Tamil Nadu Election: अपने हाथों से उसके आंसू पोंछे... थलापति विजय ने दिया 30 सालों की वफादारी का इनाम, ड्राइवर के बेटे को बनाया उम्मीदवार
Thalapathy Vijay Tamil Nadu Election 2026: अभिनेता से नेता बने विजय (TVK) ने तमिलनाडु चुनाव 2026 के लिए उम्मीदवारों का एलान कर दिया है। उन्होंने 30 साल से साथ रहे ड्राइवर के बेटे को टिकट देकर सबको चौंका दिया है।
- चुनाव न्यूज़
- 3 min read

Thalapathy Vijay Tamil Nadu Election 2026: अभिनेता से नेता बने विजय की एंट्री ने तमिलनाडु की राजनीति को बेहद दिलचस्प बना दिया है। तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) के प्रमुख विजय ने रविवार को अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की। लिस्ट में उन्होंने खुद पेरम्बूर और त्रिची पूर्व इन दो सीटों से चुनावी मैदान में उतरने की घोषणा की। दिलचस्प कि इन दोनों ही सीटों पर फिलहाल द्रविड़ मुनेत्र कड़गम का कब्जा है।
हालांकि, सूची जारी करते हुए विजय ने न केवल अपनी चुनावी रणनीति साफ कर दी, बल्कि एक भावुक संदेश भी दिया। बता दें, TVK प्रमुख ने अपने निजी पीए और पिछले 30 वर्षों से उनके ड्राइवर रहे राजेंद्रन के बेटे सबरीनाथन को चेन्नई की विरुगंबक्कम सीट से उम्मीदवार घोषित किया है।
ड्राइवर के बेटे को दिया टिकट
विजय ने साफ कर दिया कि उनकी पार्टी में वंशवाद या पैसे के बजाय 'वफादारी और काम' को प्राथमिकता दी जाएगी। राजेंद्रन पिछले तीन दशकों से साये की तरह विजय के साथ हैं। वहीं, उनके बेटे सबरीनाथन पहले से ही विजय मक्कल इयक्कम (VMI) और पार्टी के जिला सचिव के रूप में जमीन पर सक्रिय थे। अब उनका टिकट मिलना कार्यकर्ताओं के लिए प्रोत्साहन के रुप में देखा जा रहा है।
घोषणा के वक्त सबरीनाथन और उनके पिता राजेंद्रन भावुक होकर विजय के चरणों में गिर पड़े, लेकिन विजय ने उन्हें गले लगाते हुए नजर आ रहे हैं। अब इस भावुक पल का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। विजय ने सबरीनाथन को चेन्नई के विरुगम्पक्कम विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार घोषित किया है। इस दौरान उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी ने टिकट केवल उसी व्यक्ति को दिया है जो जनता के लिए अच्छा काम करता है।
Advertisement
विजय खुद दो सीटों से ठोकेंगे ताल
दिलचस्प है कि पार्टी प्रमुख विजय ने खुद को दो महत्वपूर्ण निर्वाचन क्षेत्रों से मैदान में उतारा है। जिसमें पेरम्बूर (चेन्नई) और त्रिची ईस्ट (तिरुचिरापल्ली) का नाम शामिल है। इसमें दोनों ही सीटें फिलहाल DMK के कब्जे में है। अब इस सीट से चुनाव लड़ने के फैसले ने राजनीतिक विश्लेषकों को चौंका दिया है। बताया जा रहा है कि दो सीटों से चुनाव लड़कर विजय ने संकेत दिया है कि वे उत्तर और मध्य तमिलनाडु, दोनों क्षेत्रों में अपनी पकड़ मजबूत करना चाहते हैं।
तमिलनाडु में कब हैं चुनाव?
दिलचस्प है कि तमिलनाडु की पारंपरिक DMK और AIADMK की राजनीति में विजय 'तीसरे विकल्प' के रूप में उभर रहे हैं। राज्य के 5.6 करोड़ मतदाता, जिनमें महिला मतदाताओं की संख्या (2.8 करोड़) अधिक है, 23 अप्रैल को इस त्रिकोणीय मुकाबले का फैसला करने वाले हैं। इस बीच विजय का मुख्य फोकस शिक्षित युवाओं और महिलाओं पर है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि वे हर क्षेत्र में प्रचार के लिए नहीं जा पाएंगे, इसलिए उन्होंने ऐसे चेहरों को चुना है जो स्थानीय स्तर पर मजबूत पकड़ रखते हैं।