अपडेटेड 3 February 2026 at 07:12 IST

India-US: क्या रूसी तेल खरीदने को लेकर भारत पर लगा 25% एक्स्ट्रा टैरिफ भी हटा? व्हाइट हाउस ने किया साफ

Trump Tariff on India: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पीएम मोदी संग फोन पर बातचीत के बाद भारत पर लगा टैरिफ घटाकर 18% करने का ऐलान किया। क्या रूसी तेल खरीदने के चलते भारत पर लगा 25% एक्स्ट्रा टैरिफ भी हटेगा? व्हाइट हाउस की ओर से इस पर बड़ा बयान आया है।

PM Modi- Donald Trump | Image: X/Reuters

India-US News: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत के साथ ऐतिहासिक व्यापार समझौते का ऐलान कर दिया। साथ ही भारत पर लगा टैरिफ भी घटाकर 18% कर दिया गया है। ऐसे में अब एक बड़ा सवाल ये उठ रहा है कि क्या ट्रंप ने रूसी तेल खरीदने के लिए भारत पर लगाए गए अतिरिक्त 25% टैरिफ को भी हटा दिया है? व्हाइट हाउस ने इस पर अपना रूख स्पष्ट किया है।

क्या हटेगा भारत पर लगा 25% एक्स्ट्रा टैरिफ? 

व्हाइट हाउस के एक अधिकारी ने ANI को पुष्टि की है कि वाशिंगटन नई दिल्ली की ओर से रूसी तेल की खरीद की वजह से भारतीय आयात पर लगाए गए अतिरिक्त 25 प्रतिशत टैरिफ को भी हटा देगा। साथ ही अधिकारी ने यह भी कहा कि भारत को रूस से तेल की खरीद को "कम करने के बजाय पूरी तरह से बंद करना होगा।"

ANI ने जब यह पूछा कि क्या रूसी तेल खरीद को कम करने के बदले भारतीय आयात पर टैरिफ हटा दिए जाएंगे। अधिकारी ने कहा, "हां, हालांकि समझौता यह है कि भारत रूसी तेल खरीद को केवल कम नहीं करेगा, बल्कि पूरी तरह बंद कर देगा।"

ट्रंप ने किया टैरिफ घटाने का ऐलान

दरअसल, सोमवार (2 फरवरी) को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच फोन पर बातचीत हुई। इसके बाद ट्रंप ने भारत पर लगाए गए टैरिफ को कम करने का ऐलान किया।

ट्रंप ने पीएम मोदी संग फोन पर हुई बातचीत को बहुत सम्मान की बात बताया। उन्होंने मोदी को अपना बहुत अच्छा दोस्त और भारत का एक शक्तिशाली और सम्मानित नेता कहा। डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि पहले भारत के सामान पर 25% का अतिरिक्त टैरिफ लगाया गया था, लेकिन अब इसे घटाकर 18% कर दिया जाएगा। यह छूट तुरंत प्रभाव से लागू हो गई है।

भारत अब रूस से तेल नहीं खरीदेगा- ट्रंप का दावा

ट्रंप ने भी इस दौरान दावा किया कि पीएम मोदी ने सहमति जताई कि भारत अब रूस से तेल नहीं खरीदेगा। इसके बजाय, भारत अमेरिका से ज्यादा तेल खरीदेगा और संभवतः वेनेजुएला से भी। ट्रंप का मानना है कि इससे यूक्रेन में चल रहे युद्ध को रोकने में मदद मिलेगी, क्योंकि रूस को कम पैसे मिलेंगे और वहां हर हफ्ते हजारों लोग मर रहे हैं।

यह भी पढ़ें: भारत-अमेरिका के बीच बड़ी ट्रेड डील का ऐलान, टैरिफ में कटौती के बाद PM मोदी का आया पहला रिएक्शन; ट्रंप को 'दोस्त' बताकर कही ये बड़ी बात

 

Published By : Ruchi Mehra

पब्लिश्ड 3 February 2026 at 07:11 IST