'जब तक हम उस देश को उनके नेताओं समेत उड़ा न दें..' सीजफायर के ऐलान के बाद ट्रंप की ईरान की चेतावनी, होमुर्ज पर भी किया बड़ा दावा
डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ युद्धविराम को आगे बढ़ाने की घोषणा के बाद होर्मुज को लेकर बड़ा दावा किया है। उन्होंने ये भी कहा कि ईरान अब बस अपनी 'इज्जत बचाना' चाहता है।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 3 min read
अमेरिका राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ युद्धविराम को आगे बढ़ाने की घोषणा कर दी है। मौजूदा सीजफायर के खत्म होने से महज कुछ घंटे पहले ट्रंप ने यह घोषणा की। इस कदम से दोनों देशों के बीच तनाव कम हुआ है और पूर्ण युद्ध की आशंका फिलहाल टल गई है। मगर ट्रंप ने इस ऐलान के साथ ही होर्मुज जलडमरूमध्य पर अमेरिका की नाकेबंदी को लेकर ईरान को बड़ी चेतावनी भी दे डाली है। ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट करते हुए कहा कि ईरान बस अब अपनी इज्जत बचाने में लगा है।
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने 'ट्रुथ सोशल' पर पोस्ट किया, "ईरान नहीं चाहता कि होर्मुज जलडमरूमध्य बंद हो; वे चाहते हैं कि यह खुला रहे ताकि वे रोजाना $500 मिलियन कमा सकें (और इसलिए, अगर यह बंद होता है, तो उन्हें इतना ही नुकसान होता है!)। वे सिर्फ इसलिए कहते हैं कि वे इसे बंद करना चाहते हैं, क्योंकि मैंने इसे पूरी तरह से ब्लॉक कर रखा है (बंद कर रखा है!), इसलिए वे बस अपनी 'इज्ज़त बचाना' चाहते हैं।
होर्मुज को लेकर ट्रंप की ईरान को चेतावनी
ट्रंप ने ईरान को चेतावनी देते हुए आगे कहा, “चार दिन पहले कुछ लोग मेरे पास आए और कहा, 'सर, ईरान तुरंत इस जलडमरूमध्य को खुलवाना चाहता है।' लेकिन अगर हम ऐसा करते हैं, तो ईरान के साथ कभी कोई डील नहीं हो पाएगी, जब तक कि हम उनके बाकी देश को, उनके नेताओं समेत, उड़ा न दें!”
सीजफायर को आगे बढ़ाने पर ट्रंप ने क्या कहा?
इससे पहले ट्रंप ने युद्धविराम को आगे बढ़ाने का ऐलान करते हुए कहा, 'हमने समझा है कि ईरान की सरकार गंभीर रूप से विभाजित है। पाकिस्तान के फील्ड मार्शल असीम मुनीर और प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने मुझसे सीजफायर बढ़ाने का आग्रह किया। हम ईरान पर तब तक कोई हमला नहीं करेंगे, जब तक उनके नेता और प्रतिनिधि एकमत होकर कोई ठोस प्रस्ताव लेकर नहीं आ जाते।'
ट्रंप प्रशासन का यह फैसला ऐसे समय में आया है जब दोनों देशों के बीच सैन्य तनाव चरम पर था। ईरान की आंतरिक राजनीतिक अस्थिरता को देखते हुए अमेरिका ने पाकिस्तान की सलाह पर युद्धविराम को बढ़ाने का फैसला लिया।अभी यह स्पष्ट नहीं है कि ईरान की ओर से कोई प्रस्ताव कब तक आ सकता है, लेकिन ट्रंप के इस ऐलान से अंतरराष्ट्रीय समुदाय ने राहत की सांस ली है। आगे की घटनाक्रम पर पूरी दुनिया की नजर बनी हुई है।
Published By : Rupam Kumari
पब्लिश्ड 22 April 2026 at 07:34 IST