की है। 2014 में डबल इंजन की सरकार बनने के बाद बिहार के विकास को नई गति मिली। पटना में IIT की स्थापना हुई है, बोधगया में IIM की स्थापना हुई है, पटना में AIIMS की स्थापना हुई है, दरभंगा AIIMS का काम तेज गति से चल रहा है, बिहार में एक राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय भी है। बिहार में एक नहीं बल्कि चार केंद्रीय विश्वविद्यालय स्थापित किए गए हैं।"

Advertisement

‘ये तो शुरुआत है, नतीजे आने दीजिए फिर…’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "कुछ दिनों पहले मैंने कांग्रेस-RJD में जो झगड़े हो रहे हैं, एक-दूसरे की टांग खींचने के जो काम हो रहे हैं, उसकी पोल खोल दी थी। ये पोल खोलने के बाद कांग्रेस और RJD के बीच झगड़ा और बढ़ गया है। अभी हमने देखा कि कांग्रेस ने उपमुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार को RJD के खिलाफ मोर्चे पर उतार दिया है। वे मीडिया को इंटरव्यू दे रहे हैं और RJD के जंगलराज की कलई खोल रहे हैं। वे कह रहे हैं कि इस जंगलराज में दलितों, महादलितों और अति पिछड़ों के साथ सबसे अधिक जुल्म हुआ है। अभी तो यह शुरुआत है, चुनाव नतीजे आने दें, ये कांग्रेस-RJD के लोग एक-दूसरे के बाल नोचने लगेंगे।"

घुसपैठियों के मुद्दे पर भी पीएम मोदी ने कांग्रेस-RJD को घेरा। जनसभा में उन्होंने कहा, "हमारे प्रयासों के सामने एक बड़ी चुनौती है: घुसपैठिए। NDA सरकार पूरी क्षमता और ईमानदारी से घुसपैठियों की पहचान कर रही है। उन्हें देश से बाहर निकालने के लिए काम कर रही है, लेकिन कांग्रेस और RJD उन्हें बचाने में लगे हैं। उन्हें बचाने के लिए, वे तरह-तरह के झूठ बोलते हैं, राजनीतिक यात्राएं आयोजित करते हैं।"

Advertisement

छठी मैया, महाकुंभ का किया अपमान- PM मोदी

पीएम मोदी ने कांग्रेस-RJD पर महागठबंधन का छठी मैया का अपमान करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, “कांग्रेस हो या RJD, उन्हें देश की सुरक्षा और आस्था की कोई चिंता नहीं है, इसलिए वे हमारी आस्था और हमारी संस्कृति का अपमान करते हैं। कांग्रेस के नामदार बिहार में आते हैं और छठी मइया की पूजा को ड्रामा कहते हैं... हमारी माताएं और बहनें छठी मइया की पूजा करती हैं, लेकिन वे इसे नौटंकी कहते हैं और फिर राजद के बड़े नामदारों के मुंह पर ताला लग जाता है। जब महाकुंभ चल रहा था, तब यही बड़े नाम उछल-उछल कर महाकुंभ के स्नान का मजाक उड़ाते थे।”

यह भी पढ़ें: बिहार के दंगल में कितने बाहुबली आजमा रहे ताकत? पहले चरण के चुनाव में इन चेहरों का दबदबा

Published By : Sujeet Kumar

पब्लिश्ड 6 November 2025 at 13:23 IST