अपडेटेड 24 October 2025 at 16:20 IST
Bihar Election: चुनावी कयासों पर सीएम ने लगाया विराम, PM मोदी के सामने CM नीतीश कुमार का ऐलान- JDU हमेशा NDA का हिस्सा रहेगी
Nitish Kumar: यहां बता दें कि 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में मुख्य मुकाबला राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) और महागठबंधन के बीच माना जा रहा है । एनडीए में भारतीय जनता पार्टी, जनता दल (यूनाइटेड), लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास), हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (सेक्युलर) और राष्ट्रीय लोक मोर्चा शामिल हैं।
- चुनाव न्यूज़
- 3 min read

Nitish Kumar: बिहार विधानसभा चुनाव की तारीखें जैसे-जैसे नजदीक आती जा रही हैं, वैसे-वैसे प्रदेश में सियासी हलचल बढ़ती जा रही है। इस बीच आज समस्तीपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहली चुनावी रैली में सीएम नीतीश कुमार ने पूर्व की लालू-राबड़ी की राजद की सरकार को निशाने पर लिया है।
जिला समस्तीपुर से जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि पूर्व की राजद की सरकार ने बिहार के लिए कोई विकास का कार्य नहीं किया। उन्होंने लालू-राबड़ी की सरकार पर आरोप लगाया कि इन्होंने अपने परिवार के लिए काम किया है। वहीं, एक बार फिर से मुख्यमंत्री नीतीश ने कहा है कि JDU हमेशा NDA का हिस्सा रहेगी।
लालू- राबड़ी ने अपने परिवार के लिए काम किया- सीएम नीतीश
न्यूज एजेंसी एएनआई की एक रिपोर्ट के अनुसार, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा, "बिहार की पिछली सरकार ने बिहार के लोगों के विकास के लिए कभी कुछ नहीं किया। जब उन्हें (लालू प्रसाद यादव) सत्ता से हटाना पड़ा, तो उन्होंने अपनी पत्नी को मुख्यमंत्री बना दिया। उन्होंने अपने परिवार के लिए काम किया।"
हम हमेशा एनडीए के साथ रहेंगे- नीतीश कुमार
मुख्यमंत्री नीतीश ने मंच पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सामने कहा, "हम हमेशा एनडीए के साथ रहेंगे। " यहां बता दें कि सीएम नीतीश कई बार एनडीए से गठबंधन तोड़कर राजद के साथ जा चुके हैं। लेकिन आज फिर से उन्होंने जनता को विश्वास दिलाया है कि वे यानी कि उनकी पार्टी जदयू भी हमेशा एनडीए का हिस्सा रहेगी। मालूम हो कि इससे पहले नीतीश कभी एनडीए में तो बीते वर्षों में दो बार राजद गठबंधन में जा चुके हैं। इस कारण राजनीतिक गलियारे में उनपर पलटी मारने के आरोप लगते रहे हैं। लेकिन नीतीश कुमार बार-बार अब इस बात को कह रहे हैं कि वे एनडीए का हमेशा हिस्सा रहेंगे।
Advertisement
राजद शासित राज्य में कानून-व्यवस्था कायम नहीं रह सकती - पीएम मोदी
वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विपक्षी महागठबंधन पर निशाना साधते हुए उन पर बिहार के युवाओं के कल्याण की बजाय अपने परिवार के राजनीतिक भविष्य को प्राथमिकता देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि ये पार्टियां राज्य के युवाओं के सामने झूठ के नए कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं।
राजद पर अपने हमले तेज करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि राजद शासित राज्य में कानून-व्यवस्था कायम नहीं रह सकती। उन्होंने बिहार में राजद के "जंगल राज" की भी आलोचना की और आरोप लगाया कि उस समय बड़े पैमाने पर जबरन वसूली, हत्या, फिरौती और अपहरण होता था, जिसने राज्य की "पीढ़ियों को बर्बाद" कर दिया।
Advertisement
महागठबंधन बनाम एनडीए
यहां बता दें कि 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में मुख्य मुकाबला राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) और महागठबंधन के बीच माना जा रहा है । एनडीए में भारतीय जनता पार्टी, जनता दल (यूनाइटेड), लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास), हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (सेक्युलर) और राष्ट्रीय लोक मोर्चा शामिल हैं।
वहीं, राष्ट्रीय जनता दल के नेतृत्व वाले महागठबंधन में कांग्रेस पार्टी, दीपांकर भट्टाचार्य के नेतृत्व वाली भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) (सीपीआई-एमएल), भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई), भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) (सीपीएम) और मुकेश सहनी की विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) शामिल हैं।
इसके अलावा प्रशांत किशोर की जन सुराज ने भी राज्य की सभी 243 सीटों पर दावा ठोका है। बिहार विधानसभा चुनाव दो चरणों में 6 और 11 नवंबर को होंगे। इसके नतीजे 14 नवंबर को घोषित किए जाएंगे।
Published By : Amit Dubey
पब्लिश्ड 24 October 2025 at 16:20 IST