Bihar Election: लखीसराय में डिप्टी CM विजय सिन्हा पर हमले को लेकर चुनाव आयोग सख्त, CEC ज्ञानेश कुमार ने दिया तत्काल कार्रवाई का आदेश
Vijay Sinha attack news: उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा पर हुए हमले पर RJD MLC अजय कुमार सिंह ने कहा, "...उनके लोगों ने हमारी गाड़ी रोकी और गुंडागर्दी पर उतर आए। वे चुनाव हार गए इसलिए बौखला गए हैं। विजय सिन्हा का चैप्टर बंद हो चुका है। उन पर हमला नहीं हुआ। वो कई दिनों से ये नाटक रचने का प्रयास कर रहे थे..."
- चुनाव न्यूज़
- 3 min read

Vijay Sinha attack news: बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा पर लखीसराय में उनके काफिले पर हमला को भारत निर्वाचन आयोग ने संज्ञान में लिया है।
न्यूज एजेंसी एएनआई की एक रिपोर्ट के अनुसार, मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार ने गुरुवार को बिहार के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को निर्देश दिया कि वे राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के समर्थकों द्वारा खोरियारी गांव में भाजपा उम्मीदवार विजय कुमार सिन्हा के काफिले को घेरने, "मुर्दाबाद" के नारे लगाते हुए पत्थर और गोबर फेंकने के बाद तत्काल कार्रवाई करें।
किसी को भी कानून अपने हाथ में लेने की इजाजत नहीं। - चुनाव आयोग
रिपोर्ट में चुनाव आयोग के अनुसार बताया गया है कि, किसी को भी कानून अपने हाथ में लेने की इजाजत नहीं दी जाएगी। उपद्रवियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने बिहार के पुलिस महानिदेशक को तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। सभी मतदाताओं से अनुरोध है कि वे बिना किसी डर के अपने-अपने मतदान केंद्रों पर मतदान करें।
इससे पहले, उपमुख्यमंत्री और लखीसराय निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार विजय कुमार सिन्हा की कार पर लोगों ने हमला किया, चप्पल फेंकी और "मुर्दाबाद" के नारे लगाए। गाड़ी पर गोबर भी फेंके गए।
Advertisement
राजद MLC अजय ने मिलकर गांव के लोगों को धमकी दी - विजय सिन्हा
न्यूज एजेंसी एएनआई से बात करते हुए बिहार के उपमुख्यमंत्री और लखीसराय विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार विजय कुमार सिन्हा ने कहा, “यहां राजद MLC अजय और JDU से कांग्रेस में गए सुजीत कुमार ने मिलकर गांव के लोगों को धमकी दी। प्रशासन के साथ मिलकर लोगों को भगाया। नदियामा गांव में भाजपा के समर्थक लोगों को परेशान करने के लिए ये किया गया है... प्रशासन का निक्कमापन और कायरता साफ दिख रहा है।”
विजय सिन्हा का चैप्टर बंद हो चुका है। - RJD MLC अजय कुमार सिंह
उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा पर हुए हमले पर RJD MLC अजय कुमार सिंह ने कहा, "...उनके लोगों ने हमारी गाड़ी रोकी और गुंडागर्दी पर उतर आए। वे चुनाव हार गए इसलिए बौखला गए हैं। विजय सिन्हा का चैप्टर बंद हो चुका है। उन पर हमला नहीं हुआ। वो कई दिनों से ये नाटक रचने का प्रयास कर रहे थे..."