LIVE BLOG

Budget 2025: BJP ने बताया ऐतिहासिक, तो विपक्ष को रास नहीं आया बजट... पक्ष-विपक्ष के नेताओं ने क्या कहा?

Budget 2025 Income Tax Slabs and Rates for FY 2025-26: Nirmala Sitharaman’s Historic 8th Budget – Live Updates, निर्मला सीतारमण ने आठवीं बार आम बजट पेश किया। मध्यमवर्ग को बड़ी राहत दी गई है – पल-पल की अपडेट्स के लिए जुड़े रहें Republic Bharat के साथ

Follow : Google News Icon  
Union Budget 2025
Union Budget 2025 | Image: Republic

Union Budget 2025: केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने आज अपना आठवां बजट पेश किया। इससे पहले वह छह पूर्णकालिक और दो अंतरिम बजट पेश कर चुकी हैं। इस बार के बजट में मिडिल क्लास को बड़ा तोहफा मिला है। 12 लाख तक की सालाना कमाई करने वालों को अब कोई टैक्स नहीं देना होगा। 


भगवंत मान का बयान

पंजाब सीएम भगवंत मान ने दिल्ली चुनाव प्रचार में BJP पर आरोप लगाते हुए कहा कि अरविंद केजरीवाल को काम करवाना आता है, चाहे लड़कर, भिड़कर जैसे भी करवाना पड़े। हमारे सामने देश लूट रहा था, इसलिए हम राजनीति में आए हैं। 2100 रुपये देने वालों (AAP) पर विश्वास है, 2500 वालों देने (BJP) पर नहीं, ये 2500 वाले फिर 15 लाख रुपये की तरह मुकर जाएंगे। मुझे नहीं पता अच्छे दिन कब आएंगे, लेकिन ये पता है 8 तारीख को रिजल्ट के दिन दिल्ली वालों के केजरीवाल वाले सच्चे दिन आने वाले हैं। 


AAP दिल्ली में सरकार बनाने जा रही है- महुआ मोइत्रा

TMC सांसद महुआ मोइत्रा ने दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 में AAP के लिए चुनाव प्रचार किया। उन्होंने कहा, "ममता बनर्जी ने हमें चुनाव प्रचार के लिए भेजा है। AAP निश्चित तौर पर दिल्ली में सरकार बनाने जा रही है। आम आदमी पार्टी की सरकार आम जनता के लिए काम कर रही है।"


Advertisement

विपक्ष हमेशा यही कहता है कि बजट में कुछ नहीं मिला- प्रफुल्ल पटेल

NCP नेता प्रफुल्ल पटेल ने बजट 2025 पर कहा, "यह बजट बहुत अच्छा है। शहरी भागों में रहने वाले मध्यमवर्गी लोगों की आय काफी सीमित होती है इसलिए उन्हें इसका बहुत लाभ मिलेगा। बहुत से राजनैतिक लोग अभी तक बजट का विश्लेषण नहीं कर पाए हैं। किसानों को बहुत सी चीजें दी गई हैं। विपक्ष की ओर से हमेशा यह बयान आता है कि बजट में कुछ नहीं मिला है। यह बजट भारत को विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने की दिशा में है।"


बजट पर राहुल के बयान पर CM हिमंता का पलटवार

बजट पर राहुल गांधी के बयान पर असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा, "कांग्रेस को इस बजट की बिल्कुल भी आलोचना नहीं करनी चाहिए, उन्हें देखना चाहिए कि मध्यम वर्ग को कितनी राहत मिली है। हमारे देश पर 60 साल तक शासन करने के बाद भी, वे (कांग्रेस) आयकर छूट के स्लैब को 5 लाख रुपये से आगे नहीं बढ़ा सके। आज केंद्रीय वित्त मंत्री ने न केवल मध्यम वर्ग, बल्कि निम्न मध्यम वर्ग और उच्च मध्यम वर्ग दोनों को छूट दी। उन्होंने विभिन्न तकनीकों के बारे में बात की। उन्होंने विभिन्न कैंसर दवाओं की कीमत कम कर दी... ये टिप्पणियां राजनीति से प्रेरित हैं और देश की अर्थव्यवस्था पर राहुल गांधी के शून्य ज्ञान को दर्शाती हैं।"


Advertisement

बजट पर क्या बोले CM पुष्कर सिंह धामी?

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा, "यह बजट हर वर्ग को आगे लाने वाला बजट है। इस बजट में हर वर्ग की चिंता की गई है, ये समावेशी बजट है। अंतिम छोर में खड़े व्यक्ति के लिए भी इस बजट में प्रावधान किया गया है। 12 लाख तक की आय पर कोई टैक्स ना लिया जाना मध्यम वर्ग के उत्थान का बजट है। मैं इस बजट के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को बधाई देता हूं।"


महाकुंभ भगदड़ पीड़ितों से मिले CM योगी

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रयागराज के एक अस्पताल में महाकुंभ भगदड़ पीड़ितों से मुलाकात की।


संदीप दीक्षित का बयान

नई दिल्ली विधानसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार संदीप दीक्षित ने कहा कि राजनैतिक रूप से कोई कहीं भी अगर गुंडागर्दी कर रहा है तो मैं दिल्ली पुलिस से तुरंत कार्रवाई का आग्रह करूंगा। AAP के कार्यकर्ता झुग्गी-क्लस्टर्स में जो पैसे और शराब बांट रहे हैं, पुलिस उस पर भी कार्रवाई नहीं कर रही है। हम तो पुलिस से कहेंगे कि वे वहां भी मुस्तैदी से कार्रवाई करें। 


बजट में पंजाब और देश के लिए कुछ नहीं- CM भगवंत मान

पंजाब सीएम भगवंत मान ने जनकपुरी में चुनावी रोडशो के दौरान बजट पर कहा कि बजट में पंजाब और देश के लिए कुछ नहीं है। बजट में सिर्फ आंकड़ों का खेल है। ये 2047 की बात करते हैं, लेकिन आज क्या कर रहे है? पीएम मोदी मन की बात लोगों के साथ और धन की बात अपने दोस्तों के साथ करते हैं।


60 से ज्यादा सीटें लेकर केजरीवाल सरकार बनाएंगे- आतिशी

आम आदमी पार्टी नेता संजय सिंह ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में जीत का दावा करते हुए कहा कि कालकाजी से आतिशी जीत रही है, गुंडागर्दी हार रही है, रमेश बिधूड़ी बुरी तरह चुनाव हारेंगे। दिल्ली में प्रचंड बहुत के  साथ 60 से ज्यादा सीटें लेकर केजरीवाल सरकार बनाएंगे। सीएम आतिशी इस बार भी बड़ी दर्ज करेंगी। 


