LIVE BLOG

Bihar Election 2025: किसकी बनेगी सरकार? जनता ने कर दिया आर-पार, बिहार में रिकॉर्ड तोड़ वोटिंग; मतदान प्रतिशत 64 के पार

Live Bihar Election 2025 Phase 1 Voting: बिहार के 18 जिलों की 121 विधानसभा सीटों पर मतदान हो चुका है। सुबह 7 बजे से वोटिंग शुरू हुई जो शाम 6 बजे तक चली। हालांकि सुरक्षा कारणों से 6 विधानसभा क्षेत्रों में 2135 बूथों पर शाम 5 बजे तक ही वोटिंग हुई। पहले चरण में कुल 64.66% वोटिंग हुई है।

Follow : Google News Icon  
Bihar Election 2025 Phase 1 Voting
बिहार विधानसभा चुनाव का पहला चरण संपन्न | Image: Republic

LIVE Updates Bihar Vidhan Sabha Chunav 2025 Phase 1 Voting : बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए आज सुबह 7 से वोटिंग शुरू हुई, जो शाम 6 बजे समाप्त हो गई। पहले चरण में बिहार की 243 सीटों में से 121 विधानसभा सीटों पर मतदान हुआ। इसमें कई हॉट सीटें शामिल रहीं। चुनाव में एनडीए और महागठबंधन के बीच कांटे की टक्कर मानी जा रही है। पहले चरण में पटना (Patna), मधेपुरा, सहरसा, मुजफ्फरपुर, दरभंगा (Darbanga), सारण, सीवान, गोपालगंज, वैशाली, समस्तीपुर, बेगूसराय (Begusarai), खगड़िया, मुंगेर, लखीसराय, शेखपुरा, नालंदा (Nalanda), भोजपुर और बक्सर में आज चुनाव हुआ है। इस दौरान बिहार सरकार के 14 मंत्रियों की किस्मत भी EVM में कैद हो गई। पहले चरण में बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, विजय कुमार सिन्हा और विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव की किस्मत भी ईवीएम में कैद हो गई।
 

Live Blog

Bihar Election 2025 Phase 1 Voting Live: बिहार के 18 जिलों की 121 विधानसभा सीटों पर मतदान हो चुका है। सुबह 7 बजे से वोटिंग शुरू हुई जो शाम 6 बजे तक चली। हालांकि सुरक्षा कारणों से 6 विधानसभा क्षेत्रों में 2135 बूथों पर शाम 5 बजे तक ही वोटिंग हुई। इन 121 सीटों पर कुल 1314 उम्मीदवारों की किस्मत दांव पर लगी हैं। इसमें तेजस्वी यादव, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा, मैथिली ठाकुर, तेज प्रताप जैसे दिग्गज शामिल हैं।


 


 


हमारा ये जुनून ये जज्बा ये हौसला 11 तारीख को भी दिखना चाहिए - तेजस्वी यादव

पहले चरण का चुनाव संपन्न होने के बाद महागठबंधन के सीएम चेहरा और राघोपुर से राजद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव की प्रतिक्रिया आई है। RJD नेता तेजस्वी यादव ने कहा, "आज पहले चरण का मतदान खत्म हुआ। बंपर वोटिंग हुई है। मैं कह सकता हूं कि लोगों ने महागठबंधन के जीत पर मुहर लगाने का काम किया है। महागठबंधन के सभी कार्यकर्ताओं को मैं धन्यवाद देना चाहता हूं। हमारा ये जुनून ये जज्बा ये हौसला 11 तारीख को भी दिखना चाहिए। चलिए मिलकर नया बिहार बनाते हैं।"


121 सीटों में से 80 सीटें महागठबंधन को मिलेंगी - राजीव शुक्ला

बिहार के गयाजी में  कांग्रेस नेता राजीव शुक्ला ने कहा, "हमारा अनुमान है कि 121 सीटों में से 80 सीटें महागठबंधन को मिलेंगी। प्रचंड बहुमत से हम जीत रहे हैं।"


Advertisement

फिर से NDA सरकार बनेगी। - विजय कुमार सिन्हा

बिहार के डिप्टी सीएम और लखीसराय विधानसभा सीट से एनडीए की ओर से भाजपा के प्रत्याशी विजय कुमार सिन्हा ने कहा, "डबल इंजन की सरकार पर लोगों का विश्वास है। फिर से NDA सरकार बनेगी। लखीसराय को हॉट सीट बना दिया था। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा था कि लिखकर ले लीजिए विजय सिन्हा यहां से नहीं जीतेंगे। कुछ लोगों ने इसे प्रतिष्ठा बनाया था जिसे जनता ने जवाब दे दिया है।"


64.66 फीसदी हुआ मतदान - ECI

भारत निर्वाचन आयोग की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण में अभी तक 64.66 फीसदी मतदान हुआ है। यह ऐतिहासिक रिकॉर्ड है क्योंकि बिहार में अभी तक मतदान प्रतिशत इतना ऊपर नहीं गया था। 
 


Advertisement

पहले चरण की वोटिंग में एनडीए ने भारी बढ़त हासिल कर ली है - पीएम मोदी

पहले चरण का मतदान खत्म होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी पहली प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट करके लिखा है - बिहार विधानसभा चुनावों में पहले चरण की वोटिंग में एनडीए ने भारी बढ़त हासिल कर ली है। इसके साथ ही दूसरे चरण में भी हर तरफ उसकी लहर नजर आ रही है। जनता-जनार्दन के इसी जोश के बीच कल दोपहर करीब 1:45 बजे औरंगाबाद और लगभग 3:30 बजे भभुआ में अपने परिवारजनों से संवाद का सौभाग्य प्राप्त होगा।
 


