यही रात अंतिम, यही रात भारी... 3 लेयर सुरक्षा वाले स्ट्रांग रूम में रखे गए हैं EVM, जानें कहां-कहां होगी काउंटिंग
Delhi की 70 विधानसभा सीटों पर हुए चुनाव में 699 उम्मीदवारों की किस्मत EVM में कैद है। EVM और वीवीपैट को त्रिस्तरीय सुरक्षा के साथ 70 स्ट्रांग रूम में रखा गया है
- चुनाव न्यूज़
- 3 min read

Delhi Election Result 2025 : दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए मतों की गिनती शनिवार को सुबह आठ शुरु होगी, जिससे यह तय होगा कि आम आदमी पार्टी (AAP) चौथी बार सत्ता में आएगी या फिर 27 साल बाद राष्ट्रीय राजधानी में भारतीय जनता पार्टी (BJP) सरकार बनाएगी। पिछले 2 विधानसभा चुनावों में एक भी सीट नहीं जीतने वाली कांग्रेस भी इस बार खाता खोलने की उम्मीद है।
बुधवार को 70 विधानसभा सीटों पर हुए चुनाव में 699 उम्मीदवारों की किस्मत EVM में कैद है। चुनाव लड़ने वाले हर प्रत्याशी और कार्यकर्ता के लिए आज की रात बहुत भारी गुजरने वाली है। सभी की निगाहें शनिवार को आने वाले चुनावी नतीजों पर टिकी हैं। BJP दिल्ली अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने दावा किया है कि उनकी पार्टी करीब 50 सीटें जीतेगी। वहीं, आप ने एग्जिट पोल को खारिज करते हुए कहा कि वह फिर से सरकार बनाएगी और अरविंद केजरीवाल मुख्यमंत्री बनेंगे।
दिल्ली में 19 काउंटिंग सेंटर
दिल्ली में मतगणना के लिए चुनाव आयोग ने 11 जिलों में कुल 19 काउंटिंग सेंटर बनाएं हैं। इन 19 काउंटिंग सेंटर में सभी 70 विधानसभा सीटों की गिनती होगी।
त्रिस्तरीय सुरक्षा स्ट्रांग रूम में EVM
हर किसी की निगाहें अब EVM पर टिकी हैं। दिल्ली विधानसभा चुनाव में इस्तेमाल की गई EVM और वीवीपैट मशीनों को त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था के साथ 70 स्ट्रांग रूम में रखा गया है। दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) आर. एलिस वाज की ओर से जारी एक आधिकारिक बयान में कहा गया, ‘‘हर विधानसभा सीट के लिए बनाए गए इन स्ट्रांग रूम की भारत निर्वाचन आयोग के प्रोटोकॉल के तहत कड़े सुरक्षा उपायों के साथ सुरक्षा की जा रही है।’’
Advertisement
त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था के साथ इन स्ट्रांग रूम में सबसे अंदर केंद्रीय सशस्त्र अर्धसैनिक बल (CAPF) द्वारा कड़ी सुरक्षा की जा रही है। इसके बाद बाहरी परिधि में राज्य सशस्त्र पुलिस बल के जवान तैनात हैं। तीसरी लेयर में चौबीसों घंटे CCTV से निगरानी की व्यवस्था है। इसके अलावा EVM की सुरक्षा में सीलबंद दरवाजे और गलियारे भी शामिल हैं और डबल-लॉक प्रणाली स्ट्रांग रूम की अतिरिक्त सुरक्षा सुनिश्चित कर रही है।
क्या प्रत्याशी देख सकते हैं CCTV Live फीड?
दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) आर. एलिस वाज ने बताया कि चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों के एजेंट को मॉनिटर पर CCTV फीड के माध्यम से चौबीसों घंटे सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करने की अनुमति है। हम सुरक्षा और पारदर्शिता के उच्चतम मानकों को बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि कड़े प्रोटोकॉल लागू किए गए हैं, जिनमें स्ट्रांग रूम के खुलने और बंद होने की वीडियोग्राफी भी शामिल है।