विदेशी प्रतिनिधियों से मिले CM योगी

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रयागराज में विदेशी प्रतिनिधियों से मुलाकात की।


हर तबके को ध्यान में रखकर बजट पेश किया गया- ओपी राजभर

उत्तर प्रदेश के मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने बजट 2025 पर कहा, "देश की महिलाओं, किसानों, नौजवानों और व्यापारियों समेत हर तबके को ध्यान में रखकर बजट पेश किया गया है। इस बजट से प्रदेश और देश में खुशहाली आएगी और लोगों को रोज़गार मिलेगा। शिक्षा का प्रचार-प्रसार होगा... इस बजट से आम आदमी बहुत खुश है।"


रोहतास नगर में अमित शाह का रोड शो

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दिल्ली विधानसभा चुनाव प्रचार के लिए रोहतास नगर में रोड शो किया।


तेजस्वी यादव के बयान पर राजीव रंजन का पलटवार

RJD नेता तेजस्वी यादव के बयान पर केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन (ललन) सिंह ने कहा, "तेजस्वी यादव क्या समझेंगे? मखाना बोर्ड का गठन किया गया है। मखाना पूरे उत्तर बिहार का सबसे महत्वपूर्ण उत्पाद है, जिसकी मार्केटिंग आज पूरी दुनिया में हो रही है। अब मखाना के मूल्य संवर्धन के लिए, उसके निर्यात को बढ़ाने के लिए मखाना बोर्ड का गठन किया गया। ये पुरानी पैकेजिंग है? पटना और बिहटा एयरपोर्ट के अलावा ग्रीन फील्ड एयरपोर्ट की घोषणा की गई है, ये पुराना पैकेज है? IIT के विस्तार की घोषणा की गई है, ये पुरानी पैकेजिंग है? फूड प्रोसेसिंग के लिए जो संस्थान बनेगा वो पुराना पैकेजिंग है? बिहार के विकास से ना उनके माता-पिता को कोई मतलब था ना इनको कोई मतलब है।"


मध्यम वर्ग और गरीबों के लिए एक सपनों का बजट- जी किशन रेड्डी

केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी ने कहा, "यह मध्यम वर्ग और गरीब लोगों के लिए एक सपनों का बजट है। मैं इस बजट के लिए केंद्र सरकार की सराहना करता हूं। विपक्ष बजट नहीं किसी अन्य कारण से बाहर गया। सिर्फ बिहार ही नहीं बल्कि यह पूरे देश का बजट है..."


बजट पर अश्विनी वैष्णव का रिएक्शन

केंद्रीय बजट 2025 पर केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा, "आज का बजट मध्यम वर्ग के लिए बहुत ही महत्वपूर्ण बजट है, 12 लाख तक की सालाना आय पर कोई टैक्स नहीं लगेगा। ये बहुत ही बड़ी सौगात है। इससे हमारे मध्यम वर्गीय परिवारों के हाथ में पैसे ज्यादा बचेंगे। जिससे परिवार के लिए बेहतर सुविधाएं ले सकेंगे... मध्यमवर्गीय परिवारों में जो तमन्ना रहती है वो पूरी कर सकेंगे। मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को धन्यवाद देना चाहता हूं।"


बजट पर क्या बोले अखिलेश यादव?

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने केंद्रीय बजट 2025 पर कहा, "यह बजट किसके लिए आया है? आपके (भाजपा) शहर और सड़कें ऐसी नहीं हैं जिनमें इतनी क्षमता हो कि वे इतने लोगों को संभाल पाएं (महाकुंभ श्रद्धालु)। आपकी संरचना शहरों में कैसी है? आप तो स्मार्ट इंडिया और स्मार्ट शहर बसा रहे थे। आप(भाजपा) क्या व्यवस्था दे रहे हैं?"


निर्मला सीतारमण ने की ओम बिरला ने मुलाकात

बजट पेश करने के बाद वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने संसद भवन में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मुलाकात की। लोकसभा अध्यक्ष ने उन्हें लगातार आठवीं बार बजट पेश करने के लिए बधाई और शुभकामनाएं दीं।


बजट में 3 गुना की बढ़ोतरी हुई है- गिरिराज सिंह

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा, "2014 में जो बजट 16 लाख करोड़ का था वो आज 51 लाख करोड़ का हो गया है। बजट में 3 गुना की बढ़ोतरी हुई है। ये समावेशी बजट है। महिला, युवा, गरीब  और किसान इस बजट में समाहित हैं। ये बजट इनके विकास के लिए है।"
 


बजट से देश आगे बढ़ेगा - एकनाथ शिंदे

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने केंद्रीय बजट 2025 पर कहा, "इस बजट में मध्यम वर्ग, किसान, महिलाएं, वरिष्ठ नागरिक समेत सभी लोगों को शामिल किया गया है। MSME के माध्यम से लघु उद्योगों में वृद्धि होगी और रोजगार भी बढ़ेगा। हमारी केंद्र सरकार सामान्य नागरिकों की सरकार है। इस बजट से देश आगे बढ़ेगा और देश की प्रगति होगी।"
 


बजट में सुधारों पर जोर दिया गया- निर्मला सीतारमण

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की बजट को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि विकसित भारत की दिशा में बजट है। बजट में सुधारों पर जोर दिया गया। शिक्षा और स्वास्थ्य को लेकर सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई। हमने टैरिफ को काफी कम और सरल किया। 
 


ये एक संतुलित बजट है- पीयूष गोयल

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने बजट 2025 पर कहा, "यह बजट किसानों और मध्यम वर्ग समेत सभी को एक उज्जवल भविष्य की ओर विकसित भारत में अपना योगदान देने के लिए प्रोत्साहन दे रहा है। सीमा और आयात शुल्क को कम कर भारत के उत्पादन को बढ़ाया जाएगा। यह एक संतुलित बजट है।"


वोकल को राहत मिली, लेकिन लोकल को क्या मिला?- जयराम रमेश

कांग्रेस सांसद जयराम रमेश ने कहा, "ऐसा दिखता है कि वोकल को राहत मिली है लेकिन लोकल को क्या मिला? किसानों को क्या मिला? MSP के बारे में कोई जिक्र नहीं हुआ, कर्जा माफी की बात नहीं हुई। फसल बीमा योजना में जो सुधार लाने थे उसकी कोई घोषणा नहीं हुई। किसान संगठनों की मांग को नजरंदाज किया गया। मनरेगा के आवंटन में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है।"


