अपडेटेड 24 March 2026 at 10:43 IST
US-Iran War: अमेरिका और ईरान के बीच पाकिस्तान में होगी मध्यस्थता की बैठक? व्हाइट हाउस का आया बड़ा बयान
US-Israel-Iran War: ट्रंप ने ईरान पर हमले रोक दिए हैं। उन्होंने ईरान संग बातचीत जारी होने का भी दावा किया। इस बीच कहा जा रहा था कि जल्द अमेरिका और ईरान के बीच पाकिस्तान में एक बैठक हो सकती है। इन खबरों पर अब व्हाइट हाउस का बयान आया है।
US-Israel-Iran war: अमेरिका-इजरायल और ईरान ने जारी जंग ने नया मोड़ ले लिया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप जो ईरान को लगातार धमका दे रहे थे और उन्होंने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज खोलने के लिए 48 घंटों का अल्टीमेटम भी दिया था। एक दिन पहले उन्होंने 5 दिन के लिए ईरान पर अपने सैन्य हमले रोकने का ऐलान किया। साथ ही साथ ईरान संग बातचीत जारी होने का भी दावा किया है। इस बीच खबर ये आने लगी कि अमेरिका और ईरान के बीच मध्यस्थता की बैठक पाकिस्तान में हो सकती है। इस पर अब व्हाइट हाउस का भी बयान आया है।
अमेरिका ने साफ किया कि पाकिस्तान में बैठक को लेकर अभी अंतिम फैसला नहीं हुआ है।
व्हाइट हाउस की प्रेस सेक्रेटरी ने क्या कहा?
समाचार एजेंसी ANI ने व्हाइट हाउस की प्रेस सेक्रेटरी कैरोलिन लेविट से संपर्क कर सवाल किया कि क्या अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस, शांति मिशन के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ जारेड कुशनर इस हफ्ते इस्लामाबाद में ईरानी अधिकारियों से मुलाकात करेंगे? इस सवाल पर उन्होंने साफ जवाब देने से इनकार किया।
कैरोलिन लेविट ने कहा कि ये संवेदनशील कूटनीतिक बातचीत हैं और अमेरिका मीडिया के जरिए बातचीत नहीं करेगा। यह एक बदलती हुई स्थिति है। बैठकों के बारे में अटकलों को तब तक अंतिम नहीं माना जाना चाहिए, जब तक कि व्हाइट हाउस द्वारा उनकी औपचारिक घोषणा न कर दी जाए।
तीन मुस्लिम देश कर सकते हैं मध्यस्थता
रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि ईरान और अमेरिका के बीच युद्ध खत्म कराने को लेकर तीन मुस्लिम देश मध्यस्थता कर रहे हैं। दोनों देशों के वरिष्ठ नेताओं के बीच सीधी बातचीत इस हफ्ते इस्लामाबाद में हो सकती है। पाकिस्तान, तुर्की और मिस्त्र अमेरिका और ईरान को बातचीत की टेबल पर लाने की कोशिश कर रहे हैं।
असीम मुनीर की ट्रंप से बातचीत
इस बीच पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान से फोन पर बात की है। उन्होंने क्षेत्र में शांति बहाल करने के प्रयासों में सहयोग की पेशकश की है। वहीं, रिपोर्ट्स के मुताबिक पाकिस्तानी सेना प्रमुख फील्ड मार्शल असीम मुनीर ने भी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प से बातचीत की है।
भले ही अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ बातचीत जारी होने की बात कही हो, लेकिन ईरान उनके दावों को नकार चुका है। ईरानी संसद के स्पीकर अमेरिका के साथ वार्ता होने से साफ इनकार कर चुके हैं। उन्होंने ट्रंप के दावे को नकार दिया और कहा कि अमेरिका के साथ कोई बातचीत नहीं हुई है। फेक न्यूज का इस्तेमाल वित्तीय और तेल बाजारों में हेरफेर करने और उस दलदल से निकलने के लिए किया जा रहा है जिसमें अमेरिका और इजरायल फंसे हुए हैं।
Published By : Ruchi Mehra
पब्लिश्ड 24 March 2026 at 10:43 IST