Bihar Election: खेसारी लाल यादव का जलवा, सबसे ज्यादा बार डाउनलोड किया गया एक्टर का चुनावी हलफनामा; जानिए ऐसा क्यों हुआ?
बिहार विधानसभा चुनाव में इस बार ग्लैमर का तड़का लगाते हुए भोजपुरी सुपरस्टार खेसारी लाल यादव ने राजनीति में एंट्री की है।
- चुनाव न्यूज़
- 3 min read

बिहार विधानसभा चुनाव में इस बार ग्लैमर का तड़का लगाते हुए भोजपुरी सुपरस्टार खेसारी लाल यादव ने राजनीति में एंट्री की है। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने उन्हें सारण जिले की छपरा विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया है। नामांकन के दौरान दाखिल किए गए हलफनामे में खेसारी लाल यादव ने अपनी कुल संपत्ति का खुलासा किया है। इस हलफनामे में खेसारी लाल से जुड़ी हर छोटी बड़ी जानकारी है। लेकिन इसके अलावा एक और बात है जो यह साबित करती है कि बिहार में खेसारी लाल यादव का जलवा है।
जी हां चुनाव में नामांकन के दौरान बिहार के जितने भी प्रत्याशियों ने हलफनामा दाखिल किया है उसमें सबसे ज्यादा खेसारी लाल के एफिडेविट को डाउनलोड किया गया है। यूं कहें कि खेसारी लाल यादव का एफिडेविट डाउनलोड में नंबर वन पर है। इसी को शेयर करते हुए खेसारी लाल ने चुनाव परिणाम में भी टॉप होने का दावा किया है।
24.81 करोड़ रुपये की संपत्ति के मालिक खेसारी
नामांकन के दौरान दाखिल किए गए हलफनामे में खेसारी लाल यादव ने अपनी कुल संपत्ति 24.81 करोड़ रुपये बताई है। हलफनामे के मुताबिक, खेसारी लाल के पास 16.89 करोड़ रुपये की चल संपत्ति और 7.91 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति है। वहीं, उनकी पत्नी चंदा यादव के पास 90.02 लाख रुपये की चल और 6.49 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति दर्ज है। दोनों के पास मिलाकर कुल संपत्ति लगभग 25 करोड़ रुपये से अधिक की है।
खेसारी के पास कौन-कौन सी है लग्जरी कार
Advertisement
खेसारी लाल यादव के पास एक तीन करोड़ रुपये की लग्जरी कार, कई बैंक खाते और 35 लाख रुपये के सोने के गहने हैं। वहीं, नकद के रूप में उनके पास 5 लाख रुपये और उनकी पत्नी के पास 2 लाख रुपये हैं। राजद में शामिल होने के एक दिन बाद ही उन्हें टिकट दिया गया था। शुक्रवार को नामांकन दाखिल करते समय उन्होंने कहा कि मेरा दिल हमेशा से राजद के साथ रहा है, अब जनता की सेवा के लिए राजनीति में आया हूं। आपको बता दें कि इस सीट से इनकी पत्नी चंदा यादव चुनाव लड़ने वाली थी, लेकिन अब खुद खेसारी मैदान में उतर चुके हैं।
खेसारी लाल यादव ने लगभग 100 फिल्मों में किया है काम
Advertisement
खेसारी लाल यादव ने लगभग 100 फिल्मों में काम किया है और 5,000 से अधिक भोजपुरी गीत गाए हैं। उन्होंने दावा किया कि उनके पिता मंगरू यादव शुरुआत में सुबह में एक रेहड़ी-पटरी वाले के रूप में और रात में एक सुरक्षा गार्ड के रूप में काम करते थे। खेसारी लाल यादव का दावा है कि वह बचपन में मवेशी चराते और उनका दूध बेचते थे। उन्होंने कहा है कि बाद में, वह दिल्ली चले गए, जहां उन्होंने अपने माता-पिता और पत्नी के साथ 'लिट्टी-चोखा' बेचना शुरू किया।