US-Russia: पुतिन और ट्रंप के बीच डेढ़ घंटे से ज्यादा देर तक हुई बातचीत, हमेशा लड़ने वाले दुश्मनों के बीच किस बात को लेकर पकी खिचड़ी?

Putin-Trump Phone Call: व्लादिमीर पुतिन ने डोनाल्ड ट्रंप से करीब डेढ़ घंटे से ज्यादा देर तक फोन पर बातचीत की। क्रेमलिन के एक अधिकारी ने बताया कि उन्होंने संयुक्त आर्थिक और ऊर्जा परियोजनाओं की संभावनाओं पर भी आगे चर्चा की।

Vladimir Putin, Donald Trump hold over 90-minute phone call | Image: AP

US-Russia Putin-Trump Phone Call: अंतरराष्ट्रीय राजनीति में एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम के तहत रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच करीब डेढ़ घंटे (90 मिनट) से ज्यादा देर तक फोन पर बातचीत हुई। बुधवार को क्रेमलिन के राजनयिक सलाहकार यूरी उशाकोव ने इस हाई-प्रोफाइल कॉल की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि यह बातचीत न केवल लंबी थी, बल्कि "मैत्रीपूर्ण और पेशेवर" भी रही, जिसमें वैश्विक संघर्षों को सुलझाने के लिए गंभीर चर्चा की गई।

मध्य पूर्व में चल रहे युद्ध पर हुई बात

बातचीत का एक बड़ा हिस्सा मध्य पूर्व (West Asia) की स्थिति पर केंद्रित रहा। उशाकोव के अनुसार, दोनों नेताओं ने फारसी खाड़ी और ईरान के मुद्दे पर विशेष ध्यान दिया। व्लादिमीर पुतिन ने ईरान के साथ संघर्ष-विराम (Ceasefire) को आगे बढ़ाने के ट्रंप के फैसले की सराहना की और इसे सही कदम बताया। पुतिन का मानना है कि इस कदम से कूटनीतिक बातचीत को एक मौका मिलेगा और क्षेत्र में स्थिरता आएगी। इसके अतिरिक्त, दोनों नेताओं ने ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर भी चर्चा की, जहां पुतिन ने कुछ नए प्रस्ताव पेश किए।

'विजय दिवस' पर यूक्रेन के साथ सीजफायर का प्रस्ताव 

यूक्रेन युद्ध को लेकर पुतिन ने एक बड़ा सुझाव देते हुए मई में होने वाले 'विजय दिवस' (Victory Day) समारोह के दौरान संघर्ष-विराम लागू करने का प्रस्ताव रखा। सूत्रों के अनुसार, डोनाल्ड ट्रंप ने इस सुझाव पर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है। ट्रंप का मानना है कि यूक्रेन संघर्ष को सुलझाने के लिए एक समझौता अब संभव दिख रहा है और वह इसके काफी करीब हैं। हालांकि, बातचीत के दौरान पुतिन ने यूक्रेन पर "आतंकवादी तरीकों" के इस्तेमाल का आरोप भी लगाया।

पुतिन ने की डोनाल्ड ट्रंप पर हुए हत्या के प्रयास की निंदा 

युद्ध और संघर्षों के अलावा, दोनों शीर्ष नेताओं ने भविष्य की संभावनाओं पर भी विचार-विमर्श किया। क्रेमलिन के अनुसार, रूस और अमेरिका के बीच संयुक्त आर्थिक और ऊर्जा परियोजनाओं को लेकर चर्चा हुई, जो दोनों देशों के बीच भविष्य के रिश्तों में सुधार का संकेत दे सकती है। व्यक्तिगत स्तर पर, व्लादिमीर पुतिन ने बातचीत के दौरान डोनाल्ड ट्रंप पर हुए हत्या के प्रयास (Assassination Attempt) की कड़ी निंदा की और अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।

क्या कम होंगे दोनों देशों के बीच तनाव?

पुतिन और ट्रंप के बीच की यह बातचीत ऐसे समय में हुई है जब दुनिया के दो सबसे बड़े संघर्ष क्षेत्र यूक्रेन और मध्य पूर्व अस्थिरता के दौर से गुजर रहे हैं। दोनों नेताओं के बीच इस मैत्रीपूर्ण संवाद ने भविष्य में वाशिंगटन और मॉस्को के बीच तनाव कम होने की उम्मीदें जगा दी हैं।  

ये भी पढ़ें:  US-Iran War: 8 सप्ताह में अमेरिका ने फूंक डाले 25 अरब डॉलर, युद्ध के बाद मुश्किल में ट्रंप सरकार, पेंटागन के अधिकारी का बड़ा दावा

Published By : Shashank Kumar

पब्लिश्ड 30 April 2026 at 00:00 IST