21वीं शताब्दी को नई दिशा देने वाला बजट- फडणवीस

महाराष्ट्र के CM देवेंद्र फडणवीस ने बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “मध्यमवर्गीय परिवार के लिए मा. प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में पेश हुआ ड्रीम बजट! बजट सेशन के दौरान आज केंद्रीय वित्तमंत्री निर्मला सीतारामण द्वारा पेश किया गया पूर्णकालिक बजट विकसित भारत की संकल्पपूर्ति एवं 21वीं शताब्दी को नई दिशा देने वाला बजट है। मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी और केंद्रीय वित्तमंत्री निर्मला सीतारामण को बहुत-बहुत बधाई देता हूं एवं आभार व्यक्त करता हूं। यह विकसित भारत की ओर भारत को ले जाने वाला बजट है। इस बजट ने महिला, किसान, ग़रीब, युवा और मध्यमवर्गीय घटकों को बड़ी सौगात दी है।"


इतना अच्छा बजट लंबे समय के बाद आया- ललन सिंह

केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन (ललन) सिंह ने बजट 2025 पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के विकसित भारत के सपने को ध्यान में रखते हुए की गई घोषणाएं इस दृष्टि से हैं कि हर क्षेत्र में विकास कैसे हो सकता है। रोजगार सृजन पर भी पर्याप्त ध्यान दिया गया है, मध्यम वर्ग का भी ख्याल रखा गया है। इतना अच्छा बजट लंबे समय के बाद आया है। प्रधानमंत्री मोदी का सपना है कि पूर्वी भारत में विकास की धीमी गति को देखते हुए पटना में IIT के विस्तार, पूरे उत्तर बिहार के सबसे बड़े उत्पाद मखाना के विकास के लिए मखाना बोर्ड की घोषणा की गई है। किसी ने कल्पना भी नहीं की होगी कि 12 लाख तक टैक्स में छूट मिलेगी।


इस बजट में ज्ञान भारत मिशन' को शुरू किया गया- पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बजट 2025 कहते हैं कि आज देश विकास भी, विरासत भी के मंत्र को लेकर चल रहा है। इस बजट में इसके लिए बहुत महत्वपूर्ण और ठोस कदम उठाए गए हैं। इस बजट में एक करोड़ पांडुलिपियों के संरक्षण के लिए 'ज्ञान भारत मिशन' को शुरू किया गया है।
 


रिफॉर्म की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए गए- पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बजट 2025 पर कहा कि इस बजट में रिफॉर्म की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। न्यूक्लियर एनर्जी में प्राइवेट सेक्टर को बढ़ावा देने का निर्णय बहुत ही ऐतिहासिक है...बजट में रोजगार के सभी क्षेत्रों को हर प्रकार से प्राथमिकता दी गई है। 
 


आज का बजट भारत के विकास की यात्रा का महत्वपूर्ण पड़ाव- PM मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केंद्रीय बजट पर कहा कि आज भारत के विकास के यात्रा का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। यह भारतीय के सपनों को पूरा करने वाला बजट है। हमने सेक्टर्स युवाओं के लिए खोल दिए हैं। ये बजट एक फोर्स मल्टीप्लायर है ये बजट बचत को बढ़ाएगा, निवेश को बढ़ाएगा और ग्रोथ को भी तेजी से बढ़ाएगा। मैं वित्त मंत्री को इसके लिए बधाई देता हूं।
 


12 लाख तक टैक्स फ्री होने से मीडिल क्लास को मिलेगा लाभ- PM

पीएम मोदी ने कहा कि बजट में 12 लाख तक टैक्स फ्री करने से मीडिल क्लास को बहुत बड़ा लाभ होने वाला है। बता दें कि बजट में ऐलान किया गया है कि सालाना 12 लाख तक की आमदनी पर कोई इनकम टैक्स नहीं देना होगा।  
 


भारत के सपनों को पूरा करने वाला बजट- देश को संबोधित कर बोले पीएम मोदी

बजट 2025 पेश होने के बाद पीएम मोदी देश को संबोधित कर रहे हैं। पीएम मोदी ने कहा कि ये भारत के सपनों को पूरा करने वाला बजट है। 
 


PM मोदी थोड़ी देर में देश को करेंगे संबोधित

बजट 2025 का ऐलान हो चुका है। जानकारी के अनुसार, पीएम मोदी थोड़ी देर में देश को संबोधित करने जा रहे हैं।


चुनाव सोचकर तो बजट तैयार नहीं किया गया- शत्रुघ्न सिन्हा

केंद्रीय बजट 2025 पर टीएमसी सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि बिहार मेरी ताकत है और बिहार के लिए प्रावधान देखकर मुझे अच्छा लगा, लेकिन चुनाव का समय भी है, तो कही वही सोचकर ये चुनावी बजट तो तैयार नहीं किया गया ?... बिहार में इंफ्रास्ट्रक्चर का विकास तो अच्छा है, लेकिन क्या ये काफी है?... बिहार को ध्यान में रखकर बनाया गया ये बजट लॉलीपॉप जैसा लगता है... अब सैलरीड क्लास की बात करें तो छूट 12 लाख की जगह 15 लाख होनी चाहिए थी, लेकिन फिर भी 12 लाख तक हुआ हम इसकी सराहना करते हैं...लेकिन अभी भी बहुत सी चीजों का अध्ययन करने की जरूरत है।


जो मांग की गई बजट वो ऐलान नहीं किया गया- केजरीवाल

बजट पर दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि देश के खजाने का एक बड़ा हिस्सा चंद अमीर अरबपतियों के क़र्ज़े माफ़ करने में चला जाता है। मैंने मांग की थी कि बजट में ये ऐलान किया जाए कि आगे से किसी अरबपति के कर्ज़ माफ़ नहीं किए जाएंगे। 

इस से बचने वाले पैसे से…

1. मिडल क्लास के होम लोन और व्हीकल लोन में छूट दी जाए; किसानों के कर्जे माफ़ किए जाएं।

2. इनकम टैक्स और GST की टैक्स दरें आधी की जायें।

मुझे दुख है कि ये नहीं किया गया।
 


बजट देश हित का कम, राजनीतिक स्वार्थ का ज्यादा- मायावती

बजट 2025 पर प्रतिक्रिया देते हुए मायावती ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा कि देश में महंगाई, गरीबी, बेरोजगारी की जबरदस्त मार के साथ ही सड़क, पानी, शिक्षा, सुख-शान्ति आदि जरूरी बुनियादी सुविधाओं के अभाव के कारण लगभग 140 करोड़ की जनसंख्या वाले भारत में लोगों का जीवन काफी त्रस्त है, जिसका केंद्रीय बजट के माध्यम से भी निवारण होना जरूरी।


