'झालमुड़ी मैंने खाई लेकिन झाल TMC को लगी...', PM मोदी ने ममता बनर्जी पर साधा निशाना, बंगाल चुनाव में 'झालमुड़ी' वाला लोचा क्या?
पीएम मोदी ने नदिया के कृष्णानगर में विजय संकल्प सभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और टीएमसी पर जोरदार हमला बोला।
- चुनाव न्यूज़
- 2 min read

PM Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दूसरे चरण के चुनाव के लिए गुरुवार (23 अप्रैल 2026) को नदिया जिले के कृष्णानगर पहुंचे। यहां उन्होंने विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी पर तीखा प्रहार किया। इतना ही नहीं, उन्होंने यह भी कहा कि झालमुड़ी मैंने खाई लेकिन मिर्ची टीएमसी को लग रही है।
पीएम मोदी ने जनता से अपील करते हुए कहा कि भाजपा-NDA की विजय का परचम आपको पूरी शक्ति से लहराना है। 4 मई को बंगाल में भी भाजपा की विजय का जश्न भी होगा और मिठाई भी बंटेगी। वह यही नहीं रुके, उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि झालमुरी भी बांटी जाएगी।
झालमुरी मैंने खाई, लेकिन झाल TMC को लगी- PM
अपने संबोधन में उन्होंने टीएमसी और ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए कहा कि झालमुरी ने भी कुछ लोगों को झन्नाटेदार झटका दिया है। झालमुरी मैंने खाई, लेकिन झाल (मिर्ची) TMC को लगी है।
ममता बनर्जी के घेरने पर पीएम का पलटवार
दरअसल, हाल ही में प्रधानमंत्री मोदी ने पश्चिम बंगाल में झालमुड़ी खाई थी, जो देखते ही देखते चर्चा का विषय बन गई। पीएम मोदी के झालमुड़ी चखने पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इसे 'कोरा नाटक' करार दिया था। उन्होंने आरोप लगाया कि झालमुड़ी की दुकान में माइक लगा दिया गया था और फिर एसपीजी से झालमुड़ी बनवाई गई, जिससे की एक ड्रामा रच सके। ममता बनर्जी के इसी बयान पर पलटवार करते हुए प्रधानमंत्री ने मिठाई के साथ झालमुड़ी बंटने की बात कही।
Advertisement
पीएम मोदी ने की रिकॉर्ड मतदान करने की अपील
पीएम मोदी ने आगे कहा कि राज्य में चल रहे पहले चरण के मतदान का अभिनंदन किया। साथ ही उन्होंने जनता से रिकॉर्ड मतदान करने की अपील की। उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि पहले भी देखा गया है कि देश में जहां-जहां भारी मतदान हुआ है वहां बीजेपी को प्रचंड जीत मिली है।