प्रथम चरण में आपकी उत्साहपूर्ण भागीदारी के लिए धन्यवाद - भारत निर्वाचन आयोग

बिहार में पहले चरण का मतदान सफलतापूर्वक संपन्न होने के बाद भारत निर्वाचन आयोग ने बिहार की जनता के प्रति आभार व्यक्त किया है। आयोग ने कहा है - बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के प्रथम चरण में आपकी उत्साहपूर्ण भागीदारी के लिए धन्यवाद।

चुनाव आयोग ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर एक पोस्ट करके लिखा - बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में भाग लेने वाले सभी मतदाताओं के प्रति हम हार्दिक आभार व्यक्त करते हैं। आपकी प्रतिबद्धता सचमुच प्रेरणादायक है।
मतदान अधिकारियों, सुरक्षाकर्मियों, स्वयंसेवकों और हमारी सभी टीमों का विशेष धन्यवाद, जिनके प्रयासों से एक सुचारू, स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया सुनिश्चित हुई। हार्दिक आभार, भारत निर्वाचन आयोग।
 


Live Bihar Election 2025: पहले चरण में 64.46 प्रतिशत - मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी

आज देर शाम पटना में प्रेस वार्ता में बिहार के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने विनोद सिंह ने बताया कि पहले चरण में  64.46 प्रतिशत मतदान हुआ है। हालांकि, अभी कुल 45,341 मतदान केंद्रों में से तीन हजार से अधिक केंद्रों से मतदान के आंकड़े आने वाले हैं। 
 


सबसे ज्यादा मतदान होना बिहार में बदलाव का संकेत - पीके

जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर (पीके) ने कहा, "पिछले 30 सालों में सबसे ज्यादा मतदान होना इस बात का संकेत है कि बिहार में बदलाव आ रहा है। 14 नवंबर को एक नई व्यवस्था स्थापित होने जा रही है..."
 


Live Bihar Chunav: पहले चरण में 60.25 प्रतिशत मतदान

न्यूज एजेंसी एएनआई ने भारत निर्वाचन आयोग के अनुसार बताया है कि बिहार चुनाव 2025 के पहले चरण में लगभग 60.25% मतदान हुआ।


121 सीटों में से लगभग 100 सीटों के आस-पास NDA जीत रही है - सम्राट चौधरी

बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा, "शांतिपूर्ण मतदान के लिए मैं बिहार के प्रशासन, बिहार की जनता और चुनाव आयोग को धन्यवाद देना चाहता हूं। जिस तरह बिहार के आम मतदाता बाहर निकलकर मतदान करने का काम कर रहे हैं, उससे स्पष्ट दिखाई दे रहा है कि पिछले चुनाव से 4-5% अधिक मतदान इस चुनाव में हुआ है।"

उन्होंने आगे कहा, "पहले चरण के बाद हमारे प्रतिनिधियों के द्वारा जो रिपोर्ट आई है, 121 सीटों में से लगभग 100 सीटों के आस-पास NDA जीत रही है और यह 2010 के नतीजों को तोड़ने वाला है। आज के चुनाव में महागठबंधन के मुख्यमंत्री दावेदार भी हारने जा रहे हैं... इस बार भी लालू यादव के पूरे परिवार से कोई चुनाव जीतकर नहीं आएगा। सभी को चुनाव में हार देखने को मिलेगी..."


Live Bihar Election 2025: पहले चरण का मतदान समाप्त

पहले चरण में 121 विधानसभा सीटों के लिए आज सुबह 7 बजे से मतदान की प्रक्रिया शुरु हुई थी। अब शाम के 6 बजे के बाद वोटिंग समाप्त हो गई है। सुरक्षा कारणों से सिमरी बख्तियारपुर, महिषी, तारापुर, मुंगेर, जमालपुर और सूर्यगढ़ा विधानसभा क्षेत्र के 56 मतदान केंद्रों पर मतदान का समय घटाकर शाम 5 बजे कर दिया गया था। 
 


शाम 07:30 बजे मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी की प्रेस वार्ता

बिहार के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के ऑफिस के द्वारा अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर जानकारी दी गई है, "बिहार विधान सभा आम निर्वाचन-2025 के तहत प्रथम चरण के मतदान के उपरांत आज दिनांक 06.11.2025 को संध्या 07:30 बजे मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, बिहार के सभागार में प्रेस वार्ता का आयोजन किया जाएगा।" पहले यह प्रेस वार्ता साढ़े 6 बजे होने वाली थी, अब इसके समय में बदलाव करके इसे शाम 07:30 बजे किया गया है। 


Live Bihar Chunav: शाम 05 बजे तक का मतदान प्रतिशत: 60 .13 प्रतिशत

  • बेगूसराय - 67.32 प्रतिशत
  • भोजपुर - 53.24 प्रतिशत
  • बक्सर - 55.10  प्रतिशत
  • दरभंगा -58.38   प्रतिशत
  • गोपालगंज - 64.96  प्रतिशत
  • खगड़िया - 60.65  प्रतिशत
  • लखीसराय  - 62.76 प्रतिशत
  • मधेपुरा -65.74   प्रतिशत
  • मुंगेर - 54.90  प्रतिशत
  • मुजफ्फरपुर-  64.63 प्रतिशत
  • नालंदा -57.58  प्रतिशत
  • पटना -  55.02 प्रतिशत
  • सहरसा -  62.65 प्रतिशत
  • समस्तीपुर -66.65 प्रतिशत
  • सारण - 60.90प्रतिशत
  • शेखपुरा -  52.36प्रतिशत
  • सीवान -  57.41 प्रतिशत
  • वैशाली --59.45  प्रतिशत
     

प्रथम चरण के मतदान के उपरांत आज मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी की प्रेस वार्ता

बिहार के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के ऑफिस के द्वारा अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर जानकारी दी गई है, "बिहार विधान सभा आम निर्वाचन-2025 के तहत प्रथम चरण के मतदान के उपरांत आज दिनांक 06.11.2025 को संध्या 06:30 बजे मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, बिहार के सभागार में प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया है।"


विजय सिन्हा का चैप्टर बंद हो चुका है। - RJD MLC अजय कुमार सिंह

उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा पर हुए हमले पर RJD MLC अजय कुमार सिंह ने कहा, "...उनके लोगों ने हमारी गाड़ी रोकी और गुंडागर्दी पर उतर आए। वे चुनाव हार गए इसलिए बौखला गए हैं। विजय सिन्हा का चैप्टर बंद हो चुका है। उन पर हमला नहीं हुआ। वो कई दिनों से ये नाटक रचने का प्रयास कर रहे थे..."
 


