दिल्ली चुनावों में AAP की हार के बीच दिल्ली सचिवालय सील किया गया, सभी डॉक्युमेंट्स को सुरक्षित रखने के निर्देश
BJP ने इस चुनाव में सफलता के परचम लहरा दिए हैं। दिल्ली सरकार के जनरल एडमिनिस्ट्रेशन डिपार्टमेंट ने दिल्ली सचिवालय को पूरी तरह से सील करने का आदेश दे दिया है।
- चुनाव न्यूज़
- 2 min read

Delhi Secretariat Sealed: दिल्ली विधानसभा चुनाव के परिणाम लगभग आ चुके हैं बस चुनाव आयोग के ऐलान की औपचारिकता बाकी है। इस परिणाम में सत्ताधारी आम आदमी पार्टी बुरी तरह से पराजित होती हुई दिखाई दे रही है। वहीं भारतीय जनता पार्टी ने इस चुनाव में सफलता के परचम लहरा दिए हैं। वहीं इस बीच दिल्ली सरकार के जनरल एडमिनिस्ट्रेशन डिपार्टमेंट ने दिल्ली सचिवालय को पूरी तरह से सील करने का आदेश दे दिया है। इसके अलावा वहां के सभी दस्तावेजों को सुरक्षित रखने का निर्देश दे दिया गया है।
दिल्ली सरकार के जनरल एडमिनिस्ट्रेशन डिपार्टमेंट (GAD) ने एक नोटिस जारी कर कहा है, 'सुरक्षा चिंताओं और अभिलेखों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए, यह अनुरोध किया जाता है कि जीएडी की अनुमति के बिना कोई भी फाइल/दस्तावेज, कंप्यूटर हार्डवेयर आदि दिल्ली सचिवालय परिसर से बाहर न ले जाए। इसलिए यह निर्देश दिया जाता है कि दिल्ली सचिवालय में स्थित विभागों/कार्यालयों के अंतर्गत संबंधित शाखा प्रभारियों को उनके अनुभाग/शाखाओं के अंतर्गत अभिलेखों, फाइलों, दस्तावेजों, इलेक्ट्रॉनिक फाइलों आदि की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक निर्देश जारी किए जाएं।
यह आदेश सचिवालय कार्यालयों और मंत्रिपरिषद के शिविर कार्यालयों पर भी लागू होगा और दोनों कार्यालयों के प्रभारियों को भी इस आदेश का अनुपालन करने के लिए निर्देशित किया जाता है। यह सक्षम प्राधिकारी की स्वीकृति से जारी किया जाता है।
(Note: यह एक ब्रेकिंग स्टोरी है। अधिक जानकारी के साथ अपडेट हो रही है)