बजट में मीडिल क्लास को राहत दी गई- जितेंद्र सिंह

आज निर्मला सीतारमण ने देश का 8वां बजट पेश किया। इस बजट में कई बड़े ऐलान किए गए हैं। अब इसे लेकर केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा, "इस बजट में निश्चित ही मध्यम वर्ग को राहत दी गई है लेकिन इस बजट में पीएम मोदी की दूरदर्शी और निर्णय लेने की क्षमता की झलक है...जो न्यूक्लियर एनर्जी मिशन को लेकर घोषणा की गई है वो सारे विश्व को चौंकाने वाला निर्णय होगा...मुझे लग रहा है कि ये ऐसा बजट है जिसमें दूर क्षेत्रों में दूरगामी निर्णय लिए गए हैं...।


बजट में पंजाब का नाम भी नहीं लिया- हरसिमरत कौर

शिरोमणि अकाली दल सांसद हरसिमरत कौर बादल ने केंद्रीय बजट पर कहा कि जिन राज्यों में चुनाव आने वाले हैं, उनके नाम सबसे ज्यादा लिए गए, बिहार फिर असम का नाम लिया। पंजाब का नाम भी नहीं लिया जहां किसान MSP की गारंटी के लिए धरने पर बैठे हैं... किसानों की लड़ाई को बिल्कुल भी नहीं सुना गया, इसलिए मुझे दुख है।
 


मध्यम वर्ग हमेशा पीएम मोदी के दिल में- अमित शाह

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बजट पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा, 'मध्यम वर्ग हमेशा पीएम मोदी के दिल में है। 12 लाख रुपये की आय तक शून्य आयकर। प्रस्तावित कर छूट मध्यम वर्ग की वित्तीय खुशहाली बढ़ाने में काफी मददगार साबित होगी। 


 


गरीबों , किसानों के लिए बजट में कुछ भी नहीं- भूपेश बघेल

केंद्रीय बजट 2025 पर कांग्रेस नेता भूपेश बघेल ने कहा कि मध्यम वर्ग और निम्न मध्यम वर्ग, गरीबों , किसानों के लिए बजट में कुछ भी नहीं है। इसमें आधारभूत संरचना के लिए कुछ भी नहीं है जिससे लोगों को रोजगार मिले।


बजट में कुछ भी नया नहीं- डिंपल यादव

समाजवादी पार्टी सांसद डिंपल यादव ने केंद्रीय बजट पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि बजट में कुछ भी नया नहीं था। समाजवादी पार्टी मांग करती है कि सरकार महाकुंभ में जान गंवाने वाले सभी श्रद्धालुओं का ब्यौरा दे। हम राज्य सरकार से मांग करते हैं कि वह त्रासदी के पीछे का कारण बताएं और यह भी बताएं कि क्या वे इसके लिए जिम्मेदार अधिकारियों को दंडित करेंगे।


ये आत्मनिर्भर भारत का बजट- शिवराज सिंह चौहान

केंद्रीय बजट को शिवराज सिंह चौहान ने आत्मनिर्भर भारत का बजट बताया। शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि ये आत्मनिर्भर भारत का बजट है...कृषि और किसानों के कल्याण पर सर्वाच्च ध्यान दिया गया है...मध्यम वर्ग को भी बहुत बड़ी सौगात दी गई है लेकिन गरीबों, महिलाओं और युवाओं पर भी विशेष ध्यान दिया गया है...कोई कल्पना नहीं कर सकता था कि 12 लाख तक टैक्स में छूट दी जाएगी इसके लिए पीएम मोदी और वित्त मंत्री को बहुत-बहुत धन्यवाद।


ये ऐसा बजट है जिसमें हर क्षेत्र को शामिल किया गया- चिराग पासवान

केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने केंद्रीय बजट पर कहा कि मैं प्रधानमंत्री और वित्त मंत्री को धन्यवाद देता हूं कि जिस विकसित देश बनाने की सोच को लेकर हम आगे बढ़ रहे हैं, उसे मजबूत करने वाला यह बजट है... यह ऐसा बजट है जिसमें हर क्षेत्र को शामिल किया गया है... मैं वित्त मंत्री को मखाना बोर्ड बनाने के उल्लेख के लिए धन्यवाद देता हूं। बिहार के इंफ्रास्ट्रक्चर विकास का उल्लेख किया गया, मेरा मानना ​​है कि बिहार और पूरे देश की अपेक्षाओं और नए टैक्स स्लैब को देखते हुए हम कह सकते हैं कि यह एक मजबूत बजट है।
 


खुशी है कि बिहार के बारे में सोचा- राजीव प्रताप रूडी

भाजपा सांसद राजीव प्रताप रूडी ने केंद्रीय बजट पर कहा बजट पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि अगर वित्त मंत्री और प्रधानमंत्री ने महसूस किया है कि बिहार को कुछ देना है तो किसी को क्या आपत्ति होनी चाहिए। हमें खुशी है कि एयरपोर्ट, मखाना बोर्ड आदि के जरिए बिहार के बारे में सोचा गया... मुझे लगता है कि बिहार की जनता प्रधानमंत्री के आभारी होगी... चुनाव से कोई लेना-देना नहीं है, अच्छे काम के लिए हमेशा समय होता है।
 


भारत के सपनों को साकार करने का बजट- ज्योतिरादित्य सिंधिया

केंद्रीय बजट पर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि ये बजट एक विकसित भारत का, ये बजट है प्रधानमंत्री के संकल्प का और एक नया ऊर्जावान युवा भारत के सपनों को साकार करने का बजट है। हर क्षेत्र को और हर विषय को पूर्ण रूप से अध्ययन करके एक मानचित्र तय किया गया है। 12 लाख तक कोई टैक्स नहीं। तो ये कम्पोजिट बजट है जो भारत को आगे लेकर जाएगा।


आज के बजट में उसका हर आंकड़ा झूठा- अखिलेश यादव

समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा, "...हमारे लिए आज बजट के आंकड़ों से ज्यादा जान गंवाने(महाकुंभ भगदड़ में) वालों के आंकड़े महत्वपूर्ण हैं। जो सरकार जान गंवाने वालों, लापता लोगों के आंकड़े नहीं दे सकी... जिस सरकार को ये बताने में 17 घंटे से ज्यादा लग गए कि भगदड़ मची, लोगों की जान चली गई... जिनके पास ये सपना नहीं है, विजन नहीं है कि महाकुंभ के लिए कितना इंफ्रास्ट्रक्चर होना चाहिए, जब 40 करोड़ लोगों के लिए व्यवस्था करनी थी, तो आपने क्या व्यवस्था की?... ये सरकार झूठी है, जो सरकार महाकुंभ का आयोजन नहीं कर सकती, आज के बजट में उसका हर आंकड़ा झूठा है..."