राहुल गांधी मान चुके हैं कि महागठबंधन हारने वाला है - शिवराज सिंह चौहान

पटना में न्यूज एजेंसी एएनआई से  केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा, "जिनको जनता रिजेक्ट कर रही है वो अब रिएक्ट कर रहे हैं। पराजय की बौखलाहट से वे अब हमले किए जा रहे हैं। जंगलराज आज ही व्यवहार में उतारा जा रहा है। राहुल गांधी मान चुके हैं कि महागठबंधन हारने वाला है और इसलिए वे एक दिन पहले वोट चोरी का राग अलाप रहे हैं... NDA आ रहा है इसलिए इस तरह के हमले हो रहे हैं।"


जांच भी होगी और और बहुत कड़ी कार्रवाई होगी - मुंगेर DIG राकेश कुमार

 डिप्टी सीएम विजय सिन्हा के काफिले और उनकी गाड़ी पर हमले  पर मुंगेर DIG राकेश कुमार ने बताया, "मुझे फोन पर इस संबंध में सूचना प्राप्त हुई है और मुख्यालय से भी दिशा निर्देश प्राप्त हुए हैं... यहां के जो प्रत्याशी हैं और उपमुख्यमंत्री हैं, उनसे मेरी बात भी हुई है... मैं इतना जरूर कहना चाहूंगा कि इस घटना के पीछे जो भी लोग जिम्मेदार हैं उनके खिलाफ बहुत कड़ी कार्रवाई होगी। इस मामले में प्राथमिकी भी दर्ज की जाएगी, जांच भी होगी और और बहुत कड़ी कार्रवाई होगी..."


Live Bihar Chunav: 03 बजे तक का मतदान प्रतिशत -- 53. 77 परसेंट

बेगूसराय - 59.82 प्रतिशत
भोजपुर -50.07  प्रतिशत
बक्सर - 51.69 प्रतिशत
दरभंगा - 51.75 प्रतिशत
गोपालगंज - 58.17 प्रतिशत
खगड़िया 54.77 प्रतिशत
लखीसराय  - 57.39 प्रतिशत
माधोपुरा - 55.96 प्रतिशत
पटना -52.17 प्रतिशत
मुंगेर -58.40 प्रतिशत

मुजफ्फरपुर- 58.40 प्रतिशत
नालंदा -52.32 प्रतिशत
सहरसा -55.22प्रतिशत
समस्तीपुर -56.35 प्रतिशत
सारण -54.6 प्रतिशत
शेखपुरा -49.37  प्रतिशत
सीवान - 50.93 प्रतिशत
वैशाली  53.63 प्रतिशत
 


Live Bihar Chunav: 3 बजे तक 53.77 फीसदी हुई वोटिंग

बिहार में पहले चरण की वोटिंग जारी है। आज दोपहर तीन बजे तक कुल 53.77 फीसदी वोटिंग हुई है। मतदाता बढ़ चढ़कर मतदान के लिए हिस्सा लेते हुए दिख रहे हैं। 


उन्होंने अपना वोट शेयर बढ़ाने के लिए यह सब करवाया है - राजद प्रत्याशी वीणा देवी

लखीसराय में उपमुख्यमंत्री विजय सिंह की कार पर हुए हमले पर मोकामा से राजद प्रत्याशी वीणा देवी ने कहा, "...उन्होंने खुद इसकी साजिश रची है। उन्होंने अपना वोट शेयर बढ़ाने के लिए यह सब करवाया है..."

उन्होंने आगे कहा, "...मेरा पूरा परिवार यहां है और हमने मिलकर वोट डाला है..."


यही वो दिन है जब एक गरीब के पास भी ताकत होती है - खान सर

शिक्षक और यूट्यूबर​​ खान सर ने कहा, "आज मतदान का पहला चरण है। सभी को इसमें बढ़ चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए। हमारा देश लोकतंत्र की जननी है... मत बहुत ताकतवर चीज होती है। यही वो दिन है जब एक गरीब के पास भी ताकत होती है..."


Live Bihar Chunav: मतदान के बीच पशुपति पारस का आया बयान

राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी के प्रमुख पशुपति कुमार पारस ने प्रथम चरण के मतदान पर कहा, "आज महापर्व का दिन है और पूरे बिहार के लोगों को निश्चित रूप से अपने मताधिकार का प्रयोग करना चाहिए। कुछ लोग बाहर हैं और दूसरे क्षेत्रों में काम कर रहे हैं इसलिए मतदान का प्रयोग कम हुआ है। मतदान बहुत आवश्यक है। यह लोकतांत्रिक प्रक्रिया का नियम है...इसी के तहत मैं आज यहां आया हूं और मैंने अपने मत का प्रयोग किया है।"


Live Bihar Election Phase 1 Voting: लखीसराय की घटना पर क्या बोले SP?

