अपडेटेड 20 November 2024 at 08:26 IST
महाराष्ट्र-झारखंड विधानसभा चुनाव, इन राज्यों में उपचुनाव; दांव पर दिग्गजों की किस्मत
आज महाराष्ट्र-झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए मतदान हो रहा है। महाराष्ट्र की 288 तो झारखंड में दूसरे चरण के लिए 38 विधानसभा सीटों पर वोटिंग हो रही है।
- चुनाव न्यूज़
- 5 min read

Maharashtra Election: आज यानि 20 नवंबर को महाराष्ट्र-झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए मतदान शुरू हो गया है। महाराष्ट्र की 288 तो झारखंड में दूसरे चरण के लिए 38 विधानसभा सीटों पर वोटिंग हो रही है। इसके अलावा 5 राज्यों की 15 सीटों पर भी उपचुनाव हैं। इसमें यूपी की 9 सीटें, पंजाब की 4, केरल की 1, उत्तराखंड की 1 सीट शामिल है। वहीं, महाराष्ट्र की नांदेड़ लोकसभा सीट पर भी उपचुनाव हो रहे हैं।
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए 20 नवंबर को वोटिंग होगी। यहां महायुति और महा विकास अघाड़ी के बीच मुकाबला है। दोनों ही गठबंधन अपनी-अपनी जीत का दम भरने की कोशिश में हैं। जहां सत्ताधारी महायुति अपने कामों के बलबूते पर जनता के बीच में है तो दूसरी ओर महा विकास अघाड़ी सरकार के कामों में कमियां और अपनी भविष्य की योजनाओं को लेकर जनता के बीच पहुंची है। खैर, जनता का पलड़ा किस ओर झुकता है यह तो आने वाली 23 तारीख को ही पता चलेगा।
महाराष्ट्र की सभी 288 सीटों पर मतदान
महाराष्ट्र की 288 सीटों पर वोटिंग शुरू हो चुकी है। इस विधानसभा चुनावों में कई क्षत्रपों का चुनावी भविष्य दांव पर लगा हुआ है। राकांपा (एसपी) सुप्रीमो शरद पवार, मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, शिवसेना (उबाठा) प्रमुख उद्धव ठाकरे और उपमुख्यमंत्री अजित पवार सहित कई दिग्गजों की साख दाव पर है। शरद पवार ने लोकसभा चुनाव में अजित पवार को बड़ा झटका दिया था, जिनके गुट को निर्वाचन आयोग ने असल राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के रूप में मान्यता दी है। उन्हें विधानसभा चुनावों में भी प्रतिद्वंद्वी गुट को पटखनी देने का भरोसा है, जबकि अजित पवार अच्छे प्रदर्शन के साथ वापसी की उम्मीद कर रहे हैं।
दूसरी ओर, शिवसेना के शिंदे और उद्धव गुटों की बात करें तो लोकसभा चुनाव में दोनों ने ठीक-ठाक प्रदर्शन किया था। ऐसे में जनता किसे पार्टी की विरासत का असल हकदार मानती है, इसका निर्धारण अब विधानसभा चुनाव के नतीजों से होने की उम्मीद है। निर्वाचन आयोग ने शिंदे गुट को असल शिवसेना के रूप में मान्यता दी है।
Advertisement
महाराष्ट्र में शरद पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार), उद्धव की शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) और कांग्रेस विपक्षी गठबंधन महा विकास आघाडी (एमवीए) का हिस्सा हैं। वहीं, सत्तारूढ़ गठबंधन महायुति में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अलावा शिंदे नीत शिवसेना और अजित पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) शामिल हैं।
शिवसेना की दोनों धड़े 50 सीटों पर आमने-सामने
भाजपा महाराष्ट्र की 149 सीटों पर चुनाव लड़ रही है, जबकि शिवसेना ने 81 और राकांपा ने 59 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं। वहीं, कांग्रेस 101, शिवसेना (उबाठा) 95 और राकांपा (एसपी) 86 सीटों पर किस्मत आजमा रही हैं। शिवसेना के दोनों धड़े 50 सीटों पर आमने-सामने हैं। वहीं, राकांपा के प्रतिद्वंद्वी गुटों ने 37 सीटों पर एक-दूसरे के खिलाफ उम्मीदवार उतारे हैं।
Advertisement
झारखंड में दूसरे चरण की वोटिंग
झारखंड में आज लोकतंत्र के महापर्व का दूसरा और आखिरी चरण है। सभी मतदाताओं से मेरा आग्रह है कि वे इसमें बढ़-चढ़कर भागीदारी करें और वोटिंग का नया रिकॉर्ड बनाएं। इस अवसर पर पहली बार वोट डालने जा रहे अपने सभी युवा साथियों का मैं विशेष अभिनंदन करता हूं। आपका एक-एक मत राज्य की ताकत है।
इंडी गठबंधन और राजग के बीच कड़ी टक्कर
झारखंड में बुधवार को दूसरे और अंतिम चरण में कुल 81 विधानसभा सीटों में से 38 पर मतदान हो रहा है, जिसमें झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) उम्मीदवार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, उनकी पत्नी कल्पना सोरेन और विपक्ष के नेता और भाजपा उम्मीदवार अमर कुमार बाउरी सहित 528 उम्मीदवारों के चुनावी भाग्य का फैसला होगा। राज्य में सत्तारूढ़ झामुमो नीत ‘इंडिया’ गठबंधन और भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के बीच कड़ी टक्कर है। पहले चरण का मतदान 13 नवंबर को हुआ था।
14,218 मतदान केंद्रों पर मतदान सुबह सात बजे शुरू हो गया है और शाम पांच बजे तक जारी रहेगा। इनमें से 31 मतदान केंद्रों पर मतदान शाम चार बजे समाप्त हो जाएगा। इस बार 60.79 लाख महिलाओं सहित कुल 1.23 करोड़ मतदाता मतदान करेंगे। कुल मिलाकर 528 उम्मीदवार जिसमें 472 पुरुष, 55 महिलाएं और एक ट्रांसजेंडर मैदान में हैं।
यूपी उपचुनावों के लिए 9 सीटों पर मतदान
उत्तर प्रदेश विधानसभा उपचुनावों के लिए 9 सीटों पर आज मतदान होना है। 20 नवंबर को राज्य की 9 सीटों पर वोटिंग होगी जबकि 23 नवंबर को नतीजे आएंगे। इन चुनावों में एक बीजेपी अपने सहयोगियों के साथ मैदान में है तो दूसरी ओर पीडीए की ओर से समाजवादी पार्टी के 9 उम्मीदवार मैदान में है। वहीं मामले को त्रिकोणीय बनाने के लिए बहुजन समाज पार्टी ने भी सभी 9 सीटों पर अपने उम्मीदवारों को उतारा है। यह पहली बार है जब बसपा किसी भी उपचुनाव में इतनी दिलचस्पी दिखा रही है।
इस उपचुनावों की 9 सीटों पर कुल 90 उम्मीदवार मैदान में है जो अपनी किस्मत अजमा रहे हैं। बीजेपी, समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी जैसे बड़ी पार्टियों के अलावा स्थानीय और छोटी पार्टियों के साथ निर्दलीय उम्मीदवार चुनाव मैदान में ताल ठोंक रहे हैं।
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 20 November 2024 at 06:59 IST