Union Budget 2025 Live: स्लैब और दरों में बदलाव किया जा रहा- वित्त मंत्री

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने घोषणा करते हुए कहा कि  12 लाख रुपये तक की आय पर कोई आयकर नहीं देना होगा। सभी करदाताओं को लाभ पहुंचाने के लिए स्लैब और दरों में बदलाव किया जा रहा है। उन्होंने आगे कहा कि मैं कर दर संरचनाओं को इस प्रकार संशोधित करने का प्रस्ताव करती हूं- 0 से 4 लाख रुपये - शून्य, 4 लाख रुपये से 8 लाख रुपये - 5%, 8 लाख रुपये से 12 लाख रुपये - 10%, 12 लाख रुपये से 16 लाख रुपये - 15%, 16 लाख रुपये से 20 लाख रुपये - 20%, 20 लाख रुपये से 24 लाख रुपये - 25% और 24 लाख रुपये से अधिक - 30%। पूंजीगत लाभ जैसी विशेष दर आय के अलावा सामान्य आय वाले 12 लाख रुपये तक के करदाताओं को स्लैब दर में कमी के कारण होने वाले लाभ के अलावा कर छूट इस तरह से प्रदान की जा रही है कि उन्हें कोई कर नहीं देना होगा। 


Union Budget 2025 Live: वित्त मंत्री ने बजट 2025 में किए ये सबसे बड़े ऐलान

  • 12 लाख तक की कमाई पर कोई इनकम टैक्स नहीं लगेगा।
  • वरिष्ठ नागरिकों के लिए TDS की सीमा 50 हजार से बढ़ाकर 1 लाख की गई।
  • नया इनकम टैक्स बिल अगले हफ्ते लाया जाएगा। जिसमें इन डायरेक्ट टैक्स रिफॉर्म को बताया जाएगा।
  • 36 दवाओं पर से कस्टम ड्यूटी हटाने का ऐलान, कैंसर की दवाएं सस्ती होंगी।
  • इनकम टैक्स फाइलिंग की सीमा 2 साल से बढ़ाकर 4 साल की गई।
  • अगले 6 सालों में मसूर, तुअर जैसी दालों की पैदावार बढ़ाने पर फोकस होगा।
  • बिहार में मखाना बोर्ड बनेगा जिससे छोटे किसानों और व्यापारियों को फायदा पहुंचेगा।
  • छोटे उद्योगों को विशेष क्रेडिट कार्ड जारी किए जाएंगे।
  • किसान क्रेडिट कार्ड पर कर्ज की लिमिट 3 लाख से बढ़ाकर 5 लाख की जाएगी।
  • स्टार्टअप लोन 10 करोड़ से बढ़ाकर 20 करोड़ रुपए किया जाएगा।
  • MSME के लिए लोन गारंटी कवर 5 करोड़ से बढ़ाकर 10 करोड़ की जाएगी और डेढ़ लाख करोड़ तक का कर्ज मिलेगा। 
     

Union Budget 2025 Live: बजट 2025 में वरिष्ठ नागरिकों के लिए बड़ा ऐलान

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने वरिष्ठ नागरिकों के लिए भी ऐलान किया है। वरिष्ठ नागरिकों के लिए टैक्स में दोगुनी छूट की जाएगी। सीनियर सीटिजंस के लिए ब्याज पर छूट 50 हजार से बढ़ाकर 1 लाख की जा रही है। उन्होंने कहा कि TDS-TCS में कमी की जाएगी।
 


Union Budget 2025 Live: 12 लाख तक की कमाई पर अब कोई टैक्स नहीं- निर्मला सीतारमण

वित्त मंत्री ने इस बजट में सबसे बड़ा ऐलान कर दिया है। उन्होंने कहा है कि अब 12 लाख तक की सालाना कमाई करने वालों को कोई टैक्स नहीं देना होगा। 


Union Budget 2025 Live: बजट 2025 में निर्मला सीतारमण ने किए ये बड़े ऐलान

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट के दौरान कहा कि इस सफलता से प्रेरित होकर, 120 नए गंतव्यों तक क्षेत्रीय संपर्क बढ़ाने और अगले 10 वर्षों में 4 करोड़ अतिरिक्त यात्रियों को ले जाने के लिए संशोधित उड़ान योजना शुरू की जाएगी। यह योजना पहाड़ी, आकांक्षी और पूर्वोत्तर क्षेत्रीय जिलों में हेलीपैड और छोटे हवाई अड्डों का भी समर्थन करेगी। राज्य की भविष्य की जरूरतों को पूरा करने के लिए बिहार में ग्रीनफील्ड हवाई अड्डों की सुविधा दी जाएगी। ये पटना हवाई अड्डे और बिहटा में ब्राउनफील्ड हवाई अड्डे की क्षमता के विस्तार के अतिरिक्त होंगे। मिथिलांचल में पश्चिमी कोसी नहर ईआरएम परियोजना के लिए वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी, जिससे बिहार के मिथिलांचल क्षेत्र के बड़ी संख्या में किसानों को लाभ होगा..."
 