लखीसराय SP अजय कुमार ने कहा, "जब सुबह पहुंचे थे, तो सब कुछ शांतिपूर्वक चल रहा था। अब जब वे(विजय कुमार सिन्हा) आए, तो अचानक विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया। हम अभी इसकी जांच कर रहे हैं।"


Live Bihar Election 2025: ये राजद के गुंडे हैं- विजय सिन्हा

बिहार के उपमुख्यमंत्री और  लखीसराय विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार विजय कुमार सिन्हा ने कहा, "ये राजद के गुंडे हैं। सत्ता में आए बिना ही ये गुंडे बिहार के उपमुख्यमंत्री को बाहर जाने के लिए विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। यहां के SP कायर और कमजोर हैं जो यहां आकर कह रहे हैं कि शांतिपूर्ण मतदान हो रहा है। यदि किसी भी तरह की कोई घटना होती है तो हम यहीं पर धरना-प्रदर्शन करेंगे। ऐसे प्रशासन पर धिक्कार है।"


RJD समर्थकों ने विजय सिन्हा की गाड़ी को घेरा

RJD समर्थकों ने उपमुख्यमंत्री और लखीसराय निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार विजय कुमार सिन्हा की कार को घेर लिया, चप्पल फेंकी और "मुर्दाबाद" के नारे लगाते हुए उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया। मौके पर पुलिसकर्मी मौजूद हैं।


Live Bihar Election Phase 1 Voting-1 बजे तक लगभग 42.31% मतदान

बिहार में पहले चरण के लिए मतदान ने रफ्तार पकड़ ली है। चुनाव को लेकर मतदाताओं में खासा उत्साह देखने मिल रहा है। लंबी कतारों में खड़े होकर मतदाता अपने मत का इस्तेमाल करते नजर आ रहे हैं। पहले चरण में दोपहर 1 बजे तक लगभग 42.31% मतदान दर्ज किया गया।


Live Bihar Election Phase 1 Voting: RJD पर बरसे राजनाथ सिंह

सीतामढ़ी में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, "एक दो दिन पहले ही तेजस्वी यादव की पार्टी की एक सार्वजनिक सभा में एक छोटा सा बच्चा, जिसकी उम्र बामुश्किल 6-7 साल रही होगी, उसके हाथ में माइक देकर बुलवाया जा रहा था कि, '...तेजस्वी यादव मुख्यमंत्री बन जाएंगे तो हम लोगों के हाथों में कट्टा होगा'... यह है उस राजनीतिक पार्टी की संस्कृति। आज भी उन लोगों के मन में यही बात बनी हुई है... क्या राजद फिर से इस बिहार में वैसे ही हालात पैदा करना चाहती है?"


Live Bihar Chunav 2025: बेतिया के रामनगर में अमित शाह की रैली

बेतिया के रामनगर में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, "...आज बिहार को पहले चरण का मतदान हो रहा है, दूसरे चरण का मतदान 11 तारीख को होगा। क्या आप जानना चाहते हैं कि 14 नवंबर को क्या नतीजे आएंगे? 14 नवंबर को सुबह 8 बजे मतगणना शुरू हो जाएगी। 11 बजे तक लालू और राहुल की पार्टियों का सफाया हो जाएगा। मोदी जी और नीतीश कुमार के नेतृत्व में NDA बिहार में बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।"
 


बिहार में NDA की जबरदस्त जीत होने वाली है- उपेंद्र कुशवाहा

RLM सुप्रीमो उपेन्द्र कुशवाहा ने कहा, “बिहार से जो खबर प्राप्त हो रही है उससे स्पष्ट है कि पूरे बिहार में NDA की इस बार जबरदस्त जीत होने वाली है।” राघोपुर विधानसभा सीट से राजद प्रत्याशी तेजस्वी यादव के बयान पर उन्होंने कहा, "उनके लिए ऐसा कहना जरूरी है। अभी तो प्रथम चरण का ही मतदान हुआ है और दूसरे चरण का मतदान बाकी है। अभी से अगर वे निराशाजनक बात करेंगे तो उनके कार्यकर्ता निराश हो जाएंगे। अपने कार्यकर्ताओं को ऊर्जावान रखने के लिए वे ऐसा कह रहे हैं।"
 


Live Bihar Election Phase 1 Voting: महागठबंधन चुनाव हार रहा है- चिराग पासवान

केंद्रीय मंत्री और LJP-रामविलास के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने कहा, "ये एक ऐसा अधिकार है जो देशवासियों के सर्वोच्च अधिकारों में से एक है। जिसका उपयोग करके आप अपने आने वाले भविष्य के जीवन को बेहतर कर सकते हैं। मैं सभी से आग्रह करूंगा कि लोकतंत्र का ये महापर्व चल रहा है और इसमें हर कोई अपना योगदान जरूर करें।"

उन्होंने आगे कहा, "महागठबंधन के साथ समस्या ये है कि यह लोग बहाने तलाशने में जितना समय लगाते हैं, उतना समय यदि वे जनता की सेवा करने के लिए करते तो यही बहाने तलाशने की उन्हें जरूरत नहीं पड़ती। महागठबंधन चुनाव हार रहा है... अगर इतना ही सब गलत चल रहा है तो आपको न्यायालय जाना चाहिए। हमारी न्यायिक प्रक्रिया पर आपको भरोसा रखना चाहिए जरूर आपको न्याय मिलेगा अगर ऐसा कुछ गलत हो भी रहा है तो।"


Live Bihar Phase 1 Voting: अररिया में PM मोदी की रैली

अररिया के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, "NDA सरकार में नीतीश कुमार ने बिहार को जंगलराज से बाहर निकालने के लिए कड़ी मेहनत की है। 2014 में डबल इंजन की सरकार बनने के बाद बिहार के विकास को नई गति मिली। पटना में IIT की स्थापना हुई है, बोधगया में IIM की स्थापना हुई है, पटना में AIIMS की स्थापना हुई है, दरभंगा AIIMS का काम तेज़ गति से चल रहा है, बिहार में एक राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय भी है... बिहार में एक नहीं बल्कि चार केंद्रीय विश्वविद्यालय स्थापित किए गए हैं।"


Live Bihar Election 2025: चिराग पासवान ने डाला वोट

केंद्रीय मंत्री और LJP-रामविलास के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने पहले चरण के तहत मतदान किया।


