Bihar Election: RJD के सीट बंटवारे में परिवारवाद की झलक, तेजस्वी यादव ने MY समीकरण पर फिर खेला दांव
बिहार चुनाव में आरजेडी ने एक बार फिर से मुस्लिम यादव समीकरण पर भरोसा जताया है।
- चुनाव न्यूज़
- 2 min read

वैसे तो बिहार चुनाव को गठबंधन बनाम गठबंधन , यानी महागठबंधन बनाम एनडीए का मुकाबला माना जा रहा है लेकिन इस बीच गठबंधनों के भीतर खुद के ही सहयोगियों से मुकाबला भी दिखाई दे रहा है। दरअसल राष्ट्रीय जनता दल ने महागठबंधन सीटों का औपचारिक ऐलान होने से पहले ही अपने प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह देना शुरू कर दिया है। दिलचस्प बात ये है कि पार्टी का चुनाव चिन्ह वहां भी दिया गया है जहां महागठबंधन के सहयोगी मौजूद हैं।
मुस्लिम यादव समीकरण को फिर से साधने की कोशिश
हालांकि राजद उम्मीदवारों पर गौर करेंगे तो समझ आएगा कि पार्टी ने पारंपरिक मुस्लिम यादव समीकरण को फिर से साधने का काम किया है। 18 यादव प्रत्याशी हैं और तीन मुस्लिम प्रत्याशी। जातिवार देखा जाए तो एससी कैटेगरी से दो प्रत्याशी, ईबीसी से चार और जनरल कैटेगरी के भी चार उम्मीदवार हैं।
पुराने कार्यकर्ताओं पर भरोसा
Advertisement
अपने पुराने कार्यकर्ताओं पर भरोसा जताते हुए पार्टी ने 22 सीटों पर पुराने प्रत्याशी ही उतारे हैं। चुनावी मौसम में पाला बदलने वालों का भी पार्टी ने ध्यान रखा है। परबत्ता से डॉ संजीव को टिकट दिया गया है। जिन्होंने हाल में पार्टी ज्वॉइन की थी। 6 सीटें ऐसी हैं जहां पार्टी ने नए लोगों को मौका दिया है।
सियासी परिवारों का दबदबा
Advertisement
ध्यान देने पर आप पाएंगे कि राजद उम्मीदवार पॉलिटिकल परिवारों से आते हैं। बेलागंज सीट से सांसद सुरेंद्र यादव के बेटे विश्वनाथ यादव चुनाव लड़ेंगे। हसनपुर से माला पुष्पम उम्मीदवार हैं जिनके पति भी लंबे समय तक विधायक रहे हैं। बनियापुर से चुनाव लड़ रही चांदनी सिंह के पति भी पूर्व विधायक हैं। संदेश विधायक किरण देवी के बेटे को पार्टी ने टिकट दिया है। सुर्खियों में शहाबुद्दीन के बेटे ओसामा को रघुनाथपुर से टिकट देना भी रहा है।
तेजस्वी यादव राघोपुर से लड़ रहे हैं चुनाव
राघोपुर सीट हमेशा से ही लालू परिवार की पहचान रही है। कल बिहार विधानसभा में नेताप्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने राघोपुर से नामांकन किया। अगर तेजस्वी यादव इस बार में इस सीट से जीत हासिल करते हैं तो यहां से उनकी जीत की हैट्रिक हो जाएगी। मालूम हो कि राघोपुर सीट लालू परिवार का गढ़ रही है। यहां से खुद लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी ने जीत हासिल की हुई है। बिहार के वैशाली जिले में आने वाली ये सीट यादव बहुल है, जहां इस समुदाय का वोट किंगमेकर होता है।
यह भी पढ़ें-