Union Budget 2025 Live: 82 टैरिफ लाइनों पर छूट का प्रस्ताव- वित्त मंत्री

बजट में मिडिल क्लास पर खास फोकस रखा गया है। वित्त मंत्री ने कहा कि मैं 82 टैरिफ लाइनों पर सामाजिक कल्याण अधिभार से छूट देने का प्रस्ताव करती हूं, जो उपकर के अधीन हैं। केंद्रीय वित्त ने कहा कि जुलाई 2024 के बजट में घोषित सीमा शुल्क दरों की संरचना की व्यापक समीक्षा के एक भाग के रूप में, मैं 7 टैरिफ दरों को हटाने का प्रस्ताव करती हूं - यह 2023-24 के बजट में हटाए गए टैरिफ के अतिरिक्त है।


Union Budget 2025 Live: 36 जीवन रक्षक दवाओं पर कस्टम ड्यूटी हटाई जाएगी

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि 36 जीवन रक्षक दवाओं पर कस्टम ड्यूटी हटाई जाएगी। सभी सरकारी अस्पतालों में कैंसर डे केयर सेंटर बनाए जाएंगे। कैंसर के इलाज की दवाएं सस्ती होंगी। 6 जीवन रक्षक दवाओं पर कस्टम ड्यूटी घटाई जाएगी।  


Union Budget 2025 Live: बीमा क्षेत्र के लिए FDI सीमा 74 से बढ़ाकर 100 प्रतिशत की जाएगी- वित्त मंत्री

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि बीमा क्षेत्र के लिए FDI सीमा 74 से बढ़ाकर 100 प्रतिशत की जाएगी। यह बढ़ी हुई सीमा उन कंपनियों के लिए उपलब्ध होगी जो भारत में पूरा प्रीमियम निवेश करती हैं। विदेशी निवेश से जुड़ी मौजूदा सुरक्षा और शर्तों की समीक्षा की जाएगी और उन्हें सरल बनाया जाएगा।


Union Budget 2025 Live: MEMEs और Startsups के लिए बड़े ऐलान

MEMEs और Startsups के लिए निर्मला ने बड़ा ऐलान किया है। निवेश और टर्नओवर की सीमा बढ़ाई गई है। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा, "सभी एमएसएमई के वर्गीकरण के लिए निवेश और टर्नओवर की सीमा को क्रमशः 2.5 और 2 गुना तक बढ़ाया जाएगा। इससे उन्हें बढ़ने और हमारे युवाओं के लिए रोजगार पैदा करने का विश्वास मिलेगा।"


Union Budget 2025 Live: अगले हफ्ते नया इनकम टैक्स बिल आएगा- वित्त मंत्री

इनकम टैक्स को लेकर निर्मला सीतारमण ने बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा संसद में कहा कि मैं अगले सप्ताह नया आयकर विधेयक पेश करने का प्रस्ताव करती हूं। 


Union Budget 2025 Live: बिहार के लिए कई बड़े ऐलान

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बिहार के लिए कई ऐलान किए। उन्होंने कहा कि बिहार में ग्रीनफील्ड हवाई अड्डों की सुविधा प्रदान की जाएगी। ये पटना हवाई अड्डे की क्षमता के विस्तार के अतिरिक्त होंगे। इसमें मिथिलांचल में पश्चिमी लागत नहर परियोजना भी शामिल है।


Union Budget 2025 Live: विकसित भारत के लिए परमाणु ऊर्जा मिशन पर जोर

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि विकसित भारत के लिए परमाणु ऊर्जा मिशन। 2047 तक कम से कम 100 गीगावाट परमाणु ऊर्जा का विकास हमारे ऊर्जा परिवर्तन के लिए आवश्यक है। इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए निजी क्षेत्रों के साथ सक्रिय भागीदारी के लिए परमाणु ऊर्जा अधिनियम और परमाणु क्षति के लिए नागरिक दायित्व अधिनियम में संशोधन किए जाएंगे।
 


Union Budget 2025 Live: जल जीवन मिशन को 2028 तक बढ़ाए जाने की घोषणा

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट के दौरान कहा कि मुझे जल जीवन मिशन को 2028 तक बढ़ाए जाने की घोषणा करते हुए प्रसन्नता हो रही है, जिसमें कुल परिव्यय में वृद्धि की गई है।


Union Budget 2025 Live: पहली बार उद्यमी बनीं ST/SC महिलाओं के लिए शुरू होगी नई योजना- वित्त मंत्री

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा, "पहली बार उद्यमी बनीं 5 लाख अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति महिला उद्यमी के लिए एक नई योजना शुरू की जाएगी, इसके तहत अगले 5 वर्षों के दौरान 2 करोड़ रुपये तक का ऋण उपलब्ध कराया जाएगा।"
 


Union Budget 2025 Live: ज्ञान भारतम मिशन होगा शुरू- वित्त मंत्री

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि ज्ञान भारतम मिशन में 1 करोड़ पांडुलिपि को शामिल किया जाएगा। 


Union Budget 2025 Live: अगली पीढ़ी के स्टार्टअप के लिए डीप टेक फंड पर विचार- वित्त मंत्री

केंद्रीय वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि अगली पीढ़ी के स्टार्टअप के लिए डीप टेक फंड पर विचार किया जाएगा। 
 


Union Budget 2025 Live: 50 पर्यटन स्थलों को किया जाएगा विकसित- वित्त मंत्री

आज देश के बजट का ऐलान देश की केंद्रीय वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण कर रही हैं। वो मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल का पहला बजट पेश कर रही हैं। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने ऐलान किया कि  50 पर्यटन स्थलों को विकसित किया जाएगा। 
 


Union Budget 2025 Live: बिहार में ग्रीनफीलड्स एयरपोर्ट का होगा निर्माण- वित्त मंत्री

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि बिहार में ग्रीनफीलड्स एयरपोर्ट का निर्माण होगा। 


Union Budget 2025 Live: वित्त मंत्री ने इंडिया पोस्ट को लेकर किया ऐलान

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि इंडिया पोस्ट को एक बड़े सार्वजनिक लॉजिस्टिक्स संगठन में तब्दील किया जाएगा। 
 


Union Budget 2025 Live: बजट भाषण के बीच विपक्षी दलों का वॉकआउट

बजट भाषण के बीच विपक्षी दलों ने महाकुंभ भगदड़ पर चर्चा की मांग की। अपना विरोध जताने के लिए वॉकआउट किया।
 


Union Budget 2025 Live: यूरिया उत्पादन के लिए 3 निष्क्रिय यूरिया संयंत्रों को खोला गया- सीतारमण

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा, "यूरिया उत्पादन में आत्मनिर्भरता के लिए, हमारी सरकार ने पूर्वी क्षेत्र में 3 निष्क्रिय यूरिया संयंत्रों को फिर से खोला है। यूरिया आपूर्ति को बढ़ाने के लिए असम के नामरूप में 12.7 लाख मीट्रिक टन की वार्षिक क्षमता वाला एक संयंत्र स्थापित किया जाएगा।"


Union Budget 2025 Live: MSMEs के वर्गीकरण के निवेश-टर्नओवर की सीमा बढ़ाई जाएगी- वित्त मंत्री

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा, " सभी MSMEs के वर्गीकरण के लिए निवेश और टर्नओवर की सीमा को क्रमशः 2.5 और 2 गुना तक बढ़ाया जाएगा। इससे उन्हें आगे बढ़ने और हमारे युवाओं के लिए रोजगार पैदा करने का आत्मविश्वास मिलेगा।"
 


Union Budget 2025 Live: हमारी सरकार पीएम धन धान्य कृषि योजना शुरू करेगी- वित्त मंत्री

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा, " पीएम धन धान्य कृषि योजना - कृषि जिलों का विकास कार्यक्रम...हमारी सरकार राज्यों के साथ साझेदारी में पीएम धन धान्य कृषि योजना शुरू करेगी। मौजूदा योजनाओं और विशेष उपायों के अभिसरण के माध्यम से, कार्यक्रम कम उत्पादकता, मध्यम फसल तीव्रता और औसत से कम ऋण मापदंडों वाले 100 जिलों को कवर करेगा। इसका उद्देश्य सांस्कृतिक उत्पादकता को बढ़ाना है..."


