sb.scorecardresearch

पब्लिश्ड 21:15 IST, February 3rd 2025

केवल भाजपा ही दिल्ली के विकास की रफ्तार कर सकती है तेज : राजनाथ सिंह

राजनाथ सिंह ने कहा कि PM मोदी के नेतृत्व के कारण आज दुनिया भारत की बात सुनती है, जबकि पहले वैश्विक मंचों पर देश को गंभीरता से नहीं लिया जाता था।

Follow: Google News Icon
  • share
Rajnath Singh attacks Congress during debate on Constitution
राजनाथ सिंह | Image: Sansad TV

रक्षा मंत्री और पूर्व भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने सोमवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व के कारण आज दुनिया भारत की बात सुनती है, जबकि पहले वैश्विक मंचों पर देश को गंभीरता से नहीं लिया जाता था।

दिल्ली विधानसभा चुनाव के प्रचार के आखिरी दिन छतरपुर में भाजपा प्रत्याशी करतार सिंह तंवर के पक्ष में वोट मांगने की खातिर एक रोडशो में हिस्सा लेते हुए सिंह ने कहा कि सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) ने लोगों को बस ठगा है और केवल भाजपा ही शहर के विकास की रफ्तार को तेज कर सकती है।

उन्होंने कहा, ‘‘पहले वैश्विक मंचों पर भारत की बात को गंभीरता से नहीं लिया जाता था, लेकिन अब प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में दुनिया भारत की बात को ध्यान से सुनती है। 2014 में भारत 11वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था था, लेकिन अब वह पांचवें स्थान पर है और आने वाले वर्षों में तीसरे स्थान पर होगा।’’

उन्होंने कहा, ‘‘दिल्लीवासियों ने देखा है कि प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है, लेकिन आप सरकार के कारण दिल्ली उसी गति से विकास नहीं कर पाई है। दिल्ली के लोगों को लगातार गुमराह और धोखा दिया गया है।’’

दिल्ली में भाजपा को दो तिहाई बहुमत मिलने का विश्वास जताते हुए सिंह ने कहा, ‘‘दिल्ली की जनता सच्चाई समझ चुकी है और उसने मन बना लिया है कि दिल्ली का वास्तविक विकास भाजपा के सत्ता में आने के बाद ही होगा।’’

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी को देश के समान गति से विकास करना चाहिए और यह तभी संभव है जब भाजपा सत्ता में आए।

रक्षा मंत्री ने कहा, ‘‘दिल्ली पिछड़ रही है, यहां सड़कों की हालत खराब है, लोग अब भी झुग्गियों में रह रहे हैं। आप ने बड़े-बड़े वादे किए लेकिन उन्हें पूरा नहीं किया। दिल्ली के लोगों के साथ धोखा हुआ है।’’

सिंह ने मोती नगर में भाजपा उम्मीदवार हरीश खुराना के समर्थन में एक और रोड शो को संबोधित किया। हरीश खुराना दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री मदन लाल खुराना के बेटे हैं।

दिल्ली की 70 सदस्यीय विधानसभा के लिए पांच फरवरी चुनाव को होगा और मतों की गिनती आठ फरवरी को होगी।

अपडेटेड 21:15 IST, February 3rd 2025