Bihar Election : बिहार में सीट बंटवारे को लेकर NDA में रस्साकसी, BJP के ऑफर से खुश नहीं चिराग पासवान, कल बुलाई इमरजेंसी बैठक
बिहार चुनाव में NDA का सामना RJD-कांग्रेस गठबंधन से है, और सीट बंटवारे का फैसला गठबंधन की एकजुटता के लिए महत्वपूर्ण है। चिराग पासवान की पार्टी को कितनी सीटें मिलेंगी, ये तय नहीं हो पा रहा है।
- चुनाव न्यूज़
- 3 min read

NDA Seat Sharing : राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) में सीट बंटवारे को लेकर बात नहीं बन पा रही है। लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास) के प्रमुख और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कल (गुरुवार) एक इमरजेंसी बैठक बुलाई है। इस बैठक में पार्टी के प्रमुख नेताओं के साथ महत्वपूर्ण चर्चा की जाएगी। सूत्रों के अनुसार, बैठक में मुख्य रूप से आगामी बिहार विधानसभा चुनावों में सीट शेयरिंग को लेकर चर्चा होगी। इस बैठक में सीटों के बंटवारे पर अंतिम फैसला लिया जा सकता है।
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की घोषणा के बाद से राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। चुनाव दो चरणों में 6 और 11 नवंबर को होंगे, और परिणाम 15 नवंबर को घोषित किए जाएंगे। लेकिन अभी तक NDA और महागठबंधन दोनों में सीट शेयरिंग को लेकर घमासान मचा हुआ है। NDA गठबंधन में BJP, जेडीयू, एलजेपी (आरवी) और अन्य सहयोगी दलों के बीच सीट बंटवारे को लेकर चर्चाएं चल रही हैं। चिराग पासवान ने हाल ही में NDA में किसी भी असंतोष की खबरों का खंडन किया है और कहा है कि बातचीत सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ रही है।
BJP के ऑफर से संतुष्ट नहीं चिराग
कल चिराग पासवान ने पार्टी नेताओं को पटना कार्यालय पर इमरजेंसी बैठक के लिए बुलाया है। इस बैठक में सीट शेयरिंग के अलावा चुनावी रणनीति और उम्मीदवारों के चयन पर भी विचार-विमर्श हो सकता है। चिराग पासवान, जो हाल ही में लोकसभा चुनावों में अपनी पार्टी की मजबूत स्थिति के कारण चर्चा में हैं, एनडीए में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। खबरों के मुताबिक चिराग पासवान BJP के ऑफर से संतुष्ट नहीं हैं।
चिराग पासवान ने मांगी 30 सीट
NDA कुल 243 सीटों पर चुनाव लड़ेगा, जहां BJP-JDU मुख्य हैं, लेकिन छोटे सहयोगी (मांझी, कुशवाहा, पासवान) कम सीटों पर असंतुष्ट हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, चिराग पासवान ने 30 सीटों की मांग की है। हालांकि, इस पर कोई आधिकारिक बयान फिलहाल नहीं आया है। मंगलवार को केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, बिहार BJP प्रभारी विनोद तावड़े, बिहार के मंत्री व BJP नेता मंगल पांडे और केंद्रीय मंत्री-LJP (रामविलास) प्रमुख चिराग पासवान के बीच करीब 30 मिनट तक सीटों को लेकर बातचीत हुई थी।
Advertisement
सम्राट चौधरी ने बताया सब ठीक
बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि NDA में सब ठीक है। उन्होंने कहा कि "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में NDA पूरी तरह एकजुट होकर सबसे वार्ता कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, चिराग पासवान, जीतन राम मांझी और उपेंद्र कुशवाहा, सभी पार्टियों से लगातार BJP के नेता बातचीत कर रहे हैं। बड़े सौहार्द माहौल में सबसे वार्ता हो रही है और जल्द ही आप सभी को खुशखबरी मिलेगी।"
वहीं, बिहार सरकार में मंत्री हरि सहनी ने कहा कि पूरा बिहार जानता है कि NDA मजबूत है और इसलिए बिहार मजबूती से विकास की गति पर आगे बढ़ रहा है। NDA में कोई समस्या नहीं है।