Union Budget 2025 Live: किसान क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ी

बजट में किसानों के लिए बड़ा तोहफा दिया गया है।  किसान क्रेडिट कार्ड की लिमिट 3 लाख से बढ़ाकर 5 लाख की गई है। 


Union Budget 2025 Live: बिहार में मखाना बोर्ड का गठन किया जाएगा- वित्त मंत्री

केंद्रीय बजट 2025 पेश करते हुए केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा, "बिहार में मखाना बोर्ड का गठन किया जाएगा। मखाना के उत्पादन, प्रसंस्करण, मूल्य संवर्धन और विपणन को बेहतर बनाने के लिए मखाना बोर्ड की स्थापना की जाएगी। इस कार्य में लगे लोगों को FPO के रूप में संगठित किया जाएगा।"


Union Budget 2025 Live: प्रधानमंत्री धनधान्य योजना का ऐलान- निर्मला सीतारमण

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने प्रधानमंत्री धनधान्य योजना का ऐलान किया है।


Union Budget 2025 Live: बजट में गरीब युवाओं, अन्नदाताओं और महिलाओं पर फोकस

बजट में गरीब युवाओं, अन्नादाताओं और महिलाओं पर फोकस किया गया है। वित्त मंत्री ने कहा कि इस बजट में प्रस्तावित विकास उपाय 10 व्यापक क्षेत्रों में हैं, जिनमें गरीबों, युवाओं, किसानों और महिलाओं पर ध्यान केंद्रित किया गया है।


Union Budget 2025 Live: हम इकोनॉमी को गति देंगे- वित्त मंत्री

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण लोकसभा में अपना बजट भाषण दे रही हैं। उन्होंने कहा कि हम इकोनॉमी को गति देंगे। 


Union Budget 2025 Live: हमारा फोकस GYAN पर- वित्त मंत्री

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आम बजट पेश कर रही हैं। अपने बजट भाषण में उन्होंने कहा कि हमारा फोकस  GYAN पर है।  
 


Union Budget 2025 Live: लोकसभा में बजट पेश कर रहीं निर्मला सीतारमण

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण लोकसभा में बजट पेश कर रही हैं। बजट भाषण के बीच विपक्ष हंगामा कर रहा है। 


Union Budget 2025 Live: यह ज्ञान का बजट है- पीएम मोदी कैबिनेट की बैठक में बोले

कैबिनेट की बैठक में बजट 2025-2026 को मंजूरी मिल गई है। सूत्रों के हवाले से खबर है कि पीएम मोदी ने कहा कि यह बजट आम आदमी के लिए है। यह ज्ञान का बजट है
 


Union Budget 2025 Live: बजट 2025-2026 को मंजूरी

कैबिनेट की बैठक में बजट 2025-2026 को मंजूरी मिल गई है। 


Union Budget 2025 Live: बजट आम लोगों को मायुस न करे- अखिलेश यादव

समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा, "आज बजट आ रहा है। बजट आम लोगों को मायुस न करे। बजट से ज़्यादा महत्वपूर्ण यह है कि अभी भी कुंभ में लोग अपनों की तलाश में खोया-पाया केंद्रों, अलग-अलग जगहों पर जा रहे हैं... जिस कुंभ के लिए पता नहीं कितना बजट खर्च हुआ होगा, कितने विज्ञापन चल रहे होंगे। 40 करोड़ लोगों को बुलाने का लक्ष्य था, डिजिटल महाकुंभ की बात थी, CCTV कैमरे लगे होंगे क्या उन्हें इसकी जानकारी नहीं है?... बजट अपनी जगह है लेकिन कुंभ महत्वपूर्ण है... बजट निराश न करे, लेकिन कुंभ में जाने वाली जानें समाजवादी पार्टी की प्राथमिकता हैं।"
 


Union Budget 2025 Live: राष्ट्रपति मुर्मू ने वित्त मंत्री को खिलाई पारंपरिक 'दही-चीनी'

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को बजट पेश करने से पहले पारंपरिक 'दही-चीनी' खिलाई।

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आज संसद में अपना लगातार आठवां #UnionBudget2025  पेश करेंगी।


Union Budget 2025 Live: संसद पहुंचीं निर्मला सीतारमण

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण संसद पहुंचीं। बता दें कि थोड़ी देर में आम बजट पेश होगा। बजट से हर क्षेत्र को किस न किसी तरह से राहत की उम्मीदें होती हैं। ऐसे में इस बार भी वित्त मंत्री के पिटारे पर लोगों की निगाहें बेसब्री से टिकी हुई है।


Union Budget 2025 Live: राष्ट्रपति भवन से रवाना हुईं निर्मला सीतारमण

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात के बाद केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण राष्ट्रपति भवन से रवाना हुईं।


Union Budget 2025 Live: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मिलीं वित्त मंत्री सीतारमण

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की।

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आज लोकसभा में #UnionBudget2025 पेश करेंगी।


Union Budget 2025 Live: राष्ट्रपति मुर्मू से मिलने पहुंचे सीतारमण और वित्त राज्य मंत्री

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी केंद्रीय बजट 2025 पेश करने से पहले राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मिलने राष्ट्रपति भवन पहुंचे।


Union Budget 2025 Live: निर्मला सीतारमण सफेद साड़ी में पेश करेंगी बजट

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण मधुबनी कला और पद्म पुरस्कार विजेता दुलारी देवी के कौशल को श्रद्धांजलि देने के लिए साड़ी पहनी हैं।

