US Iran war: अमेरिका ने फिर ईरान को बनाया निशान, केशम द्वीप पर मिसाइल अटैक, तेहरान ने भी किया करारा पलटवार; होर्मुज में बढ़ा तनाव
ईरान ने बहरीन में अमेरिकी रडार स्टेशन पर ड्रोन से हमला किया। फारस की खाड़ी में स्थित इस द्वीप देश में अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर हाल के दिनों में ईरान का यह तीसरा हमला था। इसके जवाब में अमेरिका ने ईरान के मिसाइल लॉन्च साइट को निशाना बनाया।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 3 min read
अमेरिका और ईरान के बीच करीब दो महीने से जारी सीजफायर एक बार फिर खत्म हो गया। दोनों देशों ने एक दूसरे पर हमले किए हैं। अमेरिकी सेना ने मंगलवार को ईरान के होर्मुज जलडमरूमध्य में स्थित केशम द्वीप पर इस्लामिक रिवॉल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) की एक मिसाइल लॉन्च साइट पर सटीक हमला किया। अमेरिकी सैन्य अधिकारियों के अनुसार, यह हमला आत्म-रक्षा में किया गया।
मंगलवार को ईरान ने बहरीन में अमेरिकी रडार स्टेशन पर ड्रोन से हमला किया। फारस की खाड़ी में स्थित इस द्वीप देश में अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर हाल के दिनों में ईरान का यह तीसरा हमला था। इसके जवाब में अमेरिका ने एक अहम समुद्री मार्ग के पास ईरानी ठिकानों पर हमला किया।
अमेरिका ने केशम द्वीप पर हमले की पुष्टी की
रॉयटर्स के हवाले से अमेरिकी अधिकारी ने बताया कि यह कार्रवाई आईआरजीसी की हालिया आक्रामकता के जवाब में की गई, जिसमें अमेरिकी कर्मियों और संपत्तियों को निशाना बनाया जा रहा था। अमेरिकी सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) ने कहा कि वह क्षेत्र में अमेरिकी हितों की सुरक्षा के लिए पूरी तरह तैयार है।
ईरान ने भी की जवाबी कार्रवाई
ईरान ने भी जवाबी कार्रवाई की। ईरान ने बहरीन स्थित अमेरिका से जुड़े शेख ईसा एयर बेस पर ड्रोन हमला किया। सेंटकॉम के अनुसार, आईआरजीसी की ओर से इस एयरबेस के रडार सिस्टम की तरफ भेजे गए कई ड्रोन को बिना किसी नुकसान के इंटरसेप्ट कर लिया गया।
होर्मुज में फिर बढ़ा तनाव
इन हमलों और जवाबी हमलों ने करीब दो महीने से चल रहे सीजफायर को तोड़ दिया है। ईरान द्वारा बहरीन को निशाना बनाए जाने की इस क्षेत्र में कड़ी निंदा हुई है। जानकारों का कहना है कि शांति वार्ता के रुकने और तेहरान पर बढ़ते आर्थिक दबाव के कारण तनाव के और ज्यादा बढ़ने का खतरा पैदा हो गया है। साथ ही होर्मुज जलडमरूमध्य और उसके आसपास सैन्य तनाव भी बढ़ गया है।
Published By : Rupam Kumari
पब्लिश्ड 18 November 2026 at 07:23 IST