Live Bihar First Phase Voting: सुबह 11 बजे तक 27 प्रतिशत मतदान हुआ

बिहार में पहले चरण के लिए मतदान सुबह 7 बजे से जारी है। चुनाव को लेकर मतदाताओं में खासा उत्साह देखने मिल रहा है। सुबह से ही लंबी कतारों में खड़े होकर मतदाता अपने मत का इस्तेमाल करते नजर आ रहे हैं। बिहार के पहले चरण में कुल 27.651  प्रतिशत मतदान हुआ।

बेगुसराय - 30.37 प्रतिशत
भोजपुर -26.76 प्रतिशत
बक्सर -28.02 प्रतिशत
दरभंगा - 26.07 प्रतिशत
गोपालगंज - 30.04 प्रतिशत
खगडिया 28.96 प्रतिशत
लखिसराय  - 30.32 प्रतिशत
माधोपुरा - 28.46 प्रतिशत
पटना -23.71 प्रतिशत
मुंगेर -26.68 प्रतिशत
मुजफ्फरपुर- 29.66 प्रतिशत
नालंदा -26.86 प्रतिशत
सहरसा -29.68प्रतिशत
समस्तीपुर -27.92 प्रतिशत
सारण -28.52 प्रतिशत
शेखपुरा -26.04 प्रतिशत
सीवान - 27.09 प्रतिशत
वैशाली  28.67 प्रतिशत


Live Bihar Chunav 2025: बिहार की तरक्की के लिए अपना वोट दीजिए- निरहुआ

BJP नेता दिनेश लाल यादव उर्फ ​​निरहुआ ने बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण के मतदान पर कहा, "लोकतंत्र का महापर्व है,  सब लोग घर से निकलिए और बिहार की तरक्की के लिए अपना वोट दीजिए। हम सभी से अपील करेंगे कि मतदान आप सभी का सबसे बड़ा अधिकार है और आप बिहार की तरक्की के लिए मतदान कीजिए..."


Live Bihar Election: जनता को PM मोदी और CM नीतीश की जोड़ी पर भरोसा- रविशंकर प्रसाद

पटना में BJP सांसद रविशंकर प्रसाद ने मतदान किया। उन्होंने कहा, "बिहार की जनता बड़े उत्साह के साथ मतदान कर रही है। बड़ी संख्या में महिलाओं, माताओं और बहनों का मतदान करना इस बात का संकेत है कि हवा किस तरफ बह रही है और ये NDA सरकार द्वारा किए गए कार्यों और बिहार के विकास का नतीजा है। जनता प्रधानमंत्री मोदी और नीतीश कुमार की जोड़ी पर भरोसा करती है।"
 


Live Bihar Chunav 2025 Polling: वोट चोरी से बनी सरकार कभी ठीक तरह से काम नहीं करेगी- कन्हैया कुमार

20 साल बहुत हुआ! अब युवा सरकार और नए बिहार के लिए तेजस्वी सरकार अति आवश्यक है। उन्होंने कहा, "आज लोकतंत्र का महापर्व है, पहले चरण का मतदान हो रहा है, सभी से अपील है कि अपने मुद्दों, अपने बच्चों के भविष्य, रोज़ी-रोटी, कपड़े, शिक्षा, स्वास्थ्य और सड़क के लिए वोट करें। राहुल गांधी ने सिर्फ़ सवाल नहीं उठाए, उन्होंने सबूत पेश किए। चुनाव आयोग के सामने ये तथ्य रखे गए हैं कि आप ठीक से काम नहीं कर रहे हैं। वोट चोरी से बनी सरकार कभी ठीक तरह से काम नहीं करेगी।"


मतदान के बाद लालू यादव का पोस्ट

बिहार में पहले चरण के लिए वोटिंग जारी है। आरजेडी सुप्रीमो लालू यादव और उनके परिवार ने वोट डाला। मतदान के बाद लालू ने पत्नी राबड़ी देवी और बेटे तेजस्वी यादव संग एक्स पर एक तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, "तवा से रोटी पलटती रहनी चाहिए नहीं तो जल जाएगी।"


Bihar Election First Phase Voting LIVE: CM बनेंगे या नहीं, यह 14 तारीख को तय होगा- तेज प्रताप

जन शक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष और महुआ विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार तेज प्रताप यादव ने कहा, "किसी की भी सरकार रहे, जो आम आदमी को रोजगार देगी, पलायन रोकेगी, बिहार में बदलाव लाएगी, हम उसके साथ रहेंगे। जनता मालिक है, जनता ही चीजें बनाती और बिगाड़ती है। विरासत लोहिया जी और कर्पूरी ठाकुर की है। विचारधारा सामाजिक न्याय, संपूर्ण परिवर्तन, संपूर्ण क्रांति की है। जैसे हमारे पिताजी कहते थे कि अगर हमें प्रधानमंत्री बनने का मौका मिले तो हम क्यों छोड़ेंगे, वैसे ही अगर हमें मुख्यमंत्री बनने का मौका मिले तो हम क्यों छोड़ेंगे... बनेंगे या नहीं बनेंगे, यह 14 तारीख को तय होगा, लेकिन हम इतने लोभी नहीं हैं कि हमें कुर्सी पर बैठना है।"


Bihar Election 2025 Live: बड़ी संख्या में बाहर आ रही हैं महिला मतदाता- संजय सिंह

बिहार चुनाव पर JDU के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने कहा, "मुझे लगता है कि महिला मतदाता बड़ी संख्या में बाहर आ रही हैं क्योंकि उन्हें एनडीए और नीतीश कुमार पर भरोसा है।"


Bihar Phase 1 Voting Live: सीएम नीतीश कुमार ने डाला वोट

बिहार के सीएम नीतीश कुमार वोट डालने के बाद अपनी स्याही लगी उंगली दिखाते हुए।


Bihar Chunav LIVE: तेज प्रताप यादव ने पटना में डाला वोट

जन शक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष और महुआ विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार तेज प्रताप यादव ने पटना के एक मतदान केंद्र में अपना वोट डाला।


Bihar Vidhan Sabha Chunav Phase 1 Voting Live: मैंने विकास के लिए वोट दिया- पवन सिंह

वोट डालने के बाद एक्टर-सिंगर और BJP नेता पवन सिंह ने कहा, "मैंने विकास के लिए वोट दिया। मैं बिहार के लोगों से आग्रह करता हूं कि वे अपने घर से बाहर निकलें और विकास के लिए वोट करें।" 


Bihar Chunav LIVE: मतदान केवल हमारा अधिकार ही नहीं, दायित्व भी है- CM नीतीश

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जनता से वोटिंग की अपील की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में मतदान केवल हमारा अधिकार ही नहीं, दायित्व भी है। आज बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान हो रहा है। सभी मतदाताओं से आग्रह है कि अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करें। मतदान करें और दूसरों को भी प्रेरित करें। पहले मतदान, फिर जलपान!"