दुलारी देवी 2021 की पद्म श्री पुरस्कार विजेता हैं। जब वित्त मंत्री मिथिला कला संस्थान में क्रेडिट आउटरीच गतिविधि के लिए मधुबनी गईं, तो उनकी मुलाकात दुलारी देवी से हुई और बिहार में मधुबनी कला पर उनके साथ विचारों का सौहार्दपूर्ण आदान-प्रदान हुआ। दुलारी देवी ने वित्त मंत्री को साड़ी भेंट की और बजट के दिन इसे पहनने के लिए कहा।


Union Budget 2025 Live: संसद में लाई गई केंद्रीय बजट की प्रतियां

केंद्रीय बजट की प्रतियां संसद में लाई गई। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आज वित्त वर्ष 2025-26 के लिए अपना 8वां केंद्रीय बजट लोकसभा में पेश करेंगी।

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण संसद में पारंपरिक 'बही खाते' के बजाय टैब के माध्यम से #UnionBudget2025 पेश करेंगी और पढ़ेंगी।


Union Budget 2025 Live: थोड़ी देर में टीम के साथ फोटो सेशन

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण वित्त मंत्रालय पहुंच चुकी हैं। थोड़ी देर के बाद टीम के साथ फोटो सेशन होगा। इसके बाद पीएम मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय कैबिनेट की बैठक होगी।


Union Budget 2025 Live: वित्त मंत्रालय पहुंचीं निर्मला सीतारमण

आज संसद में आम बजट पेश होने जा रहा है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण नॉर्थ ब्लॉक पहुंच गई हैं। 


Union Budget 2025 Live: नॉर्थ ब्लॉक पहुंचे वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी

आज संसद में आम बजट पेश होने जा रहा है। वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी नॉर्थ ब्लॉक पहुंच चुके हैं। 
 


महंगाई दर थोड़ा कम होना चाहिए- स्कूल टीचर

केंद्रीय बजट पेश होने से पहले दिल्ली की सरिता विहार में रहने वाली एक स्कूल शिक्षिका संगीता सिंह ने कहा, "महंगाई दर थोड़ा कम होना चाहिए। यात्रा व्यय को कम करना चाहिए। बजट में महिलाओं के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन एक्स्ट्रा सोर्स ऑफ इनकम के लिए कुछ होना चाहिए।


केंद्रीय बजट पर क्या बोले वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी?

केंद्रीय बजट पर केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने कहा, "धैर्य रखिए दोपहर 12 बजे तक आपको सब खबर मिल जाएगी.."


थोड़ी देर में वित्त मंत्रालय के लिए रवाना होंगी सीतारमण

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आज आम बजट पेश करने जा रही हैं। वह थोड़ी देर में वित्त मंत्रालय के लिए रवाना होंगी।


बजट 2025: रिपब्लिक भारत के चैनल पर देख सकेंगे लाइव

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण सुबह 11 बजे लोकसभा में मोदी 3.0 का बजट पेश करेंगी। इसका प्रसारण दूरदर्शन और लोकसभा टीवी के अलावा रिपब्लिक भारत की वेबसाइट के साथ-साथ R Bharat के यूट्यूब चैनल और लाइव टीवी पर भी देख सकेंगे।


इस बार का बजट भी होगा पेपरलेस

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का सुबह 11 बजे भाषण शुरू होगा। पिछले चार बजट और एक अंतरिम बजट की तरह इस बार का बजट भी पेपरलेस होगा। 


11 बजे बजट पेश करेंगी निर्मला सीतारमण

आज देश के बजट का ऐलान देश की केंद्रीय वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण करेंगी। सुबह 11 बजे वो मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल का पहला बजट पेश करेंगी। वित्त मंत्री सुबह साढ़े आठ बजे अपने घर से नॉर्थ ब्लॉक के लिए निकलेंगी।  नॉर्थ ब्लॉक से वित्तमंत्री पूरी बजट टीम के साथ राष्ट्रपति भवन में जाएंगी वहां राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को बजट की कॉपी देंगी। इसके बाद राष्ट्रपति उस बजट कॉपी का करेंगी तब वित्तमंत्री बजट टीम के साथ वापस अपने मंत्रालय लौटेंगी। इसके बाद 9 बजे नॉर्थ ब्लॉक के गेट नंबर 2 पर बजट टीम का फोटो शूट होगा। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय कैबिनेट की बैठक होगी ये लगभग आधा घंटा चलेगी फिर 10 बजकर 40 मिनट पर संसद भवन में बैठक होगी और इसी बैठक में बजट कैबिनेट को मंजूरी दी जाएगी जहां से वित्तमंत्री बजट पेश करने के लिए लोकसभा पहुंचेंगी।


बजट में आयकर दरों और स्लैब में कटौती का अनुमान

इस बार के बजट में महंगाई और स्थिर वेतन वृद्धि से जूझ रहे मध्यम वर्ग को राहत देने के लिए आयकर दरों/स्लैब में कटौती या बदलाव की उम्मीद की जा रही है। वित्त मंत्री राजकोषीय घाटे को कम करने के मसौदे पर टिके रहते हुए वित्त वर्ष 2025-26 के बजट में कमजोर पड़ती आर्थिक वृद्धि को सहारा देने के उपाय भी कर सकती हैं।


भारत की GDP वृद्धि दर 6.3-6.8 प्रतिशत रहने की उम्मीद

वित्त मंत्री द्वारा दोनों सदनों में पेश आर्थिक समीक्षा 2024-25 में अनुमान लगाया गया है कि वित्त वर्ष 2025-26 में भारत की जीडीपी वृद्धि दर 6.3-6.8 प्रतिशत रहेगी, जो विकसित राष्ट्र बनने के लिए आवश्यक वृद्धि दर से काफी कम है। आर्थिक समीक्षा में वृद्धि को बढ़ावा देने के लिए भूमि और श्रम जैसे क्षेत्रों में विनियमन और सुधारों की आवश्यकता बताई गई है।


आज निर्मला सीतारमण पेश करेंगी बजट

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आज अपना आठवां बजट पेश करने जा रही हैं। इससे पहले वह छह पूर्णकालिक और दो अंतरिम बजट पेश कर चुकी हैं। आज सुबह 11 बजे वित्त मंत्री लोकसभा में बजट पेश करेंगी और फिर उनका बजट भाषण होगा। जानकारी के मुताबिक, निर्मला सीतारमण लगभग 10 बजे संसद भवन पहुंच जाएंगी। जानकारों का कहना है कि सरकार का पूरा जोर इन्फ्रास्ट्रक्चर, सामाजिक कल्याण और ग्रामीण भारत की अर्थव्यवस्था को सुधारने पर रहने वाला है।

Published By :
Priyanka Yadav

पब्लिश्ड