US Iran Ceasefire: 'ट्रंप ने होर्मुज खुलवा दिया, ये अमेरिका की बड़ी जीत है', ईरान के साथ सीजफायर पर व्हाइट हाउस का बयान, कहा- लक्ष्य हासिल हुआ
व्हाइट हाउस की प्रेस सेक्रेटरी कैरोलिन लेविट ने ईरान के साथ सीजफायर को लेकर कहा कि यह अमेरिकी की सबसे बड़ी जीत हैं। ट्रंप ने अपनी कूटनीति से स्ट्रेट ऑफ होर्मुज' को भी फिर से खुलवा दिया।
ईरान के साथ अमेरिकी और इजरायल की जारी जंग दो हफ्तों के लिए रूक गया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ चल रहे तनाव को खत्म करते हुए युद्धविराम (Ceasefire) का ऐलान कर दिया है। ट्रंप की ईरान को दी गई डेडलाइन से महज 2 घंटे पहले इसकी घोषणा की गई। ट्रंप ने सोशल मीडिया पर इसकी घोषणा करते हुए बताया कि ईरान के साथ सभी विवादित मुद्दों पर सहमति बन गई है। अब सीजफायर पर व्हाइट हाउस की प्रेस सेक्रेटरी कैरोलिन लेविट की प्रतिक्रिया आई है, उन्होंने इसे अमेरिका की बड़ी जीत बताया है।
व्हाइट हाउस की प्रेस सेक्रेटरी कैरोलिन लेविट ने ट्वीट किया, "यह संयुक्त राज्य अमेरिका की जीत है, जिसे राष्ट्रपति ट्रंप और हमारी शानदार सेना ने मुमकिन बनाया। 'ऑपरेशन एपिक फ्यूरी' की शुरुआत से ही, राष्ट्रपति ट्रंप का अनुमान था कि यह 4-6 हफ्ते चलने वाला ऑपरेशन होगा। हमारे जांबाज सैनिकों की अविश्वसनीय क्षमताओं की बदौलत, हमने 38 दिनों के भीतर ही अपने मुख्य सैन्य लक्ष्यों को हासिल कर लिया और उनसे भी आगे निकल गए।
अमेरिका की बहुत बड़ी जीत हुई है-व्हाइट हाउस
कैरोलिन ने अमेरिकी सेना की तारीफ करते हुए कहा, हमारी सेना की इस सफलता ने हमें बातचीत में ज्यादा से ज्यादा बढ़त दिलाई, जिससे राष्ट्रपति ट्रंप और उनकी टीम ईरान के साथ कड़े मोलभाव करने में सक्षम हो पाए और अब इसी वजह से एक कूटनीतिक समाधान और लंबे समय तक चलने वाली शांति की राह खुल गई है। इसके अलावा, राष्ट्रपति ट्रंप ने 'स्ट्रेट ऑफ होर्मुज' को भी फिर से खुलवा दिया।"
ट्रंप ने सीजफायर पर क्या कहा?
इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रूथ पोस्ट में सीजफायर का ऐलान करते हुआ लिखा,'पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और फील्ड मार्शल असीम मुनीर के साथ बातचीत के आधार पर, जिसमें उन्होंने अनुरोध किया कि मैं आज रात ईरान को भेजी जा रही विनाशकारी ताकत को रोक दूं और अगर इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान होर्मुज स्ट्रेट को पूरी तरह, तुरंत और सुरक्षित रूप से खोलने पर सहमत हो जाता है, तो मैं दो हफ्ते के लिए ईरान पर बमबारी और हमले रोकने के लिए सहमत हूं। यह दो तरफा सीजफायर होगा।"
ईरान को ट्रंप ने दिया था अल्टीमेटम
ट्रंप ने सीजफायर का ऐलान करते हुए यह भी साफ कर दिया कि इस जंग में अमेरिका पहले ही अपने सभी सैन्य उद्देश्यों को प्राप्त कर चुका है और उनसे आगे भी बढ़ चुका है। ट्रंप ने कहा है कि उन्हें ईरान की तरफ से 10 सूत्रीय प्रस्ताव मिला है जो बातचीत के लिए एक व्यवहारिक आधार है। इसके पहले ट्रंप ने ईरान को आखिरी अल्टीमेटम देते हुए कहा था, 'डेडलाइन तक ईरान बातचीत के टेबल पर आ जाए। वरना ऐसा हमला होगा कि उनके पास कोई पुल नहीं होंगे। उनके पास कोई पावर प्लांट नहीं होंगे। वे पाषाण युग में चले जाएंगे। पूरे देश पर एक रात में कब्जा किया जा सकता है।'
Published By : Rupam Kumari
पब्लिश्ड 8 April 2026 at 08:35 IST