Bihar Vidhan Sabha Chunav Phase 1 Voting Live: सुबह 9 बजे तक वोटिंग प्रतिशत

बिहार में पहले चरण के लिए वोटिंग जारी है। 243 सीटों में से 121 सीटों पर सुबह 7 बजे से मतदान हो रहे हैं। पहले चरण में सुबह 9 बजे तक 13.13  प्रतिशत मतदान हुआ। जानिए अबतक कहां कितने फीसदी वोट पड़े?

बेगुसराय- 14.6 फीसदी 
भोजपुर- 13 फीसदी 
बक्सर- 13 फीसदी 
दरभंगा-  12 फीसदी 
गोपालगंज - 14 फीसदी 
खगडिया- 14 फीसदी 
लखिसराय  - 7 फीसदी 
माधोपुरा - 14 फीसदी 
पटना- 11 फीसदी 
मुंगेर- 13 फीसदी 
मुजफ्फपुर- 13 फीसदी 
नालंदा- 12 फीसदी 
सहरसा- 15 फीसदी 
समस्तीपुर- 12 फीसदी 
सारण- 13 फीसदी 
शेखपुरा- 13 फीसदी 
सीवान - 13 फीसदी 
बैशाली - 14 फीसदी 
 


Bihar Phase 1 Voting Live: मेरा आशीर्वाद तेज प्रताप के साथ- रोहिणी आचार्य

जनशक्ति जनता दल प्रमुख तेज प्रताप यादव के महुआ से चुनाव लड़ने पर राजद नेता रोहिणी आचार्य कहती हैं, "मेरा आशीर्वाद उनके साथ है। क्या आप अपने भाई-बहनों को आशीर्वाद नहीं देते? इस बार बिहार से बेरोज़गारी खत्म होने वाली है। गांवों में जो लोग रोजगार के लिए दर-दर भटक रहे हैं, उन्हें आठ दिन बाद बाहर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। उन्हें बिहार में ही रोजगार मिल जाएगा।"
 


Bihar Chunav LIVE: चुनावों में NDA को अभूतपूर्व बहुमत मिलने जा रहा है- PM मोदी

PM मोदी ने X पर पोस्ट कर कहा, "बिहार में लोकतंत्र के महापर्व में जन-जन का अद्भुत उत्साह बता रहा है कि विधानसभा चुनावों में एनडीए को अभूतपूर्व बहुमत मिलने जा रहा है। ऊर्जा से भरे इसी माहौल के बीच करीब 11.30 बजे अररिया के फारबिसगंज और दोपहर लगभग 1.30 बजे भागलपुर की जनसभाओं में अपने परिवारजनों का आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए उत्सुक हूं।"


Bihar Election First Phase Voting LIVE: विकास के मॉडल पर वोट करें- सम्राट चौधरी

बिहार के उपमुख्यमंत्री और तारापुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी सम्राट चौधरी ने कहा, "बिहार में पूरी तरह से अच्छी सरकार बने और नीतीश कुमार द्वारा किए गए काम निर्बाध चलते रहें। बिहार में बदलाव बहुत मेहनत के बाद आया है। 2005 से पहले गड्ढों में सड़क थी या सड़क में गड्ढे ये जनता जानती है, इसलिए विकास के मॉडल पर वोट करें।" राहुल गांधी की प्रेस कॉन्फ्रेंस पर उन्होंने कहा, "चार महीने हो गए हैं और राहुल गांधी एक भी सबूत नहीं दे पाए हैं। हमने ऐसा नेता प्रतिपक्ष कभी नहीं देखा। उन्हें कम से कम कुछ तैयारी तो करनी चाहिए।"


Bihar Phase 1 Voting Live: NDA की जीत होगी- नित्यानंद राय

केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय ने कहा, "बिहार लोकतंत्र की जननी है। बिहार की वैशाली ने लोकतंत्र को जन्म दिया है। आज भी हम लोगों से आग्रह करेंगे कि सभी लोग मतदान करें और लोकतंत्र के महापर्व को मनाए। NDA की जीत होगी क्योंकि बिहार के लोग इस बार लोकतंत्र का महापर्व विकास के लिए मना रहे हैं और जंगलराज को न आने देने के लिए मना रहे हैं।"
 


Bihar Phase 1 Voting Live: आज मतदान का रिकॉर्ड बने- चिराग पासवान

केंद्रीय मंत्री और LJP-रामविलास के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण के मतदान पर कहा, “सभी मतदाताओं से अपील करूंगा कि मतदान जरूर करें। मैं चाहता हूं कि आज मतदान का रिकॉर्ड बने और सबसे ज्यादा मतदान हो...आज सबको एकजुट होकर मतदान करना चाहिए।” राहुल गांधी की वोट चोरी के संबंध में प्रेस कॉन्फ्रेंस पर उन्होंने कहा, "अगर ये जानकारियां आपके सामने आई हैं तो आप कोर्ट का रास्ता क्यों नहीं अपनाते। SIR की प्रक्रिया से भी आपको समस्या है।"


Bihar Election First Phase Voting LIVE: वोट डालने के बाद बोले लालू यादव- बदलाव होगा

बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और RJD सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने पटना के एक मतदान केंद्र पर बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए अपना वोट डालने के बाद कहा, "बदलाव होगा।"


Bihar Chunav LIVE: तेजस्वी यादव ने डाला वोट

RJD नेता और महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव ने बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के तहत मतदान किया। उन्होंने कहा, “हम तो यही कहेंगे कि बदलाव जरूरी है, नया बिहार बनाएं, नई सरकार बनाएं।”


Bihar Assembly Election Phase 1 Voting LIVE Updates: रिकॉर्ड संख्या में वोट करें- अमित शाह

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बिहार के वोटर्स को खास संदेश दिया। उन्होंने कहा, "बिहार के मतदाता बहनों-भाइयों, विशेषकर युवाओं से आग्रह करता हूं कि आज पहले चरण के मतदान में रिकॉर्ड संख्या में वोट करें। आपका एक-एक वोट बिहार में जंगलराज की वापसी को रोकने, सुशासन को बनाए रखने और एक विकसित, आत्मनिर्भर बिहार के निर्माण का मार्ग प्रशस्त करेगा। घुसपैठियों और नक्सलियों को संरक्षण देकर देश की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को इस चुनाव में सबक सिखाएं। हर प्रदेशवासी तक आधुनिक शिक्षा, गरीबों के कल्याण और युवाओं के रोजगार के अवसरों के साथ-साथ बिहार के गौरव की पुनर्स्थापना में आपका वोट अहम भूमिका निभाएगा।"


Bihar Vidhan Sabha Chunav Phase 1 Voting Live: इस बार बदलाव होगा, जनता बदलाव लाएगी- राबड़ी देवी

RJD नेता राबड़ी देवी ने कहा, "मैं महिलाओं, बच्चों, सभी से अपने घरों से निकलकर वोट देने की अपील करती हूं... इस बार बदलाव होगा, जनता बदलाव लाएगी।"


Bihar Chunav Live: महागठबंधन को अपना समर्थन दें- मीसा भारती

 RJD सांसद मीसा भारती ने कहा, "अपने भविष्य के लिए, अपने बच्चों के भविष्य के लिए सोच-समझकर वोट करें। महागठबंधन को अपना समर्थन दें।"


Bihar Phase 1 Voting Live: नीतीश के नेतृत्व में फिर से बनेगी सरकार- ललन सिंह

केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन (ललन) सिंह ने कहा, "यह लोकतंत्र का महापर्व है और हम सभी को मतदान करना चाहिए, पहले मतदान फिर जलपान। कहीं कोई समस्या नहीं है। बिहार में नीतीश कुमार के नेतृत्व में पूरी मजबूती के साथ फिर से सरकार बनेगी..."


Bihar Chunav LIVE: मतदान करने से पहले क्या बोले खेसारी लाल यादव?

छपरा से RJD प्रत्याशी खेसारी लाल यादव ने कहा, "हर व्यक्ति को यह अधिकार है कि उनको वोट देना चाहिए, वोट ही आपका भविष्य तय करता है। मेरा घर छपरा जिला में पड़ता है लेकिन विधानसभा एकमा में पड़ता है। पहले वोट दूंगा फिर खाना खाऊंगा लोगों से अपील है की अधिक से अधिक संख्या में आकर वोट करें, वोट जिसके चाहे उसको दे लेकिन वोट जरूर दें।"  

उन्होंने कहा, "मुंबई में मेरे जिस घर को नोटिस मिला उसको मैंने खून पसीने से बनाया है। मैं अपना कर्म कर रहा हूं, आगे भगवान जो चाहेंगे वो होगा। मैं संघर्ष करता हूं आगे भी करूंगा, लड़ना मेरा काम है लड़ता मैं करता रहूंगा। "


Bihar Phase 1 Voting Live: उत्तराखंड के CM धामी की बिहार के वोटर्स से अपील

उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने X पर पोस्ट कर बिहार की जनता से वोटिंग की अपील की। उन्होंने कहा, "पहले मतदान, फिर जलपान  बिहार के सभी सम्मानित मतदाताओं से अपील है कि आज विधानसभा चुनाव के प्रथम चरण में अपने लोकतांत्रिक अधिकार का उपयोग अवश्य करें। अपने मताधिकार का सदुपयोग कर एक सक्षम, राष्ट्रवादी और विकासशील सरकार का चयन करें और प्रदेश के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में अपना योगदान सुनिश्चित करें।  आपका एक-एक वोट बिहार को आगे बढ़ाने एवं लोकतंत्र को सशक्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।"


Bihar Election First Phase Voting LIVE: बिहार के डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने डाला वोट

बिहार के उपमुख्यमंत्री और लखीसराय विधानसभा सीट से BJP उम्मीदवार विजय कुमार सिन्हा ने बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के तहत मतदान किया।


Bihar Chunav LIVE: जो होगा सब के हित में होगा- मैथिली ठाकुर

अलीनगर विधानसभा सीट से लोक गायिका और BJP उम्मीदवार मैथिली ठाकुर ने मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की। इस मौके पर उन्होंने कहा, "मैं भगवान से यही मांगती हूं कि अगर मेरे हाथों से किसी की सेवा लिखी है तो मुझे ये अवसर मिले। उम्मीद करती हूं कि जो होगा सब के हित में होगा।"


Bihar Phase 1 Voting Live: राहुल गांधी ने पहले ही हार स्वीकार कर ली- BJP उम्मीदवार

बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र से BJP उम्मीदवार नितिन नबीन ने राहुल गांधी की प्रेस कॉन्फ्रेंस पर कहा, "उन्होंने पहले ही हार स्वीकार कर ली है, वे जहां जीतते हैं वहां आरोप नहीं लगाते, वे जहां हारते हैं वहां आरोप लगाते हैं... कहीं न कहीं चुनाव में हार दिख गई, इसलिए राहुल बाबा ने अपना पैतरा बदल दिया।"


