By-elections: जम्मू-कश्मीर और राजस्थान-पंजाब समेत 7 राज्यों की 8 विधानसभा सीटों पर वोटिंग जारी, कहां कितना हुआ मतदान?
By-elections: बिहार चुनाव के दूसरे चरण के साथ ही आज (11 नवंबर) को 6 राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश की 8 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए मतदान हो रहे हैं। इसमें जम्मू-कश्मीर, राजस्थान, झारखंड, तेलंगाना, पंजाब, मिजोरम और ओडिशा शामिल हैं।
- चुनाव न्यूज़
- 3 min read

Byelection Voting: बिहार में दूसरे और अंतिम चरण के लिए मतदान जारी है। साथ ही साथ 6 राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में 8 विधानसभा क्षेत्रों के लिए उपचुनाव के लिए भी मतदान हो रहा है। उपचुनाव के लिए मतदाताओं में भारी उत्साह देखने मिल रहा है। सुबह से ही लंबी कतारों में लगकर लोग अपने अधिकार का इस्तेमाल करते दिख रहे हैं।
जिन सीटों पर आज (11 नवंबर) को उपचुनाव हो रहे हैं, उसमें जम्मू-कश्मीर की बडगाम और नगरोटा, राजस्थान की अंता, झारखंड की घाटशिला, तेलंगाना की जुबली हिल्स, पंजाब की तरनतारन, मिजोरम की डंपा और ओडिशा की नुआपाड़ा सीट शामिल है। बिहार के साथ ही इन विधानसभा सीटों पर भी 14 नवंबर को नतीजे सामने आएंगे।
दोपहर 1 बजे तक कहां कितना हुआ मतदान?
इन जगहों में से अबतक सबसे ज्यादा वोटिंग मिजोरम की डंपा में हुई है। यहां दोपहर एक बजे तक 56.35% मतदान हुआ है। इसके अलावा झारखंड के घाटशिला में 54.08%, जम्मू-कश्मीर के नगरोटा में 52.44%, ओडिशा के नुआपाड़ा में 51.42%, राजस्थान के अंता में 47.77%, पंजाब के तरनतारन में 36.62%, जम्मू-कश्मीर के बडगाम में 34.01% और तेलंगाना के जुबली हिल्स में 31.94% वोटिंग हुई है।
क्यों हो रही इन सीटों पर वोटिंग?
बता दें कि जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के इस्तीफे के चलते बडगाम सीट पर उपचुनाव कराया जा रहा है। दरअसल, अब्दुल्ला ने 2024 के विधानसभा चुनाव में दो सीटों पर जीत हासिल की थी। इसके बाद उन्होंने गांदरबल सीट को बरकरार रखने और बडगाम सीट खाली करने का फैसला किया था। वहीं, नगरोटा सीट पिछले साल BJP विधायक देवेंद्र सिंह राणा के निधन के बाद खाली हुई थी।
Advertisement
राजस्थान के बारां जिले में अंता विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव BJP नेता कंवर लाल मीणा को एक मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद अयोग्य घोषित किए जाने के चलते हो रहा है। वहीं, झारखंड के घाटशिला में झामुमो विधायक रामदास सोरेन के निधन के बाद उपचुनाव कराना पड़ा।
इसके अलावा BRS नेता मगंती गोपीनाथ के निधन के चलते तेलंगाना में जुबली हिल्स उपचुनाव कराया जा रहा है। पंजाब के तरनतारन में आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक कश्मीर सिंह सोहल का इस साल जून में निधन के निधन हो गया था। इस वजह से तरनतारन सीट खाली हो गई थी और यहां दोबारा चुनाव कराया जा रहा है। वहीं, ओडिशा के नुआपाड़ा में उपचुनाव BJD के राजेंद्र ढोलकिया के निधन के बाद विधानसभा सीट पर उपचुनाव हो रहा है।
Advertisement
इन सभी सीटों पर वोटों की गिनती 14 नवंबर को बिहार विधानसभा चुनाव के साथ ही होगी।