Delhi: संजय सिंह के विधायकों की खरीद के आरोपों पर BJP ने मांगे सबूत, तो संदीप दीक्षित बोले- ये AAP की फ्रस्ट्रेशन
Delhi Elections: वोटों की गिनती से पहले ही AAP के सांसद संजय सिंह ने विधायकों की खरीद की कोशिश करने का आरोप भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर लगा दिया है।
- चुनाव न्यूज़
- 4 min read

Delhi Elections: दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजे आने में एक दिन का समय बाकी है, 8 फरवरी को सुबह 8 बजे से नतीजे वोटों की गिनती शुरू हो जाएगी और करीब दोपहर 12 बजे तक ये तस्वीर साफ हो जाएगी कि दिल्ली के दिल में क्या है? दिल्लीवासियों के को नतीजों का इंतजार है लेकिन उससे पहले ही आम आदमी पार्टी (AAP) के सांसद संजय सिंह (Sanjay Singh) ने विधायकों की खरीद की कोशिश करने का आरोप भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर लगा दिया है।
संजय सिंह ने बीजेपी पर आरोप लगाते हुए कहा कि हमारे 7 ऐसे विधायक जो हमारी पार्टी के सिंबल पर चुनाव लड़े उनसे संपर्क किया गया। 15-15 करोड़ रुपए का ऑफर दिया गया और 'ऑपरेशन लोटस' चलकर तोड़फोड़ करके दिल्ली में चुनाव का परिणाम आने से पहले भारतीय जनता पार्टी यह खेल करना शुरू कर चुकी है। हमने अपने विधायकों को साफ तौर पर कहा है जो भी ऐसी कॉल आए उसे रिकॉर्ड करिए, जो भी ऐसे लोग आपसे मिलने आए उनका वीडियो रिकॉर्ड करिए हिडन कैमरा लगाकर और इसके पूरे साक्ष्य मीडिया के सामने और देश के सामने रखेंगे। दिक्कत यह है कि भाजपा यह सोचती है कि वह हर राज्य में इसी तरह का हथकंडा अपना कर चुनाव जीते ना जीते सरकार बना लेंगे। दिल्ली में यह सब होने वाला नहीं है, बुरी तरह से बीजेपी हार रही है।
AAP की हर बार यही कहानी, सबूत दें- आरपी सिंह
संजय सिंह के आरोपों पर बीजेपी नेता आरपी सिंह (RP Singh) पलटवार करते हुए कहा कि संजय सिंह आप आरोप लग रहे हैं कि आपके 7 विधायकों को भाजपा के लोगों ने अप्रोच किया है, यह कह करके कि पासा पलट दीजिये, 15 करोड़ रुपए उनको ऑफर किए हैं, कृपया करके निराधार आरोप लगाने की बजाय अगर कुछ तथ्य हो तो वह पेश करिए, अन्यथा इस तरह के निराधार आरोप लगाना बंद करिए और यह प्रपंच रचना बंद करिए। यह आपकी हर बार की स्टोरी है। देश से जान चुका है आप इस प्रकार की स्टोरी हर बार करते हैं और बाद में जब सबूत मांगे जाते हैं तो भाग जाते हैं। अपने इसी तरह की कहानी पंजाब में गढ़ी थी लेकिन फिर भाग गए इसी तरह की कहानी थोड़े दिन पहले अपने दिल्ली में भी गढ़ी थी जब सबूत मांगे तो भाग गए। कृपया करके सबूत के बिना मत बोलिए अन्यथा आपके खिलाफ मानहानि का मुकदमा हो सकता है।
Advertisement
संजय सिंह का आरोप उनकी फ्रस्ट्रेशन- संदीप दीक्षित
संजय सिंह के आरोपों पर बीजेपी के बाद कांग्रेस (Congress) का भी जवाब आया है। नई दिल्ली विधानसभा से उम्मीदवार संदीप दीक्षित (Sandeep Dixit) ने कहा कि उनके बयान का क्या मतलब है जब 8 तारीख को काउंटिंग है, 8 को पता चलेगा कि कौन विधायक रहेगा या नहीं रहेगा। अगर आज रात को कोई विधायक शिफ्ट कर भी जाता है तो क्या फायदा होगा? ईवीएम मशीन बंद हो चुकी हैं, लोग विधायक बनेंगे या नहीं बनेंगे 8 तारीख को पता चलेगा तो ऐसे में कोई पार्टी किसी को क्या ऑफर करेगी, मुझे समझ नहीं आ रहा है। हां यह कह सकते थे कि हमारे लोग जीत रहे हैं उन्हें यह अप्रोच कर रहे हैं तो मैं मान भी सकता था। कौन जीतेगा, क्या जीतेगा, इतनी घबराहट क्यों है आम आदमी पार्टी में यह मैं नहीं समझ पा रहा हूं। मैं यह नहीं कह रहा हूं कि भाजपा किसी को ऑफर नहीं देती, अगर दे भी रही है तो कम से कम यह तो पता चले की 8 तारीख को विधायक बन कौन रहा है, अगर मैं विधायक ही नहीं हूं तो कोई मुझे क्यों ऑफर देगा। हां अगर यही आरोप वह 8 तारीख की रात को लगाते ऐसा कुछ हो रहा है तो भी भरोसा किया जा सकता था इससे उनकी फ्रस्ट्रेशन दिख रही है।