Kerala Elections 2026: '100 से ज्यादा सीटें जीतकर करेंगे वापसी', कांग्रेस नेता का बड़ा दावा, UDF का जोश हाई
Kerala Assembly Elections 2026: केरल की 140 विधानसभा सीटों पर 9 अप्रैल को वोट पड़ने हैं। चुनाव को लेकर सभी पार्टियां अपनी-अपनी जीत के बड़े दावे करती नजर आ रही हैं।
- चुनाव न्यूज़
- 2 min read

Kerala Elections 2026: केरल चुनाव के लिए राजनीतिक दलों ने कमर कस ली है। राज्य में 9 अप्रैल को वोटिंग होनी है। इस बीच केरल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष (LoP) VD सतीशन ने बड़ा दावा किया है। उन्होंने चुनाव में यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (UDF) की जीत पर पूरा भरोसा जताया और कहा कि उनकी पार्टी 100 से ज्यादा सीटों के साथ वापसी करेगी।
हम सभी उपचुनाव शानदार अंतर से जीते हैं- सतीशन
कांग्रेस नेता ANI से बात करते हुए पिछले उपचुनावों में UDF की रिकॉर्ड जीत का जिक्र किया। उन्होंने कहा, "एक को छोड़कर, हमने सभी उपचुनाव शानदार अंतर से जीते हैं। हमने संसद चुनावों में अपना अंतर बढ़ाया है। हमने 30 सालों में स्थानीय निकाय चुनावों में शानदार जीत हासिल की है। हम सभी चुनाव जीतते आ रहे हैं।"
उन्होंने कहा कि LDF के जोरदार प्रचार के बावजूद UDF ने जीत हासिल की थी और आने वाले चुनावों में भी ऐसा ही होगा।
सतीशन ने आगे कहा कि उपचुनावों में, मुख्यमंत्री और 20 मंत्री एक महीने तक डेरा डाले रहते हैं। इसके बावजूद, हम बड़े अंतर से जीत रहे हैं। इसलिए यह सिलसिला जारी रहेगा। हम 100 से ज्यादा सीटों के साथ वापसी करेंगे।
Advertisement
राहुल करेंगे चुनाव प्रचार की शुरुआत
इस बीच केरल में UDF के चुनावी अभियान को गति मिलने की उम्मीद है, क्योंकि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी यहां आ रहे हैं। वह सोमवार (30 मार्च) को केरल में चुनाव प्रचार शुरू करेंगे। राहुल पथानामथिट्टा जिले में दो रोड शो करेंगे। पथानामथिट्टा जिले में पांच विधानसभा सीटें हैं। 2021 चुनाव में UDF को यहां एक भी सीट नहीं मिली थी।
PM मोदी भी आज पहुंच रहे त्रिशूर
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज (29 मार्च) को केरल के त्रिशूर का दौरा करने वाले हैं। वे केरल के पूर्व सीएम करुरणाकरण की बेटी और BJP उम्मीदवार पद्मजा वेणुगोपाल के लिए चुनाव प्रचार करेंगे। पीएम का रोड शो भी होगा। वह पलक्काड से बीजेपी उम्मीदवार शोभा सुरेंद्रन के पक्ष में भी प्रचार करेंगे।
Advertisement
केरल की 140 विधानसभा सीटों पर 9 अप्रैल को वोटिंग होगी और 4 मई को चुनावी नतीजे घोषित किए जाएंगे। BJP के बढ़ते वर्चस्व के कारण कांग्रेस और लेफ्ट मिलाकर इस बार त्रिकोणीय मुकाबला देखने की उम्मीद जताई जा रही है।