काफिले में एक हजार से ज्यादा गाड़ियां, 25 हजार समर्थकों के लिए खाने का इंतजाम, बाहुबली नेता अनंत सिंह ने नॉमिनेशन में काट दिया रोला

Anant Singh Nomination : अनंत सिंह के काफिले में एक हजार से ज्यादा गाड़ियों का जुलूस था। उनके समर्थक नारे लगाते हुए उनके साथ थे और माहौल उत्साह से भरा रहा। अनंत सिंह ने JDU के सिंबल पर चुनाव लड़ रहे हैं।

Follow : Google News Icon  
Bahubali leader Anant Singh nomination mokama seat jdu
बाहुबली नेता अनंत सिंह ने नॉमिनेशन में काट दिया रोला | Image: Republic

Anant Singh Nomination : बिहार विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के उम्मीदवार बाहुबली नेता अनंत सिंह ने नॉमिनेशन में अपना भौकाल दिखा दिया है। अनंत सिंह मोकामा सीट से जनता दल यूनाइटेड (JDU) के सिंबल पर चुनाव लड़ रहे हैं। छोटे सरकार के नाम से मशहूर बाहुबली नेता जब नामांकन करने निकले तो उनके साथ एक विशाल काफिला था, जिसमें एक हजार से अधिक गाड़ियां शामिल थीं।

अनंत सिंह के नामांकन प्रदर्शन ने इलाके में राजनीतिक माहौल को और गर्म कर दिया है। पूर्व विधायक की ओर से करीब 25 हजार समर्थकों के लिए खाने का इंतजाम किया गया था। अनंत सिंह खुली जीप में सवार थे और उनके समर्थक "छोटे सरकार जिंदाबाद..." के नारे लगा रहे थे। बिहार चुनाव में इस बार कई प्रभावशाली नेता वापसी कर रहे हैं, जिनमें अनंत सिंह और आनंद मोहन जैसे नाम शामिल हैं, जो मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ फिर से जुड़े हैं।

25 हजार कार्यकर्ताओं का भोज

नामांकन से पहले अनंत सिंह ने परंपरा का पालन करते हुए मंदिर में पूजा-अर्चना की। वे अपने समर्थकों के साथ मंदिर पहुंचे और भगवान से आशीर्वाद लिया। इससे पहले, पूर्व विधायक की ओर से अपने समर्थकों के लिए बड़े पैमाने पर भोज का आयोजन किया गया था। उनके घर पर शुरू हुए इस भोज में करीब 25 हजार कार्यकर्ताओं और समर्थकों के लिए खाने का इंतजाम किया गया। भोज की शुरुआत नामांकन प्रक्रिया से ठीक पहले हुई।

मोकामा विधानसभा का इतिहास

1951 में अस्तित्व में आई मोकामा विधानसभा में भूमिहारों का बोल-बाला रहा है। इस क्षेत्र की राजनीति में 1990 के दशक से बाहुबलियों के प्रभाव में रही है। इसकी शुरुआत हुई कुख्यात अपराधी दिलीप कुमार सिंह उर्फ 'बड़े सरकार' से हुई थी। वो जनता दल से 1990 और 1995 में विधायक बनें और 1995 में मंत्री भी रहे। 2000 के चुनाव में बड़े सरकार को निर्दलीय प्रत्याशी सूरजभान सिंह से हार का सामना करना पड़ा।

Advertisement

अनंत कुमार सिंह उर्फ 'छोटे सरकार' का वर्चस्व मोकामा में 2005 से है। पांच बार के विधायक अनंत सिंह ने 3 बार जदयू, एक बार निर्दलीय और एक बार राजद से चुनाव लड़ा। 2020 का चुनाव उन्होंने जेल से जीता था, लेकिन AK-47 के केस में उनकी विधायकी चली गई। इसके बाद 2022 के उप चुनाव में उनकी पत्नी नीलम देवी ने राजद के टिकट पर लोजपा उम्मीदवार सोनम देवी को हराया। अब फिर JDU के टिकट पर अनंत कुमार सिंह मैदान में हैं।

ये भी पढ़ें: 2 कौड़ी की इज्जत... पाकिस्तान के रक्षा मंत्री और ISI प्रमुख को वीजा नहीं दे रहा अफगानिस्तान, हाई-लेवल डेलिगेशन ने 3 बार भेजी रिक्वेस्ट

Advertisement
Published By :
Sagar Singh
पब्लिश्ड