अमेरिका के विस्कॉन्सिन में प्लेन क्रैश, 1 बच्चा समेत 6 लोगों की मौत, पायलट का आखिरी मैसेज; पंखों पर बर्फ जम रही, ऊंचाई...
विस्कॉन्सिन डेल्स के पास घने जंगलों वाले इलाके में उड़ान भर रहा एक छोटा विमान अचानक नियंत्रण से बाहर हो गया और जमीन पर जाकर क्रैश हो गया। हादसे में विमान सवार सभी लोगों की मौत हो गई।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 2 min read
अमेरिका के विस्कॉन्सिन डेल्स के पास एक भीषण विमान हादसा हुआ है। इस हादसे में 1 बच्चा समेत 6 लोगों की मौत हो गई। हादसे के समय इलाके में तेज आंधी-तूफान के साथ बारिश हो रही थी। विमान घने जंगलों वाले इलाक में क्रैश हो गया। हादसे से ठीक पहले पायलट आखिरी मैसेज सामने आया है, जिसमें उसने प्लेन के पंखों पर बर्फ जमा होने की बात कही थी।
विस्कॉन्सिन डेल्स के पास घने जंगलों वाले इलाके में उड़ान भर रहा एक छोटा विमान अचानक नियंत्रण से बाहर हो गया और जमीन पर जाकर क्रैश हो गया। इस दुर्घटना में विमान में सवार सभी छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जिनमें एक मासूम बच्चा भी शामिल है। क्रैश से ठीक पहले पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल टॉवर से बात की थी और विमान की ऊंचाई घटाने की परमिशम मांगी थी।
पाइपर PA-46 विमान विस्कॉन्सिन के पास क्रैश
अधिकारियों ने बताया कि छह सीटों वाला, सिंगल-इंजन वाला पाइपर PA-46 विमान केनोशा से मेनोमोनी जा रहा था, तभी स्थानीय समयानुसार रात 10 बजे से कुछ देर पहले डेलोना शहर में मिरर लेक स्टेट पार्क के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इलाके में बारिश हो रही थी और आंधी-तूफान चल रहा था। नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (NTSB) ने बताया कि विमान 24,000 फीट (7,315 मीटर) की ऊंचाई पर उड़ रहा था, तभी पायलट ने बर्फ जमने (icing) की सूचना दी और नीचे आने की अनुमति मांगी।
पायलट का आखिरी मैसेज आया सामने
पायलट ने विमान को नीचे लाने की अनुमति मांगी, जिसे कंट्रोल ने मंजूर कर दिया। इसके बाद विमान दाईं ओर नीचे उतरने वाले मोड़ में चला गया। यह मोड़ लगातार तेज होता गया और फिर विमान से संपर्क और डेटा ट्रैकिंग बंद हो गई। इसके बाद विमान के क्रैश होने की खबर मिली। अधिकारियों ने कहा कि दुर्घटना से आस-पास की किसी इमारत को नुकसान नहीं पहुंचा और न ही जमीन पर मौजूद किसी व्यक्ति को चोट आई।
भारी बर्फबारी से उड़ान में परेशानी
हादसा विस्कॉन्सिन डेल्स से करीब 10 मील (16 किलोमीटर) पश्चिम में हुआ। यह शहर वॉटरपार्क्स की वजह से ‘दुनिया की वॉटरपार्क राजधानी’ कहलाता है। राज्य के पर्यटन अधिकारियों के मुताबिक 2025 में यहां 50 लाख से ज्यादा पर्यटक आए थे। विशेषज्ञों के अनुसार विंग्स पर बर्फ जमना विमानन के लिए बड़ा खतरा होता है। बर्फ की पतली परत भी विमान को हवा में बनाए रखने में मुश्किल पैदा कर सकती है।
Published By : Rupam Kumari
पब्लिश्ड 15 October 2026 at 07:21 IST