Bihar Election First Phase Voting LIVE: विजय सिन्हा ने आवास पर की पूजा

बिहार के उपमुख्यमंत्री और लखीसराय विधानसभा सीट से BJP उम्मीदवार विजय कुमार सिन्हा ने अपने आवास पर पूजा-अर्चना की।


Bihar Chunav LIVE: दीघा में इस बूथ पर शुरू नहीं हुई वोटिंग

बिहार के दीघा विधानसभा के बूथ न-203-204 में  टेक्निकल दिक्कत के चलते वोटिंग अबतक शुरू नहीं हो पाई। 20 मिनट तक मतदान शुरू नहीं हुआ। 


Bihar Phase 1 Voting Live: मतदान से पहले मोकामा से RJD प्रत्याशी वीणा देवी ने की पूजा

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण का मतदान शुरू हो गया है। मोकामा विधानसभा क्षेत्र से राजद उम्मीदवार वीणा देवी और पूर्व सांसद सूरजभान सिंह ने मतदान करने से पहले पूजा की। उन्होंने कहा, "हमने भगवान के दर्शन किए हैं, हमारी लोगों से अपील है कि घरों से निकलें और वोट करें, किसी से न डरें। हम बस यही कहेंगे कि जैसे हमने शांतिपूर्वक प्रचार किया, वैसे ही शांतिपूर्वक वोट भी करें।"


Bihar Assembly Election Phase 1 Voting LIVE Updates: इन 121 सीटों पर डाले जा रहे वोट

बिहार की 243 सीटों में से 121 सीटों पर आज वोट डाले जा रहे हैं। इसमें पटना से लेकर मोकामा, दरभंगा, सारण, गोपालगंज, वैशाली, लखीसराय जैसी सीटें शामिल हैं। 


Bihar Chunav LIVE: 121 सीटों पर वोटिंग शुरू

बिहार चुनाव के पहले चरण के लिए मतदान शुरू हो गया है। राज्य की 243 सीटों में से 121 पर आज मतदान हो रहा है। RJD नेता और महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव, BJP नेता और उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा समेत कई बड़े नेता इस चरण में चुनावी मैदान में हैं।
 


Bihar Election First Phase Voting LIVE: राजनाथ सिंह ने भी की अपील

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बिहार चुनाव के लिए मतदाताओं से वोटिंग की अपील की। उन्होंने कहा, “बिहार विधानसभा चुनाव में आज पहले दौर की वोटिंग है। सभी मतदाताओं से मेरा आग्रह है कि वे लोकतंत्र के इस उत्सव में बढ़ चढ़ कर भाग लें। इस मौके पर पहली बार वोट करने जा रहे युवा मतदाताओं को बहुत-बहुत बधाई!”


Bihar Chunav LIVE: पूरे उत्साह के साथ मतदान करें- PM मोदी

बिहार चुनाव 2025 के पहले चरण की वोटिंग शुरू होने से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मतदाताओं से अपील की। उन्होंने कहा, “बिहार में आज लोकतंत्र के उत्सव का पहला चरण है। विधानसभा चुनावों में इस दौर के सभी मतदाताओं से मेरा आग्रह है कि वे पूरे उत्साह के साथ मतदान करें। इस मौके पर पहली बार वोट डालने जा रहे राज्य के अपने सभी युवा साथियों को मेरी विशेष बधाई। याद रखना है- पहले मतदान, फिर जलपान!”


Bihar Election First Phase Voting LIVE: तेजस्वी यादव ने की जनता से मतदान करने की अपील

RJD नेता तेजस्वी यादव ने लोगों से मतदान करने की अपील की है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर कहा, "सभी बिहार के भाग्य विधाताओं को मेरा प्रणाम। आज मतदान का महत्वपूर्ण दिन है। बिहार की आगे की नियति कैसी होगी ये आपके द्वारा दबाया गया एक बटन तय करेगा। लोकतंत्र, संविधान और मानवीयता के हित हेतु आपका मतदान करना बहुत आवश्यक है। मैं सभी मतदाताओं से, विशेष रूप से पहली बार अपने मत का प्रयोग कर रही GEN-Z से, माताओं-बहनों से, व्यापारियों से, किसान से, दूसरे प्रदेशों में रहने वाले प्रवासियों से, हर आम नागरिक से, नौकरी के लिए कोचिंग कर रहे हर छात्र से, अपनी बीमारियों का इलाज करा रहे हर मरीज और उसके परिवार से और बिहार के एक-एक मतदान के योग्य नागरिक से ये अपील करना चाहता हूं कि मतदान जरूर कीजिएगा, हर हाल में कीजिएगा। बिहार का हाल ख़ुशहाल तभी होगा जब आप सब अपने मत का प्रयोग करेंगे। आपके मत का प्रयोग बनाएगा बिहार की उन्नति का सुयोग। इसलिए याद रखें बिहार के उज्ज्वल भविष्य के लिए अपने मत का प्रयोग जरूर करें। सबसे पहले मतदान याद से... बाक़ी सब काम-काज बाद में!"


Bihar Chunav LIVE: मतदान से पहले मॉक पोल शुरू

बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण की वोटिंग से पहले मॉक पोल शुरू हो गया है। सुबह 7 बजे से मतदान शुरू होगा और शाम 6 बजे तक वोट डाले जाएंगे। वहीं, 6 विधानसभा क्षेत्रों में 2135 बूथों पर 5 बजे तक ही वोट पड़ेंगे। 


Bihar Election First Phase Voting LIVE: 18 जिलों की 121 सीटों पर आज वोटिंग

बिहार विधानसभा चुनाव में आज पहले चरण का मतदान हो रहा है। 18 जिलों की 121 विधानसभा सीटों पर जनता वोट डालेगी। इस दौरान 1314 उम्मीदवारों की किस्मत दांव पर लगी हैं। इनमें से मोकामा से लेकर महुआ तक कई हॉट सीटें शामिल हैं। 

Published By :
Sagar Singh

पब्लिश्ड