Bihar Election Result 2025: मोदी-नीतीश की आंधी में बुझ गया RJD का लालटेन, तेजस्वी यादव, तेज प्रताप सब उड़े; कांग्रेस का सूपड़ा साफ
Bihar Election Result 2025: बिहार में कुल विधानसभा सीटों की संख्या 243 है। किसी भी दल या गठबंधन को सरकार बनाने के लिए कम से कम 122 सीटों पर जीतना जरूरी है। प्रदेश में मुख्य लड़ाई एनडीए और महागठबंधन के बीच मानी जा रही थी।
- चुनाव न्यूज़
- 3 min read

Bihar Election Result 2025: बिहार विधानसभा चुनाव के आज नतीजे आ रहे हैं। सुबह 8 बजे से वोटों की गिनती जारी है और यह अभी अपने अंतिम दौर में है। अभी तक के आए रुझानों से यह साफ दिख रहा है कि एक बार फिर से बिहार में एनडीए की सरकार बन रही है। ऐसा कहा जा सकता है कि मोदी-नीतीश की आंधी में RJD का लालटेन बुझता हुआ दिखा है। वहीं, चाहें तेजस्वी यादव हों या फिर अपना अलग दल बनाकर बिहार चुनाव में लड़े तेज प्रताप यादव हों या इनके साथ कांग्रेस हो, सभी का फिलहाल सूपड़ा साफ होता दिखा है।
बिहार चुनाव में मुख्य लड़ाई महागठबंधन और एनडीए के बीच थी। हालांकि, विभिन्न एग्जिट पोल्स से यह पहले ही संभावना जताई जा चुकी थी कि बिहार में एक बार फिर से एनडीए की सरकार आ रही है। लेकिन आज आए विधानसभा चुनाव के नतीजों ने तो जीती जा रहीं सीटों के मामले में एक तरह से कह सकते हैं कि एग्जिट पोल्स को भी पीछे छोड़ दिया है। आइए जानते हैं अब तक के रुझानों में कौन कितना आगे है...
एनडीए और महागठबंधन में कौन-कौन सी पार्टियां शामिल?
मालूम हो कि बिहार में कुल विधानसभा सीटों की संख्या 243 है। किसी भी दल या गठबंधन को सरकार बनाने के लिए कम से कम 122 सीटों पर जीतना जरूरी है। प्रदेश में मुख्य लड़ाई एनडीए और महागठबंधन के बीच मानी जा रही थी।
सत्ताधारी एनडीए की बात करें तो इसमें भारतीय जनता पार्टी, जनता दल (यूनाइटेड), लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास), हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (सेक्युलर) और राष्ट्रीय लोक मोर्चा शामिल हैं। एनडीए ने एक बार फिर से यह चुनाव सीएम नीतीश कुमार के नेतृत्व में लड़ा है।
Advertisement
वहीं, विपक्षी महागठबंधन में राष्ट्रीय जनता दल (राजद), कांग्रेस, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) (सीपीआई-एमएल), भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई), भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) (सीपीएम) और मुकेश साहनी की विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) शामिल हैं।
महागठबंधन इस चुनाव में सीएम का चेहरा तेजस्वी यादव को बनाया था तो उप मुख्यमंत्री का चेहरा मुकेश साहनी को बनाया था।
एनडीए में कौन सी पार्टी कितनी सीटों पर आगे?
भारत निर्वाचन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार, एनडीए में पहले बीजेपी का बात करें तो यह अभी 94-95 सीटों पर आगे चल रही है। वहीं, इस गठबंधन की जदयू 84 सीटों पर आगे दिख रही है। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) 19 सीटों पर आगे है। हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) 5 सीटों पर आगे है। राष्ट्रीय लोक मोर्चा भी 4 सीटों पर आगे है।
Advertisement
महागठबंधन में कौन सी पार्टी कितनी सीटों पर आगे?
महागठबंधन की बात करें तो इसमें राजद अभी 25 सीटों पर आगे है। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस मात्र एक से दो सीटों पर आगे दिख रही है। वहीं, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) (लिबरेशन) एक-दो सीटों पर आगे दिखी है। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) मात्र एक सीट पर अभी आगे दिखी है।
जनशक्ति जनता दल, जन सुराज के खाते भी नहीं खुले
तेज प्रताप यादव की पार्टी जनशक्ति जनता दल और प्रशांत किशोर की जन सुराज की पार्टी एक भी सीट जीतती हुई नहीं दिखी है। मतलब कि बिहार के इस चुनाव में इन दोनों पार्टियों का खाता भी नहीं खुला है।
वहीं, असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) अभी 5-6 सीटों पर आगे है।
यहां बता दें कि ये अभी रुझान है। जल्द ही सटीक और पूरे नतीजे भारत निर्वाचन आयोग के द्वारा जारी किए हैं। ऊपर दिए गए आंकड़े साढ़े तीन से चार बजे तक के हैं।